Current Affairs Summary September 2022 in Hindi |समसामयिकी सारांश सितंबर 2022

Current Affairs Summary September 2022 in Hindi , समसामयिकी सारांश सितंबर 2022

Current Affairs Summary September 2022 in Hindi |समसामयिकी सारांश सितंबर 2022




Current Affairs Summary September 2022 in Hindi 


अभिजीत सेन

  • भारत के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और योजना आयोग के पूर्व सदस्य अभिजीत सेन का 29 अगस्त, 2022 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अभिजीत सेन का जन्म नई दिल्ली में रहने वाले एक बंगाली परिवार में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से भौतिकी में स्नातक किया और वर्ष 1981 में उन्होंने कैंब्रिज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की, यहाँ वे ट्रिनिटी हॉल के सदस्य भी रहे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के लिये उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण काम किये। 


मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना

  • उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के द्वारा देहरादून में 29 अगस्त, 2022 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत 8 से लेकर 14 वर्ष के उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपए की खेल छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रवृत्ति देने के लिये प्रदेश में 3900 प्रतिभावान छात्रों का चयन हुआ है।

 

सीएपीएफ ई-आवास (CAPF eAwas) पोर्टल ’

  • केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने 1 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (Central Armed Police Force- CAPF) ई-आवास वेब पोर्टल का शुभारंभ किया।  गृह मंत्रालय (MoHA) के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत भारत में सात CAPFs हैं। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (Central Reserve Police Force-CRPF), यह आंतरिक सुरक्षा और उग्रवाद से निपटने में सहायता करता है। 
  • केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (Central Industrial Security Force-CISF), यह महत्त्वपूर्ण प्रतिष्ठानों (जैसे हवाई अड्डों) और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की सुरक्षा करता है। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (National Security Guard-NSG), यह एक विशेष आतंकवाद विरोधी बल है। इसके अतिरिक्त शेष चार बल- सीमा सुरक्षा बल (Border Security Force-BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (Indo Tibetan Border Police-ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (Sashastra Seema Bal) तथा असम राइफल्स (Assam Rifles) हैं। 
  • CAPFs  के अन्य कार्य आपातकालीन प्रतिरोधी अभियान, नक्सल-रोधी अभियान, आंतरिक सुरक्षा कार्य, वीआईपी सुरक्षा, इंटेलिजेंस एजेंसी, विदेश में राजनयिक मिशनों की सुरक्षा, संयुक्त राष्ट्र (UN) शांति अभियान, आपदा प्रबंधन, संयुक्त राष्ट्र पुलिस मिशनों के लिये नागरिक कार्रवाई नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करना आदि हैं।


असम में राष्ट्रीय पोषण माह

  • असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 01 सितंबर, 2022 को गुवाहाटी में श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पोषण अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय पोषण माह 2022 का शुभारंभ किया।


युद्धाभ्यास वोस्तोक-2022

  • बहुस्तरीय सामरिक और कमान युद्धाभ्यास वोस्तोक-2022, 01 सितम्बर, 2022 को रूस के पूर्वी सैन्य डिस्ट्रिक्ट के प्रशिक्षण संस्थान में शुरू हुआ। यह युद्धाभ्यास 01-07 सितंबर, 2022 तक चलेगा। इसका उद्देश्य दोनों प्रतिभागी सैन्य दलों तथा पर्यवेक्षकों के बीच आदान-प्रदान और समन्वय स्थापित करना है। 
  • भारतीय सैन्य दल में 7/8 गोरखा राइफल्स के सैनिक शामिल हैं। भारतीय दल अभ्यास-स्थल पर अगले सात दिनों से अधिक समय तक संयुक्त अभ्यास करेगा। इस अभ्यास में संयुक्त मैदानी प्रशिक्षण अभ्यास, मुठभेड़ की प्रक्रिया पर चर्चा और हथियार चलाने का अभ्यास शामिल है। भारतीय सैन्य दल व्यावहारिक पक्षों को साझा करेगा तथा सैन्य, प्रक्रियाओं और व्यवहारों का अभ्यास करेगा, जिनमें नई प्रौद्योगिकियों को सम्मिलित किया गया है। ये सारी गतिविधियांँ चर्चाओं और सामरिक अभ्यासों के जरिये पूरी की जायेंगी। यह सामरिक गतिविधि 50 हज़ार सैनिकों, युद्ध से जुड़े पाँच हज़ार साजो-सामान व सैन्य उपकरण, 140 विमान, 60 युद्धपोत तथा अन्य जहाजों के साथ होगी। इस सैन्य अभ्यास में भारत के अलावा चीन, लाओस, मंगोलिया, निकारागुआ, सीरिया और पूर्व सोवियत संघ के कई देश हिस्सा ले रहे हैं।

नुआखाई जुहार

  • भारतीय प्रधानमंत्री ने ‘नुआखाई जुहार’ (Nuakhai Juhar) के अवसर पर देश के किसानों को शुभकामनाएँ दी। यह एक कृषि उत्सव है जिसे ‘नुआखाई पर्व’ (Nuakhai Parab) या ‘नुआखाई भेटघाट’ (Nuakhai Bhetghat) भी कहा जाता है। नुआखाई दो शब्दों (नुआ+खाई) से मिलकर बना है जो नए चावल खाने के महत्त्व को दर्शाता है। यहाँ 'नुआ' का अर्थ है नया और 'खाई' का अर्थ है भोजन। यह बदलते मौसम के साथ नई फसल का स्वागत करने के लिये पश्चिमी ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ एवं झारखंड के कुछ क्षेत्रों में मनाया जाने वाला एक प्राचीन त्योहार है। यह उत्सव गणेश चतुर्थी के एक दिन बाद मनाया जाता है। इस दिन किसान अन्न की पूजा करते हैं और विशेष भोजन तैयार करते हैं। 


विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप

  • भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने मिस्र में आगामी  निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप के लिये 48 सदस्यों की भारतीय राइफल और पिस्टल टीम की घोषणा कर दी है। लंदन ओलम्‍पिक्‍स में रजत पदक विजेता विजय कुमार चार वर्ष बाद अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। रैपिड फायर पिस्‍टल में उनके अलावा अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू भी भारतीय दल में शामिल हैं। एयर राइफल-3 पोजिशन में विश्‍व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और ओलम्पियन अंजुम मुदगिल भाग लेंगे। विश्‍व चैंपियनशिप 12 से 25 अक्‍तूबर, 2022 तक काहिरा में होगी। इसमें पुरूष और महिला वर्गों में चार ओलम्पिक कोटा स्‍थान मिलेंगे। विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप का संचालन इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) द्वारा किया जाता है। वर्ष 1896 के सफल ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के बाद विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप वर्ष 1897 में शुरू हुई। हालाँकि ISSF की स्थापना वर्ष 1907 तक नहीं हुई थी, फिर भी इन शुरुआती प्रतियोगिताओं को संगठन द्वारा चैंपियनशिप की एक सतत् पंक्ति की शुरुआत के रूप में देखा जाता है। ISSF की सभी शूटिंग स्पर्द्धाओं सहित ये चैंपियनशिप वर्ष 1954 से प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित की जाती हैं। केवल शॉटगन स्पर्द्धाओं के लिये विषम संख्या वाले वर्षों में अतिरिक्त विश्व चैंपियनशिप प्रतियोगिता होती है। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) को भारत में शूटिंग खेल के विकास और आत्मरक्षा के लिये नागरिकों को प्रशिक्षण देने हेतु स्थापित किया गया था। राष्ट्रीय राइफल संघ के अंतर्गत 53 राज्य संघ आते हैं। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय, राज्य, ज़िला और क्लब स्तर पर नियमित तौर पर टूर्नामेंट आयोजित होते हैं।


हैदराबाद मुक्ति दिवस

  • तेलंगाना सरकार और केंद्र सरकार 17 सितंबर, 2022 को हैदराबाद की मुक्ति के 75 वर्ष पूर्ण होने का आयोजन मनाएँगे, जो निज़ाम शासन के तहत भारतीय संघ के साथ तत्कालीन हैदराबाद राज्य के विलय को दर्शाता है।


भारत के पहले डार्क स्काई रिज़र्व

  • भारत के पहले डार्क स्काई रिज़र्व की विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा हानले, लद्दाख में स्थापना की घोषणा की है।
  • डार्क स्काई रिज़र्व एक ऐसे स्थान को दिया गया नाम है जिसमें यह सुनिश्चित करने के लिये नीतियाँ हैं कि किसी भूमि या क्षेत्र के एक पथ में न्यूनतम कृत्रिम प्रकाश बाधाएँ होती है।
  • इंटरनेशनल डार्क स्काई एसोसिएशन अमेरिका आधारित गैर-लाभकारी संस्था है जो स्थानों को अंतर्राष्ट्रीय डार्क स्काई प्लेस पार्क, रिज़र्व और संरक्षित क्षेत्र के रूप में नामित करती है, जो उनके द्वारा दिये गए मानदंडों पर निर्भर करती है।


साइबर सुरक्षित भारत

  • राष्ट्रीय ई-शासन प्रभाग (National e-Governance Division-NeGD) ने भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (Indian Institute of Public Administration-IIPA), नई दिल्ली में 30वें मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (Chief Information Security Officers-CISO) डीप-डाइव प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया।
  • साइबर सुरक्षित भारत पहल की संकल्पना साइबर अपराध के बारे में जागरूकता फैलाने और सभी सरकारी विभागों में मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों (CISOs) एवं अग्रिम पंक्ति के सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारियों की क्षमता निर्माण के मिशन के साथ की गई थी।


लिज़ ट्रस 

  • कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिज़ ट्रस 6 सितंबर को ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वह बोरिस जॉनसन का स्‍थान लेंगी। 6 सितंबर को ही बोरिस जॉनसन महारानी एलि‍जाबेथ द्व‍ितीय को त्‍यागपत्र सौंपेंगे। लिज़ ट्रस को पार्टी के सदस्‍यों ने 5 सितंबर को ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुना। पूर्व विदेश मंत्री लिज़ ट्रस ने अपने प्रतिद्वंद्वी ऋषि सुनक को 57 प्रतिशत मतों से हराया। लिज़ ट्रस, टेरेजा मे और मार्गरेट थैचर के बाद ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी। टेरेजा मे और मार्गरेट थैचर भी कंजरवेटिव पार्टी की ही नेता थीं। पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि वे लिज़ ट्रस को पूर्ण समर्थन देंगे। लिज़ ट्रस के सामने अब देश की अर्थव्‍यवस्‍था को पटरी पर लाने, बढ़ती मँहगाई पर अंकुश लगाने और ऊर्जा संकट से निपटने जैसी चुनौतियाँ होंगी। ऊर्जा संकट से फिलहाल पूरा यूरोपीय महाद्वीप जूझ रहा है। ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद लिज़ ट्रस ने अर्थव्‍यवस्‍था की मज़बूती के लिये करों में कटौती और ब्रिटेन को मंदी से रोकने के लिये परिवर्तनकारी कदम उठाने का वादा किया।


