Current Affairs Summary September 2023 in Hindi | समसामयिकी सारांश सितम्बर 2023

 Current Affairs Summary September 2023 in Hindi  

Current Affairs Summary September 2023 in Hindi | समसामयिकी सारांश सितम्बर  2023



समसामयिकी सारांश सितम्बर  2023 

स्वदेशी रूप से विकसित विद्युत परमाणु ऊर्जा रिएक्टर

  • गुजरात के काकरापार परमाणु ऊर्जा परियोजना (KAPP-3) में स्वदेशी रूप से विकसित 700 MWe परमाणु रिएक्टर अब पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है।
  • KAPP-3 भारत का सबसे बड़ा स्वदेशी रूप से विकसित दबायुक्त भारी जल रिएक्टर (PHWR) है, जो ईंधन के रूप में प्राकृतिक यूरेनियम और मॉडरेटर के रूप में अधिक पानी का उपयोग करता है।
  • इसमें एक उन्नत सुरक्षा प्रणाली है जिसे 'पैसिव डेके हीट रिमूवल सिस्टम' कहा जाता है, जो किसी भी ऑपरेटर कार्रवाई की आवश्यकता के बिना रिएक्टर कोर से उत्सर्जित ऊष्मा (रेडियोधर्मी क्षय के परिणामस्वरूप उत्सर्जित ऊष्मा) को हटाने में सक्षम है।
  • भारत का लक्ष्य वर्ष 2031 तक अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को 7,480 MWe से बढ़ाकर 22,480 MWe तक करना है।

डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट (DSC) परियोजना

  • हाल ही में डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट (DSC) परियोजना का पहला जहाज़ 'DSC A 20' (यार्ड 325), कोलकाता (हुगली नदी) में लॉन्च किया गया था।
  • वर्ष 2021 में, 5 DSC के निर्माण के लिये रक्षा मंत्रालय (MoD) और मेसर्स टीटागढ़ वैगन्स लिमिटेड (TWL) के बीच एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किये गए।
  • इन विशेष जहाज़ों को बंदरगाहों और तटीय जल में परिचालन तथा प्रशिक्षण गोताखोरी संचालन करने के लिये डिज़ाइन किया गया है।
  • परियोजना का लक्ष्य वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान भारतीय नौसेना को सभी 5 DSC प्रदान करना है।
  • उपयोग किये जाने वाले अधिकांश उपकरण स्वदेशी निर्माताओं से प्राप्त किये जाते हैं, जो उन्हें भारत सरकार और रक्षा मंत्रालय की "मेक इन इंडिया" तथा "मेक फॉर द वर्ल्ड" पहल का स्रोत बनाते हैं।

 

गोल्डन ग्लोब रेस

  • भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर अभिलाष टॉमी (जो सेलबोट पर अकेले विश्व भर में जाने वाले पहले भारतीय बने) ने अब गोल्डन ग्लोब रेस (GGR), 2022 में पोडियम फिनिश हासिल करके एकल जलयात्रा पूरी करने का एक और रिकॉर्ड हासिल कर लिया है।
  • वह वर्तमान में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के तहत मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन, गगनयान पर कार्य कर रहे हैं।
  • अंतरिक्ष से वापसी के संदर्भ में वह अंतरिक्ष यात्रियों की रिकवरी में सहायता करने के लिये कार्य कर रहे हैं।
  • गोल्डन ग्लोब रेस विश्व भर में एक नॉन-स्टॉप, एकल, बिना सहायता वाली नौका दौड़ है जो पहली बार वर्ष 1968-69 में आयोजित की गई थी।
  • इस दौड़ का दूसरा संस्करण 50 साल बाद वर्ष 2018 में आयोजित किया गया था।
  • यह नौकायन एक निर्धारित मार्ग में होती है, जिसमें तीन महान अंतरीपों (दक्षिण अफ्रीका के केप ऑफ गुड होप, ऑस्ट्रेलिया के केप लीउविन और चिली के केप हॉर्न) को शामिल किया गया है।

