आहार: अर्थ एवं परिभाषा |पोषक तत्वों का अर्थ | Diet: Meaning and Definition

 आहार: अर्थ एवं परिभाषा Diet: Meaning and Definition
पोषक तत्वों का अर्थ Meaning of nutrients

आहार: अर्थ एवं परिभाषा |पोषक तत्वों का अर्थ | Diet: Meaning and Definition


 

आहार: अर्थ एवं परिभाषा

  • आहार अथवा भोजन मानव जीवन को बनाए रखने के लिए अति आवश्यक है। मनुष्य जो भी भोजन ग्रहण करता है उसमें विभिन्न पोषक तत्व पाए जाते हैं जो मानव शरीर को पोषित करते हैं। शारीरिक वृद्धि, विकास, उत्तम स्वास्थ्य एवं दैनिक क्रियाशीलता के लिए मानव को पर्याप्त आहार एवं पोषण की आवश्यकता होती है। 
  • मानव अपने आहार को दो प्रमुख प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त करता है- वनस्पति स्रोत एवं प्राणिज स्रोत। वनस्पतियाँ प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया के माध्यम से अपना भोजन स्वयं निर्मित कर लेती हैं। प्राणी अपने आहार के लिए वनस्पतियों अथवा अन्य जीवों पर निर्भर होते हैं।

 

  • मानव अपने आहार में कई खाद्य पदार्थों को सम्मिलित करता है। भिन्न-भिन्न खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों की मात्रा भी भिन्न होती है। अपने आहार को सन्तुलित बनाने के लिए एवं उसमें विविधता के लिए मनुष्य कई खाद्य पदार्थों का चुनाव करता है। भोजन के लिए खाद्य वस्तुओं का चुनाव कई कारकों द्वारा प्रभावित होता है जैसे, भौगोलिक क्षेत्र विशेष में उगने वाली वनस्पतियाँ, वातावरणीय कारक, संस्कृति, आहार सम्बन्धी आदतें, रोग की स्थिति, खाद्य पदार्थों की उपलब्धता आदि ।

 

आहार क्या है?  आहार की परिभाषा 

  • मानव द्वारा ग्रहण किया गया खाद्य पदार्थ जो मानव शरीर का पोषण करता है, आहार कहलाता है।


  • दूसरे शब्दों में वह पदार्थ जो खाया गया हो, शरीर द्वारा अवशोषित किया गया हो, जो शरीर की वृद्धि एवं निर्माण करे तथा शरीर की विभिन्न क्रियाओं को नियंत्रित करे", के रूप में परिभाषित किया जा सकता है। 


  • आहार चैम्बर्स शब्दकोश के अनुसार भोजन आहार वह पदार्थ है जो खाया जा सके, पचाया जा सके तथा जो शरीर की वृद्धि एवं निर्माण करे"।

 

  • मरियम वैबस्टर शब्दकोश के अनुसार भोज्य पदार्थों में आवश्यक रूप से प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट एवं के वसा उपस्थित होते हैं जो शरीर की वृद्धि एवं मरम्मत करते हैं, आवश्यक क्रियाओं को सुचारु रखते हैं तथा शरीर को कार्य हेतु ऊर्जा प्रदान करते हैं |

 

भोज्य पदार्थ के गुण Properties of food

 

भोज्य पदार्थों में पोषक तत्व उपस्थित होते हैं। 

भोज्य पदार्थों के पोषक तत्व पाचन क्रिया के उपरान्त शरीर द्वारा अवशोषित कर लिए जाते हैं तथा रक्त प्रवाह में मिल जाते हैं। 

पोषक तत्व मुख्य रूप से शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं, शरीर की वृद्धि एवं निर्माण करते हैं तथा शरीर की विभिन्न क्रियाओं को नियंत्रित करते हैं। 

चयापचय की प्रक्रिया में पोषक तत्व शारीरिक एन्जाइमों द्वारा विखण्डित कर दिये जाते हैं।

 

पोषक तत्वों का अर्थ Meaning of nutrients

 

  • पोषक तत्वों द्वारा जीवन संचालन एवं वृद्धि के लिए आवश्यक पोषण प्राप्त होता है। पोषक तत्व वह पदार्थ होते हैं जो शारीरिक वृद्धि एवं चयापचय हेतु आवश्यक हैं। हमारा आहार कई प्रकार के पोषक तत्वों से मिलकर बनता है। 
  • पोषक तत्व शरीर को पोषित करते हैं। भोजन में विभिन्न पोषक तत्व पाए जाते हैं। पोषक तत्व जैसे प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन, खनिज लवण, जल वह रासायनिक यौगिक एवं तत्व होते हैं जो कार्बन, हाइड्रोजन, नाइट्रोजन, ऑक्सीजन, सल्फर, कैल्शियम, मैग्नीशियम आदि तत्वों द्वारा निर्मित होते हैं। 


छ: प्रकार के पोषक तत्व

हमारे आहार से हमें मुख्य रूप से छ: प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो निम्न हैं:

 

(1) प्रोटीन 

(2) कार्बोहाइड्रेट

(3) वसा 

(4) विटामिन 

(5) खनिज लवण 

(6) जल

 

  • इन पोषक तत्वों के अलावा आहारीय रेशा भी बहुत महत्वपूर्ण है जिसे आहार में सम्मिलित करना आवश्यक है।

 

स्थूल पोषक तत्व (Macronutrients) 

  • इन पोषक तत्वों में प्रोटीन, वसा एवं कार्बोहाइड्रेट को हम स्थूल पोषक तत्वों (Macronutrients) के अंतर्गत सम्मिलित करते हैं। इन स्थूल पोषक तत्वों के सम्पूर्ण शरीर में कुछ विशिष्ट कार्य होते हैं तथा ये शरीर को आवश्यक कैलोरी अथवा ऊर्जा भी देते हैं। इस कारण शरीर की वृद्धि, विकास, निर्माण के लिए ये पोषक तत्व अपेक्षाकृत अधिक मात्रा में आवश्यक होते हैं।

 

सूक्ष्म पोषक तत्व

  • सूक्ष्म पोषक तत्व जैसे विटामिन तथा खनिज लवण स्थूल पोषक तत्वों की तुलना में कम मात्रा में आवश्यक होते हैं परन्तु शरीर के उत्तम स्वास्थ्य हेतु ये पोषक तत्व भी समान रूप से आवश्यक हैं। ये पोषक तत्वों के साथ मिलकर शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली जैसे ऊर्जा स्तर, चयापचय, कोशिकीय कार्य तथा उत्तम शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करते हैं।

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.