2022 रेमन मैग्सेसे पुरस्कार

  • वर्ष 2022 रेमन मैग्सेसे पुरस्कार की घोषणा कर दी गयी है। इस बार यह पुरस्कार चार लोगों को दिया गया। वर्ष 2022 के रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेताओं में गैरी बेनचेघिब, तदाशी हटोरी, सोथियारा छिम और बर्नाडेट मैड्रिड शामिल है। इसे 'एशिया का नोबेल शांति पुरस्कार' भी माना जाता है। यह पुरस्कार रेमन मैग्सेसे अवार्ड्स फाउंडेशन (RMAF) द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाता है। यह पुरस्कार का 64वाँ संस्करण था।  

विश्व आदिवासी दिवस

  • प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (World Tribal Day) या विश्व के देशज लोगों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया की देशज लोगों के अधिकारों को बढ़ावा देना और उनकी रक्षा करना है तथा उन योगदानों को स्वीकार करना है जो देशज लोग वैश्विक मुद्दों जैसे पर्यावरण संरक्षण हेतु करते हैं। वर्ष 2022 में देशज लोगों के इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय दिवस का विषय "पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण और प्रसारण में स्वदेशी महिलाओं की भूमिका" है। 
  • 9 अगस्त, 1982 को जेनेवा (स्विट्ज़रलैंड) में देशज आबादी पर संयुक्त राष्ट्र कार्य समूह (United Nations Working Group on Indigenous Populations) की पहली बैठक आयोजित की गई थी। जिसके परिप्रेक्ष्य में प्रति वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। 


महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का निधन

  • ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे 70 वर्षों से भी अधिक समय तक ब्रिटेन की महारानी रहीं। अब उनके पुत्र चार्ल्‍स तृतीय को ब्रिटेन का राजा बनाया जाएगा। एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटेन में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिये गए हैं और राष्‍ट्रीय ध्‍वज आधा झुका दिया गया है। 
  • महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 25 वर्ष की थीं, जब ब्रिटेन की गद्दी पर उनकी ताजपोशी हुई थी। तब से लेकर अब तक करीब 7 दशक से वे इस गद्दी पर काबिज थीं। वह ब्रिटेन की सत्ता संभालने वाली सबसे उम्रदराज महिला थीं। इसके अलावा विश्व के भी सबसे बुजुर्ग शासकों में महारानी एलिज़ाबेथ का नाम आता था। 
  • वह वर्ष 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं, जिनके शासनकाल के 70 साल पूरे होने के खास मौके पर देश भर में चार दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया था। ब्रिटेन की महारानी के पास पासपोर्ट नहीं था, क्योंकि देश के नागरिकों को वही पासपोर्ट जारी करती थीं। ग्लोबल गुडविल टूर में चंद्रमा पर जाने वाले पहले शख्स नील आर्मस्ट्रांग, बज एल्ड्रिन और माइकल कोलिंस ने 14 अक्तूबर, 1969 को बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ II से मुलाकात की थी।

 

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस

  • प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (World Suicide Prevention Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में मानसिक स्वास्थ के प्रति जागरुकता फैलाना और आत्महत्या के बढ़ते मामलों को रोकना है। इसकी शुरुआत इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ सुसाइड प्रिवेंशन (IASP) द्वारा वर्ष 2003 में की गई थी।

ज्यूरिख डायमंड लीग

  • हाल ही में टोक्यो ओलिम्पिक में स्‍वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी/ज्‍वैलिन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा स्विट्रज़लैंड में ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल 2022 जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख डायमंड लीग में 88.44 मीटर भाला फेंककर डायमंड लीग ट्रॉफी जीत ली। 

 

दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस

  • प्रत्येक वर्ष 12 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day for South-South Cooperation) के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस विकासशील देशों के बीच सहयोग हेतु संयुक्त राष्ट्र द्वारा किये गए प्रयासों पर प्रकाश डालता है। यह दक्षिणी क्षेत्र में स्थित देशों के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास के लिये एक पहल है। मूलतः दक्षिण-दक्षिण सहयोग वैश्विक दक्षिण (Global South) में विकासशील देशों के बीच “तकनीकी सहयोग” को संदर्भित करता है। 


आयुर्वेद दिवस 2022

  • 12 सितंबर, 2022 को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्‍थान ने आयुर्वेद दिवस 2022 कार्यक्रम की शुरूआत की है। छह सप्‍ताह का यह कार्यक्रम 23 अक्तूबर, 2022 तक चलेगा। आयुष मंत्रालय ने इस वर्ष आयुर्वेद दिवस के लिये अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्‍थान को नोडल एजेंसी बनाया है। इसका विषय “हर दिन हर घर आयुर्वेद” है। आयुष मंत्रालय प्रत्‍येक वर्ष धनवंतरी जयंती पर आयुर्वेद दिवस मनाता है। वर्ष 2022 में यह दिवस 23 अक्तूबर को मनाया जाएगा।  