NCERT और UNESCO द्वारा जारी कॉमिक बुक

  • शिक्षा मंत्रालय ने नई दिल्ली में NCERT और UNESCO द्वारा संयुक्त रूप से विकसित एक नई कॉमिक बुक, "लेट्स मूव फॉरवर्ड" का अनावरण किया।
  • यह साझेदारी स्कूल स्वास्थ्य और कल्याण कार्यक्रम (SHWP) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।
  • इसे वर्ष 2018 में आयुष्मान भारत अभियान के हिस्से के रूप में शुरू किया गया था और इसको MoE तथा MoHFW द्वारा संयुक्त रूप से प्रशासित किया गया था।
  • इसका उद्देश्य स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करना, बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में सुधार करना है।
  • कॉमिक में SHWP के 11 विषयगत घटकों (भावनात्मक कल्याण, पारस्परिक संबंध, लैंगिक समानता, पोषण और स्वास्थ्य, मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, प्रजनन स्वास्थ्य, इंटरनेट सुरक्षा आदि) से संबंधित जानकारी शामिल है।
  • यह कई भाषाओं में उपलब्ध है; हिंदी, अंग्रेज़ी, असमिया, बांग्ला, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, तमिल और तेलुगू।

 

सुपरफूड क्या होता है ?

  • सुपरफूड पोषक तत्त्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ होते हैं, मुख्य रूप से या पौधों पर आधारित होते हैं लेकिन इसमें कुछ मछली और डेयरी खाद्य पदार्थ भी शामिल हैं, जो स्वास्थ्य के लिये लाभदायक विटामिन, खनिज एवं एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं।
  • अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, सुपरफूड के संबंध में वैज्ञानिक मान्यता का अभाव है, इसे परिभाषित करने के लिये कोई स्थापित मानदंड नहीं है।
  • फिर भी कुछ खाद्य पदार्थ जैसे- ब्लूबेरी (विटामिन से भरपूर), सैल्मन (हृदय रोग को रोकते हैं), केल (पाचन स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है), अकाई और बाजरा (बाजरा द्वारा प्रदान की जाने वाली ऊर्जा, प्रोटीन, अच्छी वसा, खनिज और विटामिन उन्हें एक सुपरफूड बनाते हैं) कम पोषक तत्त्वों से भरपूर विकल्पों की तुलना में असाधारण रूप से पौष्टिक होते हैं।
  • वैज्ञानिकों का दावा है कि सुपरफूड शब्द का उपयोग काफी हद तक एक विपणन उपकरण के रूप में है, जिसका अकादमिक शोध में कोई आधार नहीं है।

 

कार्य पूरा कर प्रज्ञान रोवर अब स्लीप मोड में

  • चंद्रयान-3 का हिस्सा प्रज्ञान, चंद्र रात्रि की अवधि में स्लीप मोड में चला गया है, अब यह 22 सितंबर, 2023 को फिर से पुनः कार्यरत होगा।
  • एक चंद्र दिवस पृथ्वी के लगभग 14 दिनों के बराबर होता है।
  • किसी परिस्थितिवश यदि रोवर पुनः कार्यरत नहीं होता है, तो यह भारत के लूनर एम्बेसडर के रूप में चंद्रमा पर रहेगा।
  • इसरो ने संकेत दिया कि रोवर को स्लीप मोड में भेजने की प्रक्रिया चंद्र रात्रि (Lunar Night) के दौरान उसके अस्तित्त्व को सुनिश्चित करने के लिये है, जब तापमान -200 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
  • लैंडर और रोवर चंद्र दिवस (Lunar Day) के दौरान विद्युत उत्पन्न करने और बैटरी को चार्ज करने के लिये सौर पैनल पर निर्भर हैं, जबकि चंद्र रात्रि में उन्हें कठोर परिस्थितियों को सहन करना पड़ता है।

 

