सितंबर 2022 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती | Person in News September 2022 in Hindi

सितंबर 2022 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती 

सितंबर 2022 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती | Person in News September 2022 in Hindi

सितंबर 2022 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती 


लिज़ ट्रस   ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री

  • कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिज़ ट्रस 6 सितंबर को ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वह बोरिस जॉनसन का स्‍थान लेंगी। 6 सितंबर को ही बोरिस जॉनसन महारानी एलि‍जाबेथ द्व‍ितीय को त्‍यागपत्र सौंपेंगे। लिज़ ट्रस को पार्टी के सदस्‍यों ने 5 सितंबर को ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुना। पूर्व विदेश मंत्री लिज़ ट्रस ने अपने प्रतिद्वंद्वी ऋषि सुनक को 57 प्रतिशत मतों से हराया। लिज़ ट्रसटेरेजा मे और मार्गरेट थैचर के बाद ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी। टेरेजा मे और मार्गरेट थैचर भी कंजरवेटिव पार्टी की ही नेता थीं। पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि वे लिज़ ट्रस को पूर्ण समर्थन देंगे। लिज़ ट्रस के सामने अब देश की अर्थव्‍यवस्‍था को पटरी पर लानेबढ़ती मँहगाई पर अंकुश लगाने और ऊर्जा संकट से निपटने जैसी चुनौतियाँ होंगी। ऊर्जा संकट से फिलहाल पूरा यूरोपीय महाद्वीप जूझ रहा है। ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद लिज़ ट्रस ने अर्थव्‍यवस्‍था की मज़बूती के लिये करों में कटौती और ब्रिटेन को मंदी से रोकने के लिये परिवर्तनकारी कदम उठाने का वादा किया।

 

अभिजीत सेन

  • भारत के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और योजना आयोग के पूर्व सदस्य अभिजीत सेन का 29 अगस्त, 2022 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अभिजीत सेन का जन्म नई दिल्ली में रहने वाले एक बंगाली परिवार में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से भौतिकी में स्नातक किया और वर्ष 1981 में उन्होंने कैंब्रिज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की, यहाँ वे ट्रिनिटी हॉल के सदस्य भी रहे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के लिये उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण काम किये। वर्ष 1997 में भारत सरकार द्वारा उन्हें ‘कृषि लागत और मूल्य आयोग’ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने कृषि वस्तुओं के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की सिफारिश की थी। वर्ष 2014 में उन्हें सरकार ने ‘दीर्घकालिक अनाज नीति पर विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति’ का अध्यक्ष बनाया। सेन कई वैश्विक अनुसंधान और बहुपक्षीय संगठनों जैसे संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP), एशियाई विकास बैंक, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO), कृषि विकास के लिये अंतर्राष्ट्रीय कोष और ओईसीडी विकास केंद्र से भी जुड़े रहे हैं। वर्ष 2010 में उन्हें सार्वजनिक सेवा के लिये पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।


महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का निधन

  •  ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे 70 वर्षों से भी अधिक समय तक ब्रिटेन की महारानी रहीं। अब उनके पुत्र चार्ल्‍स तृतीय को ब्रिटेन का राजा बनाया जाएगा। एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटेन में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिये गए हैं और राष्‍ट्रीय ध्‍वज आधा झुका दिया गया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 25 वर्ष की थीं, जब ब्रिटेन की गद्दी पर उनकी ताजपोशी हुई थी। तब से लेकर अब तक करीब 7 दशक से वे इस गद्दी पर काबिज थीं। वह ब्रिटेन की सत्ता संभालने वाली सबसे उम्रदराज महिला थीं। इसके अलावा विश्व के भी सबसे बुजुर्ग शासकों में महारानी एलिज़ाबेथ का नाम आता था। वह वर्ष 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं, जिनके शासनकाल के 70 साल पूरे होने के खास मौके पर देश भर में चार दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया था। ब्रिटेन की महारानी के पास पासपोर्ट नहीं था, क्योंकि देश के नागरिकों को वही पासपोर्ट जारी करती थीं। ग्लोबल गुडविल टूर में चंद्रमा पर जाने वाले पहले शख्स नील आर्मस्ट्रांग, बज एल्ड्रिन और माइकल कोलिंस ने 14 अक्तूबर, 1969 को बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ II से मुलाकात की थी।

 

विनेश फोगाट-विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो मैडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला

  • विनेश फोगाट विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो मैडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। विनेश ने 14 सितंबर, 2022 को सर्बिया के बेलग्राद में 53 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रमंडल खेल 2022 की स्वर्ण पदक विजेता विनेश ने मौजूदा यूरोपियन चैंपियन स्वीडन की ईम्मा मामग्रेन को पराजित किया। तीन बार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेता रही विनेश ने क्वालीफायर दौर में अपनी पराजय के बाद शानदार वापसी की। 12 सितंबर को पहले मैच में मंगोलिया की खुलान बतखुयाग से पराजित होने के बाद विनेश को रेपचेज दौर के माध्यम से कांस्य पदक मुकाबले में भाग लेने का मौका मिला। चैंपियनशिप में यह उनका दूसरा कांस्यपदक है। इससे पहले वर्ष 2019 में कज़ाखस्तान के नूर सुल्तान में उन्होंने पदक जीता था। दो बार की ओलंपियन विनेश फोगाट के पास राष्ट्रमंडल खेलों के दो स्वर्ण पदक, एशियाई खेलों का एक स्वर्ण पदक है। विनेश अपनी चचेरी बहन गीता फोगाट और बबीता कुमारी के नक्शेकदम पर चल रही हैं। वह भारत के प्रसिद्ध कुश्ती परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके चाचा महावीर सिंह फोगाट ने बहुत ही कम उम्र में उनका इस खेल से परिचय करवा दिया था। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप संयुक्त विश्व कुश्ती संघ द्वारा आयोजित शौकिया (Amateur) कुश्ती विश्व चैंपियनशिप हैं। पुरुषों का ग्रीको-रोमन कुश्ती टूर्नामेंट वर्ष 1904 में और पुरुषों का फ्रीस्टाइल कुश्ती टूर्नामेंट वर्ष 1951 में शुरू हुआ। महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती टूर्नामेंट पहली बार वर्ष 1987 में आयोजित किया गया था।


देवेन्द्र झाझरिया-भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी

  • भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझरिया ने मोरक्को में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। पैरा ओलंपिक्स के स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र ने 60.97 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर रजत पदक जीता। वे तीन बार के पैरा ओलंपिक पदक विजेता हैं। देवेन्द्र झाझड़िय भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ी हैं। ये पैरालंपिक में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पैरालिंपियन है। वर्ष 2004 में एथेंस में आयोजित पैरालंपिक में उन्होंने पहला स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2016 में रियो डी जनेरियो में आयोजित ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक खेल में उन्होंने अपने पहले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक ही आयोजन में दूसरा स्वर्ण पदक जीता। भारत ने दोनों खेलों में अभूतपूर्व नतीजे हासिल करते हुए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने ओलंपिक में सात पदक जीते, जबकि पैरालंपिक में पाँच स्वर्ण सहित 19 पदक हासिल किये। भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा स्वर्ण पदक के साथ ओलंपिक के सबसे बड़े स्टार रहे। उन्होंने खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत को पहला पदक और 13 वर्ष में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार भी दिया जाता है, खेल रत्न पुरस्कार विजेता को 25 लाख रुपए की राशि, जबकि अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपए की राशि दी जाती है। कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

 

दो बार बुकर पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली महिला- लेखिका हिलेरी मेंटल

  • दो बार बुकर पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली महिला और लोकप्रिय उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ की लेखिका हिलेरी मेंटल का 70 वर्ष की आयु में 22 सितंबर, 2022 को लंदन में निधन हो गया। इनका जन्म डर्बीशर, इंग्लैंड के ग्लोस्सोप में 6 जुलाई, 1952 को हुआ था। इनको वर्ष 2009 में थॉमस क्रोमवेल शृंखला के पहले उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ के लिये तथा वर्ष 2012 में अनुवर्ती उपन्यास ‘ब्रिंग अप द बॉडीज’ के लिये ‘बुकर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। शृंखला के तीसरे उपन्यास के तौर पर वर्ष 2020 में प्रकाशित ‘द मिरर एंड द लाइट’ को भी पाठकों ने काफी पसंद किया और वह बुकर पुरस्कार,2020 के लिये लंबे समय तक सूचीबद्ध रही। अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार वार्षिक रूप से किसी एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है जिसका अंग्रेज़ी में अनुवाद किया गया हो तथा यूके या आयरलैंड में प्रकाशित हो। अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2005 में मैन बुकर अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के रूप में हुई।


दिलीप तिर्की- हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष

  • हाल ही में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान दिलीप तिर्की को निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष चुना गया। वे वर्ष 1998 के एशियाई खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्‍य भी रहे।  हॉकी इंडिया के इतिहास में पहली बार कोई पूर्व ओ‍लम्पियन इसकी अध्‍यक्षता करेगा। 44 वर्षीय दिलीप तिर्की ने 15 वर्ष के अपने कॅरियर में 412 अंतर्राष्‍ट्रीय मैच खेले। वे टीम के मज़बूत डिफेंडर माने जाते थे। उन्‍होंने वर्ष 1996 में अटलाँटा, वर्ष 2000 में सिडनी तथा वर्ष 2004 में एथेंस ओलिम्पिक्स में देश का प्रतिनिधित्त्व किया। पिछले महीने अंतर्राष्‍ट्रीय हॉकी महासंघ और प्रशासकों की समिति ने 9 अक्‍तूबर तक हॉकी इंडिया के चुनाव पूरे कराने को कहा था। दिलीप तिर्की के अध्‍यक्ष चुने जाने से पहले दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर प्रशासकों की समिति हॉकी इंडिया का काम‍काज देख रही थी। राष्‍ट्रीय खेल अधिनियम के कथित उल्‍लंघन के आरोपों पर दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने यह आदेश दिया था।

Also Read....

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.