कार्लोस अलकराज़

  • स्‍पेन के कार्लोस अलकराज़ ने कैस्‍पर रुड को हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस पुरुष एकल खिताब जीत लिया है। न्‍यूयॉर्क में 11 सितंबर, 2022 को हुए चार सेटों के मुकाबले में अलकराज़ ने रुड को मात दी और अपना पहला ग्रैंड स्‍लैम खिताब जीता। 19 वर्षीय अलकराज़, राफेल नडाल के बाद अब तक के सबसे कम उम्र के ग्रैंड स्‍लैम विजेता हैं। राफेल नडाल ने वर्ष 2005 में सबसे कम उम्र में फ्रेंच ओपन जीता था। 

बहुराष्ट्रीय अभ्यास काकाडू-2022’

  • भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सतपुड़ा और P-8I समुद्री गश्ती विमान 12 सितंबर, 2022 को रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी द्वारा आयोजित ‘बहुराष्ट्रीय अभ्यास काकाडू-2022’ में भाग लेने के लिये ऑस्ट्रेलिया के डार्विन पहुँचे। बंदरगाह और समुद्र, दोनों में दो सप्ताह तक चलने वाले इस अभ्यास में 14 नौसेनाओं के जहाज़ एवं समुद्री विमान शामिल होंगे। इस अभ्यास के बंदरगाह चरण के दौरान इस पोत के चालक दल भाग लेने वाली नौसेनाओं के साथ परिचालन संबंधी योजना के बारे में संवाद और खेल गतिविधियों में संलग्न होंगे। 

  • रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना द्वारा आयोजित एक बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास काकाडू में भाग लेने के लिये भारत के  INS सतपुड़ा और P-8I समुद्री गश्ती विमान ऑस्ट्रेलिया के डार्विन पहुँच गए हैं।
  • अभ्यास काकाडू एक संयुक्त-सक्षम, द्विवार्षिक अभ्यास है जो रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना द्वारा आयोजित किया जाता है तथा यह रॉयल ऑस्ट्रेलियाई वायु सेना द्वारा समर्थित है।
  • काकाडू नौसेना का प्रमुख समुद्री अभ्यास है, जो समुद्री और हवाई क्षेत्रों में राष्ट्रों के बीच अंतर-संचालन क्षमता विकसित करने के साथ ही समुद्री सुरक्षा एवं निगरानी के लिये प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करता है।
  • इसकी शुरुआत वर्ष 1993 में हुई थी।
  • यह दो सप्ताह तक चलने वाला अभ्यास है, जो बंदरगाह और समुद्र दोनों क्षेत्रों में आयोजित किया जाता है, जिसमें 14 नौसेनाओं के  जहाज़ और समुद्री विमान शामिल होते हैं।

राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’

  • सूरत (गुजरात) में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी दिवस समारोह में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (Rashtriya Ispat Nigam Limited-RINL), विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र को देश के सर्वोत्कृष्ट राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। RINL को लगातार चौथी बार ‘ग’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है। 
  • सूरत मेंं आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में गृह और सहकारिता मंत्री की उपस्थिति में राज्य के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अतुल भट्ट को यह पुरस्कार प्रदान किया। हिंदी गृहपत्रिका श्रेणी में भी हिंदी पत्रिका ‘सुगंध’ को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसी समारोह में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), विशाखापत्तनम को भी ‘ग’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।


"ई-बाल निदान पोर्टल "

  • राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (National Commission For Protection of Child Rights-NCPCR) और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (State Commission For Protection of Child Rights- SCPCR) के समन्वित कामकाज एवं बाल अधिकार संरक्षण आयोग (Commission for Protection of Child Rights-CPCR) अधिनियम, 2005 की धारा 13(2) के संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा की गई टिप्पणियों को ध्यान में रखते हुए NCPCR "ई-बाल निदान" पोर्टल पर सभी SCPCR तक पहुँच प्रदान करेगा। 


विनेश फोगाट

  • विनेश फोगाट विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो मैडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। विनेश ने 14 सितंबर, 2022 को सर्बिया के बेलग्राद में 53 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रमंडल खेल 2022 की स्वर्ण पदक विजेता विनेश ने मौजूदा यूरोपियन चैंपियन स्वीडन की ईम्मा मामग्रेन को पराजित किया। तीन बार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेता रही विनेश ने क्वालीफायर दौर में अपनी पराजय के बाद शानदार वापसी की। 12 सितंबर को पहले मैच में मंगोलिया की खुलान बतखुयाग से पराजित होने के बाद विनेश को रेपचेज दौर के माध्यम से कांस्य पदक मुकाबले में भाग लेने का मौका मिला। चैंपियनशिप में यह उनका दूसरा कांस्यपदक है। इससे पहले वर्ष 2019 में कज़ाखस्तान के नूर सुल्तान में उन्होंने पदक जीता था। दो बार की ओलंपियन विनेश फोगाट के पास राष्ट्रमंडल खेलों के दो स्वर्ण पदक, एशियाई खेलों का एक स्वर्ण पदक है। विनेश अपनी चचेरी बहन गीता फोगाट और बबीता कुमारी के नक्शेकदम पर चल रही हैं। वह भारत के प्रसिद्ध कुश्ती परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके चाचा महावीर सिंह फोगाट ने बहुत ही कम उम्र में उनका इस खेल से परिचय करवा दिया था। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप संयुक्त विश्व कुश्ती संघ द्वारा आयोजित शौकिया (Amateur) कुश्ती विश्व चैंपियनशिप हैं। पुरुषों का ग्रीको-रोमन कुश्ती टूर्नामेंट वर्ष 1904 में और पुरुषों का फ्रीस्टाइल कुश्ती टूर्नामेंट वर्ष 1951 में शुरू हुआ। महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती टूर्नामेंट पहली बार वर्ष 1987 में आयोजित किया गया था।