अनुच्छेद 371D की समाप्ति से आंध्र प्रदेश के 'स्थानीय कोटा' को लेकर अनिश्चितताएँ

  • अनुच्छेद 371D के समाप्त होने के कारण संरक्षित शैक्षणिक संस्थानों में आंध्र प्रदेश के छात्रों के 'स्थानीय कोटा' को लेकर अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है क्योंकि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 अपने निर्धारित अवधि के बाद मई 2024 में समाप्त हो जाएगा।
  • संविधान का अनुच्छेद 371 देश के 11 राज्यों के लिये "विशेष प्रावधान" करता है, जिसमें पूर्वोत्तर के छह राज्य (त्रिपुरा और मेघालय को छोड़कर) शामिल हैं।
  • अनुच्छेद 371D को वर्ष 1973 में संविधान में 32वें संशोधन द्वारा शामिल किया गया था।
  • यह विशेष रूप से आंध्र प्रदेश (जहाँ 1970 के दशक की शुरुआत में आंदोलन हुए थे) के क्षेत्रों पर लागू होता है।
  • अनुच्छेद 371D को शिक्षा और रोज़गार में स्थानीय छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा के लिये पेश किया गया था।
  • अनुच्छेद 371D के तहत शैक्षणिक संस्थानों में 85% सीटें स्थानीय छात्रों के लिये आरक्षित हैं।
  • इस प्रावधान ने विशिष्ट क्षेत्रों में छात्रों के लिये शिक्षा तक पहुँच सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भारत में सिंचाई क्षेत्र में विद्युत उपयोग बढ़ा: MIC के छठे संस्करण की रिपोर्ट

  • लघु सिंचाई गणना (Minor Irrigation Census- MIC) रिपोर्ट का हाल ही में प्रकाशित छठा संस्करण भारतीय सिंचाई में नियोजित विद्युत स्रोतों के संबंध में महत्त्वपूर्ण अंतर्दृष्टि प्रदान करता है।
  • MIC भारत में सिंचाई के लिये प्राथमिक ऊर्जा स्रोत में एक उल्लेखनीय परिवर्तन पर प्रकाश डालता है, जिसमें विद्युत को केंद्र बिंदु के रूप में रखा गया है।
  • वर्ष 2011 में 56% सिंचाई के लिये विद्युत प्रमुख ऊर्जा स्रोत थी, यह आँकड़ा वर्ष 2017 तक बढ़कर 70% हो गया।
  • हालाँकि ये निष्कर्ष वर्ष 2017-18 की अवधि के लिये विशिष्ट हैं तथा सिंचाई प्रथाओं की वर्तमान स्थिति का सटीक प्रतिनिधित्व प्रदान नहीं करते हैं।

 

भारतीय वायुसेना के त्रिशूल अभ्यास का पश्चिमी वायु कमान की तत्परता हेतु परीक्षण

  • भारतीय वायुसेना (IAF) ने पश्चिमी वायु कमान (WAC) के तहत सभी लड़ाकू वाहनों की सक्रियता के साथ अपना वार्षिक विशाल प्रशिक्षण अभ्यास, त्रिशूल शुरू किया है।
  • इस आंतरिक अभ्यास में कश्मीर के लेह से लेकर राजस्थान के नाल तक तैनात किये गए जेट, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर सहित अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वाहनों की एक विस्तृत शृंखला शामिल है।
  • त्रिशूल कमांड की परिचालन तैयारियों की एक महत्त्वपूर्ण परीक्षा के रूप में कार्य करता है, जिसकी श्रेणी और जटिलता के कारण उच्च स्तर के समन्वय और तत्परता की आवश्यकता होती है।

 

इज़रायली प्रधानमंत्री द्वारा एशिया और मध्य पूर्व से यूरोप को जोड़ने हेतु फाइबर ऑप्टिक लिंक का प्रस्ताव

  • इज़रायल के प्रधानमंत्री ने एशिया और अरब प्रायद्वीप को इज़रायल तथा साइप्रस के माध्यम से यूरोप से जोड़ने के लिये एक फाइबर ऑप्टिक केबल परियोजना का प्रस्ताव रखा है।
  • यह इस बात पर प्रकाश डालता है कि फाइबर ऑप्टिक कनेक्शन  अंतर्राष्ट्रीय संचार के लिये एक लागत प्रभावी और सुरक्षित मार्ग के रूप में कार्य करता है।
  • यह प्रस्ताव ऊर्जा परियोजनाओं पर साइप्रस और ग्रीस के साथ इज़रायल के सहयोग को बढ़ावा देगा, जैसे कि यूरेशिया इंटरकनेक्टर(EurAsia Interconnector), 2,000 मेगावाट की समुद्री बिजली केबल परियोजना।
  • इसके अतिरिक्त यूरोप के साथ पूर्वी भूमध्य बेसिन के संबंधों को मज़बूत करने के लिये इसमें गैस पाइपलाइनों और तरलीकृत प्राकृतिक गैस प्रसंस्करण संयंत्रों सहित ऊर्जा विविधीकरण की योजनाएँ भी शामिल हैं।

 

पर्यटन मंत्रालय और UNWTO द्वारा G20 पर्यटन और SDG डैशबोर्ड का अनावरण

  • भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (United Nations World Tourism Organization- UNWTO) के सहयोग से G20 पर्यटन और SDG डैशबोर्ड का अनावरण किया।
  • यह G20 देशों की सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों, विषयवार अध्ययनों और अंतर्दृष्टि को प्रदर्शित करता है।
  • UNWTO स्पेन के मैड्रिड में स्थित एक बहुराष्ट्रीय संगठन है और इसमें 159 सदस्य देश शामिल हैं।
  • यह सगठन पर्यटन को आर्थिक विकास, समावेशी विकास और पर्यावरणीय स्थिरता के चालक के रूप में प्रोत्साहित करता है तथा विश्व भर में ज्ञान और पर्यटन नीतियों को आगे बढ़ाने में इस क्षेत्र को नेतृत्व और समर्थन प्रदान करता है।
  • समलैंगिक साझेदारी को मान्यता देने के लिये हॉन्गकॉन्ग के शीर्ष न्यायालय के नियम
  • हॉन्गकॉन्ग के शीर्ष न्यायालय ने समलैंगिक साझेदारियों को मान्यता देने के पक्ष में फैसला सुनाया है, लेकिन शहर के LGBTQ समुदाय को पूर्ण विवाह अधिकार देने से रोक दिया है।
  • न्यायालय ने सरकार को समलैंगिक साझेदारियों की कानूनी मान्यता के लिये एक कानूनी ढाँचा तैयार करने के लिये दो वर्ष का समय दिया।
  • 133 देशों में समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया है, लेकिन उनमें से केवल 32 देशों में ही समलैंगिक विवाह वैध है।

 

मालवीय मिशन: उच्च शिक्षा हेतु शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा शुरू किये गए शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम-मालवीय मिशन का अनावरण किया।
  • कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के लिये अनुकूलित प्रशिक्षण प्रदान करके शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाना है।
  • इसका उद्देश्य पूरे भारत में 15 लाख शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के लक्ष्यों को पूरा करने के लिये आवश्यक कौशल से युक्त करना है।
  • मानव संसाधन विकास केंद्रों (HRDC) का नाम बदलकर मदन मोहन मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र करने की भी घोषणा की गई।

 

व्यक्तिगत अनुकूली शिक्षण का DIKSHA प्लेटफार्म में एकीकरण

  • इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की एक शाखा, नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD), पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग (PAL) को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर नॉलेज शेयरिंग (DIKSHA) प्लेटफॉर्म में एकीकृत करने के मिशन पर कार्य कर रही है।
  • शिक्षा मंत्रालय की देखरेख में DIKSHA, स्कूलों के लिये शैक्षिक सामग्री के एक ऑनलाइन भंडार के रूप में कार्य करती है, लेकिन यह वर्तमान में स्थैतिक है।
  • दूसरी ओर, PAL छात्रों को उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं और क्षमताओं के अनुरूप व्यक्तिगत अभिगम के अनुभव प्रदान करने के लिये AI का उपयोग करता है।

 