स्‍वच्‍छता पखवाड़ा

  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने 16 सितंबर, 2022 को स्‍वच्‍छता पखवाड़े की शुरुूआत की और पर्यावरण की स्थिरता पर वार्षिक रिपोर्ट जारी की। रेल मंत्रालय 16 सितंबर से 02 अक्तूबर तक स्‍वच्‍छता पखवाड़ा मना रहा है। स्‍वच्‍छता आम लोगों के लिये एक मिशन बन गया है। स्वच्छता पखवाडा अप्रैल 2016 में शुरू किया गया था जिसका उद्देश्य भारत सरकार के मंत्रालयों/ विभागों के कार्यक्षेत्र में स्वच्छता के मुद्दों और प्रथाओं पर गहनता से बल देने के लिये पखवाड़े का आयोजन करना है। 
  • पखवाड़ा गतिविधियों के लिये मंत्रालयों की पहल में सहायता हेतु वार्षिक कलेंडर पहले से ही मंत्रालयों के मध्य परिचालित किया गया है। स्वच्छता पखवाड़ा मना रहे मंत्रालयों की स्वच्छता समीक्षा की ऑनलाइन मॉनीटरिंग प्रणाली का उपयोग करके नज़दीकी से मॉनीटरिंग की जाती है, जिस पर वे स्वच्छता गतिविधियों से संबंधित कार्य योजनाएँ, चित्र, वीडियो अपलोड और साझा करते हैं। स्वच्छता पखवाड़ा मनाने के बाद मंत्रालय/विभाग प्रेस कॉन्फ्रेंस तथा अन्य संवाद के तरीकों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों की घोषणा करते हैं। 


उप्र के मानसून सत्र में महिला विधायकों के लिये एक दिन आरक्षित 

  • उत्तर प्रदेश विधानमण्‍डल का मानसून सत्र 19 सितंबर, 2022 से लखनऊ में शुरू हो रहा है। इस सत्र के दौरान पहली बार विधानसभा में इस महीने की 22 तारीख को महिला विधायकों के लिये एक दिन आरक्षित किया गया है। विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना ने बताया कि 22 सितंबर, 2022 को प्रश्‍नकाल के बाद महिला प्रतिनिधि, महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगी। प्रत्येक महिला सदस्य को कम-से-कम तीन मिनट और अधिकतम आठ मिनट बोलने का अवसर मिलेगा। देश में यह अपनी तरह का पहला प्रयास है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान विधानसभा में 47 तथा विधानपरिषद में 06 महिलाएँ सदस्य हैं।


वाराणसी पहली SCO पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी

  • भारत की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) द्वारा SCO की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी घोषित किया गया है। यह ऐलान SCO के सदस्य देशों ने 16 सितंबर, 2022 को उज़्बेकिस्तान के समरकंद में किया। इसमें वर्ष 2022-23 के लिये वाराणसी को SCO की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्वीकार किया गया है। इसके तहत वर्ष 2022-23 में वाराणसी में कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जिसमें SCO  के सदस्य राज्यों से मेहमानों को भाग लेने के लिये आमंत्रित किया जाएगा। 


भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझरिया

  • भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझरिया ने मोरक्को में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। पैरा ओलंपिक्स के स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र ने 60.97 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर रजत पदक जीता। वे तीन बार के पैरा ओलंपिक पदक विजेता हैं। देवेन्द्र झाझड़िय भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ी हैं। 
  • ये पैरालंपिक में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पैरालिंपियन है। वर्ष 2004 में एथेंस में आयोजित पैरालंपिक में उन्होंने पहला स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2016 में रियो डी जनेरियो में आयोजित ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक खेल में उन्होंने अपने पहले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक ही आयोजन में दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
  • भारत ने दोनों खेलों में अभूतपूर्व नतीजे हासिल करते हुए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने ओलंपिक में सात पदक जीते, जबकि पैरालंपिक में पाँच स्वर्ण सहित 19 पदक हासिल किये। भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा स्वर्ण पदक के साथ ओलंपिक के सबसे बड़े स्टार रहे। उन्होंने खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत को पहला पदक और 13 वर्ष में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार भी दिया जाता है, खेल रत्न पुरस्कार विजेता को 25 लाख रुपए की राशि, जबकि अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपए की राशि दी जाती है। कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाता है।