भारत का पहला UPI-ATM

  • भारत का पहला UPI-ATM 5 सितंबर, 2023 को हिताची पेमेंट सर्विसेज़ द्वारा लॉन्च किया गया।
  • यह एक व्हाइट लेबल ATM (WLA) है जिसे भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (National Payments Corporation of India- NPCI) के सहयोग से विकसित किया गया है।
  • ATM को "निर्बाध नकदी निकासी" हेतु सक्षम बनाने और भौतिक ATM कार्ड ले जाने की आवश्यकता को खत्म करने के लिये डिज़ाइन किया गया था। इसका उद्देश्य सीमित पारंपरिक बैंकिंग बुनियादी ढाँचे वाले क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाकर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना भी है।

 

EMRS के प्राचार्य को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया गया

  • केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), भोपाल, मध्य प्रदेश के प्राचार्य डॉ. यशपाल सिंह को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया।
  • वर्ष 1997-98 में शुरू की गई EMRS योजना का उद्देश्य आवासीय विद्यालयों की स्थापना करना था जो दूरदराज़ के इलाकों में कक्षा VI से XII तक अनुसूचित जनजाति के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करता है।
  • यह योजना भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा क्रियान्वित की जा रही है


इट स्टार-23

  • सरयू श्रेणी का नौसेना अपतटीय गश्ती पोत (NOPV), INS सुमेधा अभ्यास ब्राइट स्टार-23' के लिये मिस्र के पोर्ट अलेक्जेंड्रिया पहुँचा।
  • यह मिस्र के पोत अलेक्जेंड्रिया में होने वाला एक बहुराष्ट्रीय त्रि-सेवा सैन्य अभ्यास है।
  • इस सैन्य अभ्यास में 34 देश भाग ले रहे हैं, जिससे यह मध्य-पूर्व तथा उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में आयोजित अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास बन गया है।
  • अभ्यास को दो चरणों में विभाजित किया गया है: हार्बर चरण तथा समुद्री चरण।
  • हार्बर चरण में क्रॉस-डेक दौरे, पेशेवर आदान-प्रदान, खेल कार्यक्रम तथा योजना संबंधी बातचीत शामिल हैं।
  • समुद्री चरण में जटिल तथा उच्च तीव्रता वाले अभ्यास जैसे क्रॉस-डेक उड़ान, सतह-रोधी व वायु-रोधी अभ्यास एवं लाइव हथियार फायरिंग अभ्यास शामिल हैं। 
  • भारतीय नौसेना प्रथम बार अभ्यास ब्राइट स्टार में भाग ले रही है।

 

भारतीय राष्ट्रपति करेंगी एशिया प्रशांत मानवाधिकार सम्मेलन का उद्घाटन

भारत की राष्ट्रपति, 20 सितंबर, 2023 को दिल्ली में एशिया प्रशांत के राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों (NHRIs) के द्विवार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।

एशिया प्रशांत फोरम (APF) के साथ साझेदारी में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में APF की 28वीं वार्षिक आम बैठक का आयोजन भी शामिल है।

यह सम्मेलन मानव अधिकारों की सार्वभौम घोषणा की 75वीं वर्षगाँठ को चिह्नित करेगा तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों एवं पेरिस सिद्धांतों के 30 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव भी मनाएगा।

NHRC 12 अक्तूबर, 1993 को अस्तित्व में आया, इसे 1993 के मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम (PHRA) द्वारा स्थापित किया गया था, जिसे बाद में वर्ष 2006 में मानव अधिकार संरक्षण (संशोधन) अधिनियम द्वारा संशोधित किया गया था।

 

विश्व EV (इलेक्ट्रिक वाहन) दिवस

  • 9 सितंबर को मनाया जाने वाला विश्व EV दिवस, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के असंख्य लाभों के बारे में वैश्विक जागरूकता बढ़ाने के लिये समर्पित एक वार्षिक कार्यक्रम है।
  • सस्टेनेबिलिटी मीडिया कंपनी ग्रीनTV ने सबसे पहले पहल की, इसके बाद पहला विश्व इलेक्ट्रिक वाहन दिवस वर्ष 2020 में मनाया गया।
  • यह दिवस धारणीय परिवहन, कम उत्सर्जन के महत्त्व और जलवायु परिवर्तन से निपटने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार में इलेक्ट्रिक वाहनों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर देने के लिये एक मंच के रूप में कार्य करता है।