रेलवे पुलिस बल (RPF) का स्थापना दिवस

  • भारत में प्रत्येक वर्ष 20 सितंबर को ‘रेलवे पुलिस बल (RPF) का स्थापना दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। आरपीएफ एक केंद्रीय सशस्त्र बल है, जो रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्य करता है। 


विश्व अल्ज़ाइमर दिवस

प्रत्येक वर्ष 21 सितंबर को "विश्व अल्ज़ाइमर दिवस (World Alzheimer's Day)" के रूप में मनाया जाता है। अल्ज़ाइमर बीमारी से लोगों को बचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिये विश्व अल्ज़ाइमर दिवस मनाया जाता है। विश्व अल्ज़ाइमर दिवस, 2022 की थीम है ‘डिमेंशिया को जानें, अल्ज़ाइमर को जानें’ (Know Dementia, Know Alzheimer’s)। 


गुजराती फिल्म छेल्लो शो ऑस्कर, 2023 

  • गुजराती फिल्म छेल्लो शो को ऑस्कर, 2023 के लिये भारत की आधिकारिक प्रविष्टि घोषित किया गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 95वें अकादमी पुरस्कारों के लिये इसकी घोषणा की। छेल्लो शो को सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में चुना गया है। यह फिल्म 14 अक्तूबर को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। 

छेल्‍लो शो का शीर्षक अंग्रेज़ी में लास्‍ट फिल्म शो है। इस फिल्‍म का रॉबर्ट डे नीरो के ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में उद्घाटन फिल्म के रूप में वर्ल्‍ड प्रीमियर हुआ था और इसने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में कई पुरस्कार जीते हैं। छेल्‍लो शो के निर्देशक नलिन पैन हैं।

  • छेल्‍लो शो एक किशोर बालक की कहानी है। वह भारत के एक दूरदराज़ के गाँव में रहता है और सिनेमा के साथ उसका गहरा संबंध जुड़ जाता है। यह फिल्म दर्शाती है कि कैसे एक छोटा लड़का प्रोजेक्शन बूथ पर फिल्‍में देखने में पूरी गर्मियों का समय बिताता है। 


हेमकोश

  • असमिया मीडिया समूह 'सदिन प्रतिदिन' के अध्यक्ष, जयंत बरुआ ने असमिया शब्दकोश ‘हेमकोश’ के ब्रेल संस्करण की प्रति 21 सितंबर, 2022 को  प्रधानमंत्री मोदी को भेंट की। हेमकोश 19वीं शताब्दी के शुरुआती असमिया शब्दकोशों में से एक है। असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने हाल ही में हेमकोश के ब्रेल संस्करण का विमोचन किया था। शब्दकोश (Dictionary) का प्रकाशन ‘सदिन-प्रतिदिन’ समूह ने किया है। उल्लेखनीय है कि हेमकोश का प्रकाशन सर्वप्रथम वर्ष 1919 में हेमचंद्र बरुआ ने किया था। उसके बाद बरुआ के परिवार की अगली पीढ़ियों ने समय-समय पर शब्दकोश के नये संस्करण जारी किये हैं। ब्रेल पद्धति एक तरह की लिपि है जिसको विश्व भर में नेत्रहीनों को पढ़ने और लिखने में स्पर्श करके व्यवहार में लाया जाता है। इस पद्धति का आविष्कार वर्ष 1821 में एक नेत्रहीन फ्राँसीसी लेखक लुई ब्रेल ने किया था।  

इंटरनेशनल डॉटर्स डे

  • इंटरनेशनल डॉटर्स डे पूरी दुनिया में व्यापक रूप से मनाया जाता है, इसके अतिरिक्त अलग-अलग देशों में इसे अलग-अलग तारीखों में मनाया जाता है। इंटरनेशनल डॉटर्स डे सितंबर के चौथे रविवार को मनाया जाता है। यह दिन हमें अपनी बेटियों को संजोने और सशक्त बनाने की याद दिलाता है जो हमारे जीवन में ढेर सारा प्यार, हँसी और खुशी लाती है। बेटियों का उत्सव इसलिये महत्त्वपूर्ण है क्योंकि विकासशील देशों में बेटियों को अक्सर एक बोझ के रूप में देखा जाता रहा है और इस दिन को मनाना बेटियों के महत्त्व एवं हर संभव तरीके से उनकी सराहना करने की आवश्यकता की निरंतर याद दिलाता है। डॉटर्स डे बेटियों की गर्मजोशी और प्रतिबद्धता का जश्न मनाता है। यह दिन भारत के कुछ हिस्सों में लड़कियों के संघर्ष के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिये मनाया जाता है जहाँ उन्हें बेटों से कमतर माना जाता है और उन्हें बोझ के रूप में भी देखा जाता है। बेटियों को कुछ अतिरिक्त पॉकेट मनी प्राप्त करने में मदद करने के लिये 6 अक्तूबर को नेशनल ट्रांसफर मनी टू योर डॉटर डे भी मनाया जाता है।



लेखिका हिलेरी मेंटल

  • दो बार बुकर पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली महिला और लोकप्रिय उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ की लेखिका हिलेरी मेंटल का 70 वर्ष की आयु में 22 सितंबर, 2022 को लंदन में निधन हो गया। इनका जन्म डर्बीशर, इंग्लैंड के ग्लोस्सोप में 6 जुलाई, 1952 को हुआ था। इनको वर्ष 2009 में थॉमस क्रोमवेल शृंखला के पहले उपन्यास ‘वुल्फ हॉल’ के लिये तथा वर्ष 2012 में अनुवर्ती उपन्यास ‘ब्रिंग अप द बॉडीज’ के लिये ‘बुकर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।