 

क्राउन शायनेस

  • शीतोष्ण पर्णपाती वनों में शिखर शीलता (Crown Shyness) एक आम घटना है, जहाँ कुछ पेड़ों के शीर्ष एक-दूसरे को नहीं छूते हैं, जिससे उनके बीच अंतराल बन जाता है।
  •  यह पेड़ों की कई प्रजातियों में देखा जाता है, जैसे कि ब्लैक मैंग्रोव, कर्पूर और जापानी लार्च।
  • वैज्ञानिकों के पास यह समझाने के लिये अलग-अलग परिकल्पनाएँ हैं कि शिखर शीलता की स्थिति क्यों होती है, जैसे कि प्रकाश के आवगम में सरलता, रोग-संचरण को रोकना या हवा से होने वाली भौतिक क्षति से बचना।
  •  शिखर शीलता में जटिल पैटर्न बनते हैं और यह वन में प्रकाश के प्रवेश को बढ़ाता है।

भारत-फ्राँस द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास 'वरुण' का 21वाँ संस्करण

  • भारतीय और फ्राँसीसी नौसेनाओं के मध्य द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास वरुण-23 का दूसरा चरण अरब सागर में संपन्न हुआ।
  • इस अभ्यास में दोनों पक्षों के निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट, टैंकर, समुद्री गश्ती विमान तथा अभिन्न हेलीकॉप्टर शामिल थे।
  • यह विगत वर्षों में भारत एवं फ्राँस के मध्य मज़बूत रणनीतिक संबंधों के प्रतीक के रूप में विकसित हुआ है। यह वर्ष 1993 में शुरू हुआ था तथा आधिकारिक तौर पर इसे वर्ष 2001 में नामित किया गया।

उस्ताद अली ज़ाकी हैदर

  • प्रसिद्ध रुद्र वीणा वादक, उस्ताद असद अली खान के शिष्य, उस्ताद अली ज़ाकी हैदर ध्रुपद के जयपुर बीनकर घराने की खंडरबानी शैली के अंतिम प्रतिपादक थे।
  • ध्रुपद के जयपुर बीनकर घराने की खंडारबानी शैली एक संगीत परंपरा है, शाहजी साहब ने इसकी शुरुआत 18वीं शताब्दी में की थी।
  • रुद्र वीणा एक पारंपरिक तार वाद्य यंत्र है जिसकी उत्पत्ति उत्तर भारत में हुई है। यह बाँस, सागौन की लकड़ी, धातु, कद्दू और अन्य सामग्रियों से बना होता है।

विश्व ड्यूकेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी दिवस

  • विश्व ड्यूकेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (DMD) दिवस प्रत्येक वर्ष 7 सितंबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य DMD के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा इस दुर्लभ अपक्षयी बीमारी से प्रभावित व्यक्तियों के जीवन में सुधार करना है।
  • इस वर्ष के विश्व DMD दिवस की थीम "ड्यूकेन: ब्रेकिंग बैरियर्स" है।
  • DMD एक दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति है जो मांसपेशियों को धीरे-धीरे कमज़ोर करती है तथा प्रत्येक पाँच हज़ार लड़कों में से लगभग एक को प्रभावित करती है।
  • यह स्थिति X- क्रोमोसोम उत्परिवर्तन के परिणामस्वरूप होती है तथा चलने में कठिनाइयों का कारण बनती है, इसके बाद अन्य शारीरिक गतिविधियों को करने में असुविधा होती है।
  • अंततः DMD श्वास और हृदय क्रिया जैसे महत्त्वपूर्ण कार्यों को प्रभावित करता है क्योंकि हृदय भी एक मांसपेशी है।
  • वर्तमान में, DMD का कोई ज्ञात उपचार नहीं है। इसके उपचार का उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिये लक्षणों को नियंत्रित करना है।
  • सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के आधीन दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग (DEPwD), DMD के बारे में जागरूकता पैदा करने में सक्रिय रूप से शामिल है।