मूनलाइटिंग

  • आईटी कंपनी विप्रो ने मूनलाइटिंग (Moonlighting) के आरोप में अपने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। हाल ही में Swiggy ने इंडस्ट्री में सबसे पहले मूनलाइटिंग पॉलिसी की घोषणा की है। हालाँकि यह पहली बार है जब किसी आईटी कंपनी ने मूनलाइटिंग की वजह से अधिक संख्या में लोगों को नौकरी से निकाला है। जब कोई कर्मचारी अपनी स्थायी नौकरी के साथ ही दूसरी जगह भी चोरी-छिपे काम करता है तो उसे तकनीकी तौर पर ‘मूनलाइटिंग’ कहा जाता है। सरल शब्दों में इसे साइड जॉब भी कहा जाता है। आईटी उद्योग में मूनलाइटिंग काफी लोकप्रिय हो गई है क्योंकि COVID-19 महामारी के दौरान घर से काम करना एक आदर्श व्यवस्था बन गई है। ज़्यादातर कंपनियाँ इसे अनैतिक मानती हैं, बावजूद इसके लोग मूनलाइटिंग करते हैं। रिमोट जॉब में मूनलाइटिंग ज़्यादा देखने को मिलती है। साइड जॉब को मूनलाइटिंग इसलिये कहा जाता है क्योंकि यह काम ज़्यादातर रात में या वीकेंड पर किया जाता है।


एल्विस अली हजारिका

  • असम के एल्विस अली हजारिका नॉर्थ चैनल को पार करने वाले पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के पहले तैराक बन गए हैं। नॉर्थ चैनल उत्‍तरी आयरलैंड और दक्षिण-पश्चिमी स्‍कॉटलैंड के बीच का जल क्षेत्र है। एल्विस और उनकी टीम ने इस जल क्षेत्र को पार करने में 14 घंटे 38 मिनट का समय लिया। इस प्रकार एल्विस नॉर्थ चैनल को पार करने वाले सबसे अधिक आयु के भारतीय तैराक भी बन गए। उत्तरी चैनल आयरिश सागर को अटलांटिक महासागर से जोड़ता है और अंतर्राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण संगठन (IHO) द्वारा आधिकारिक तौर पर "स्कॉटलैंड के पश्चिमी तट से इनर सीज़" के रूप में वर्गीकृत समुद्री क्षेत्र का हिस्सा है। मोयल के जलडमरूमध्य या सी ऑफ मोयल, उत्तर-पूर्वी उत्तरी आयरलैंड (काउंटी एंट्रीम) और स्कॉटलैंड के दक्षिण-पश्चिमी हाइलैंड्स के बीच उत्तरी चैनल में समुद्र के सबसे संकीर्ण विस्तार को दिया गया नाम है।


दिलीप तिर्की हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष

  • भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान दिलीप तिर्की को निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्‍यक्ष चुना गया। वे वर्ष 1998 के एशियाई खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्‍य भी रहे।  हॉकी इंडिया के इतिहास में पहली बार कोई पूर्व ओ‍लम्पियन इसकी अध्‍यक्षता करेगा। 44 वर्षीय दिलीप तिर्की ने 15 वर्ष के अपने कॅरियर में 412 अंतर्राष्‍ट्रीय मैच खेले। वे टीम के मज़बूत डिफेंडर माने जाते थे। उन्‍होंने वर्ष 1996 में अटलाँटा, वर्ष 2000 में सिडनी तथा वर्ष 2004 में एथेंस ओलिम्पिक्स में देश का प्रतिनिधित्त्व किया। पिछले महीने अंतर्राष्‍ट्रीय हॉकी महासंघ और प्रशासकों की समिति ने 9 अक्‍तूबर तक हॉकी इंडिया के चुनाव पूरे कराने को कहा था। दिलीप तिर्की के अध्‍यक्ष चुने जाने से पहले दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के निर्देश पर प्रशासकों की समिति हॉकी इंडिया का काम‍काज देख रही थी। राष्‍ट्रीय खेल अधिनियम के कथित उल्‍लंघन के आरोपों पर दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने यह आदेश दिया था।

चक्रवात नोरू ’

  • शक्तिशाली चक्रवात ‘नोरू’ के कारण फिलीपींस में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। चक्रवात से देश के पूर्वी द्वीप तबाह हो गए हैं। नागरिकों से उच्च खतरे वाले क्षेत्रों को तुरंत खाली करने को कहा गया है। चक्रवात के कारण 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल रही हैं। इससे राजधानी मनीला में भूस्खलन, बाढ़ और चक्रवात के खतरे की आशंका है। 24 घंटे में चक्रवात की तीव्रता में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की वृद्धि हुई है। फिलीपींस के मौसम विभाग ने लूज़ोन द्वीप के लिये भी चेतावनी जारी की है। 

 


विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस 26 सितंबर 

  • विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस प्रतिवर्ष 26 सितंबर को पर्यावरण के स्वास्थ्य के संदर्भ में विश्व स्तर पर जागरूकता का प्रसार करने के लिये मनाया जाता है।
  • इस दिन को मनाने के पीछे केंद्रीय विचार यह है कि मानव स्वास्थ्य का पर्यावरण के स्वास्थ्य के 
  • यह दिन पहली बार वर्ष 2011 में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एन्वायरनमेंटल हेल्थ (IFEH) द्वारा मनाया गया था। जिसका मुख्य उद्देश्य दुनिया भर में लोगों का कल्याण करना है।


जलदूत एप्लीकेशन

  • ग्रामीण विकास मंत्रालय ने जलदूत एप्लीकेशन विकसित किया है जिससे देश भर के गाँवों के चयनित कुओं के जलस्तर का पता लगाया जाएगा। 27 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में इस एप्लीकेशन की शुरुआत की जाएगी। ग्राम रोज़गार सहायक जलदूत एप के माध्यम से वर्ष में दो बार- मॉनसून से पहले और बाद में चयनित कुओँ के जलस्तर का मापन करेंगे। मंत्रालय ने कहा है कि इस एप के आँकड़ों से बेहतर कार्ययोजना बनाने में मदद मिलेगी। भू-जलस्तर के आँकड़े ग्राम पंचायत विकास योजना और मनरेगा कार्यक्रम में सहायक होंगे। मंत्रालय के अनुसार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल प्रबंधन में सुधार के लिये कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें वाटरशेड विकास, वनीकरण, जल निकाय विकास एवं नवीनीकरण तथा वर्षा जल संचयन शामिल हैं।

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु हथियार निशस्त्रीकरण दिवस

  • परमाणु हथियारों को पूर्ण रूप से समाप्त करने के लिये संयुक्त राष्ट्र प्रतिवर्ष 26 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु हथियार निशस्त्रीकरण दिवस के रूप में मनाता है। इसका उद्देश्य विश्व के लोगों को परमाणु हथियारों को मानवता के लिये सबसे घातक होने और उनको पूर्णतया समाप्त करने के प्रति जागरूक करना तथा इस दिवस के माध्यम से लोगों एवं सभी देशों के नेताओं को इस प्रकार के घातक हथियारों को समाप्त करने से होने वाले वास्तविक लाभ के प्रति शिक्षित करना है। 


दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

  • सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने वर्ष 2022 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार प्रसिद्ध अभिनेत्री आशा पारेख को देने की घोषणा की है। यह पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
  • इससे पहले रजनीकांत (2019) और अमिताभ बच्चन (2018) को यह पुरस्कार मिल चुका है।


बांधवगढ़ के जंगलों में मिली बौद्ध गुफाएँ

  • भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India-ASI) ने मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में बौद्ध गुफाओं और स्तूपों की खोज की है।
  • बौद्ध धर्म के महायान संप्रदाय से संबंधित 26 बौद्ध गुफाओं को खोजा गया है, जो दूसरी और 5वीं शताब्दी की हैं।
  • गुफाओं और उनके कुछ अवशेषों में 'चैत्य' (गुंबद) दरवाज़ और पत्थर के बिस्तर थे जो महायान बौद्ध स्थलों में विशिष्ट थे।


राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 30 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार प्रदान किये।  वर्ष 2020 का दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार प्रसिद्ध अभिनेत्री आशा पारेख को प्रदान किया गया। श्रेष्‍ठ फीचर फिल्‍म पुरस्‍कार तमिल फिल्‍म सोरारई पोट्टरू को मिला। 
  • हिंदी फिल्‍म तान्‍हाजी: द अन्संग वॉरियर को संपूर्ण मनोरंजन के लिये श्रेष्‍ठ लोकप्रि‍य फिल्‍म का पुरस्‍कार प्रदान किया गया। अजय देवगन और सूर्या को फिल्‍म तान्‍हाजी: द अन्संग वॉरियर एवं सोरारई पोट्टरू (Soorarai Pottru) के लिये सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता का पुरस्‍कार मिला। अर्पणा बालमुरली को सोरारई पोट्टरू के लिये सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार मिला। सचिदानंद के. आर. को मलयालम फिल्‍म ए के अय्यपनम कोश्‍यूम के लिये सर्वश्रेष्‍ठ निदेशक का पुरस्‍कार दिया गया। मराठी फिल्‍म सूमी को सर्वश्रेष्‍ठ बाल फिल्‍म का पुरस्‍कार तथा मनोज मुंतसिर को हिंदी फिल्‍म साइना के लिये सर्वश्रेष्‍ठ गीत का पुरस्‍कार प्रदान किया गया। राहुल देशपांडे को मराठी फिल्‍म मी बसंतराव के लिये सर्वश्रेष्‍ठ पुरुष पार्श्‍व गायक का पुरस्‍कार एवं ननचंबा को मलयालम फिल्‍म ए के अय्यपनम कोश्‍यूम के लिये सर्वश्रेष्‍ठ पार्श्‍व गायिका का पुरस्‍कार दिया गया। इसके अलावा कन्‍नड़ फिल्‍म तालेदंडा को पर्यावरण संरक्षण पर सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म का पुरस्‍कार मिला, बांग्ला फिल्‍म अभियांत्रिक के  लिये सुप्रतिमभोल को सर्वश्रेष्‍ठ छायांकन का पुरस्‍कार दिया गया।

Also Read.....

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.