अल्ज़ाइमर रोग से निपटने के लिये प्राकृतिक पॉलीफेनॉल्स

  • विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के एक स्वायत्त संस्थान, जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च (JNCASR) के शोधकर्ताओं ने जानकारी दी है कि प्राकृतिक रूप से मौजूद पादप-आधारित पॉलीफेनॉल्स (एंटीऑक्सीडेंट गुणों वाले लाभकारी पादप यौगिक) जैसे- चेस्टनट और ओक टहनियों में पाए जाने वाले टैनिक एसिड से अल्ज़ाइमर रोग (AD) से निपटने की दिशा में एक सुरक्षित एवं लागत प्रभावी रणनीति के साथ फेरोप्टोसिस- AD एक्सिस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। 
  • एडी एक प्रोग्रेसिव न्यूरोडीजेनेरेटिव विकार है जो स्मृति और संज्ञानात्मक ह्रास को दर्शाता है।
  • फेरोप्टोसिस एक प्रकार की क्रमादेशित कोशिका मृत्यु है जो शरीर में मौजूद आयरन तत्त्व पर निर्भर होती है और AD के विकास से जुड़ी होती है।
  • AD फेरोप्टोसिस की विशेषताओं से संबद्ध है, जिसमें असामान्य लौह तत्त्वों के निर्माण और एंटीऑक्सीडेंट एंज़ाइम ग्लूटाथियोन पेरोक्सीडेज़ 4 (GPX4) की कम गतिविधि शामिल है।
  • टैनिक एसिड GPX4 को सक्रिय कर बढ़ाता है, जो AD से निपटने के लिये एक व्यापक दृष्टिकोण पेश करता है।

 

भोज वेटलैंड की जानकारी 

  • राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने हाल ही में मध्य प्रदेश राज्य सरकार को जल निकायों को होने वाले भारी नुकसान के कारण भोज वेटलैंड में क्रूज़ जहाज़ों के साथ-साथ अन्य मोटर-चालित नौकाओं के संचालन को रोकने का आदेश दिया था।
  • भोज वेटलैंड, जिसे भोपाल झील के नाम से भी जाना जाता है, एक निर्दिष्ट रामसर साइट है और इसलिये अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व (रामसर कन्वेंशन 1971) की वेटलैंड है।

इसमें दो सन्निहित मानव निर्मित जलाशय शामिल हैं-

  • "अपर लेक"- 11वीं शताब्दी में कोलांस नदी पर मिट्टी के बाँध के निर्माण से बनाई गई थी।
  • "लोवर लेक"- इसका निर्माण लगभग 200 साल पहले हुआ था, जिसका मुख्य कारण ऊपरी झील से रिसाव था। यह भोपाल शहर से घिरी हुई है।

 

विदेशी अधिकरण

  • हाल ही में असम राज्य सरकार ने खुलासा किया कि वर्ष 2001 के बाद से असम में अधिकरणों द्वारा कुल 3,100 व्यक्तियों को विदेशी घोषित और दोषी ठहराया गया है तथा निर्वासित किया गया है। इन व्यक्तियों को विदेशी अधिकरण (FT) द्वारा गैर-नागरिक घोषित किया गया था।
  • संदिग्ध नागरिकता वाले व्यक्तियों के खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946, विदेशी (Tribunal) आदेश 1964 और केंद्र द्वारा समय-समय पर जारी अधिसूचनाओं के अनुसार कदम उठाए जाते हैं।
  • FT अर्द्ध-न्यायिक निकाय हैं जिनके समक्ष कोई व्यक्ति जिसका नाम अंतिम राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में नहीं है, अपना मामला प्रस्तुत कर सकता है। केवल FT को ही किसी व्यक्ति को विदेशी घोषित करने का अधिकार है।
  •  FT उनकी नागरिकता का आकलन उपलब्ध कराए गए दस्तावेज़ों या उनकी कमी के आधार पर करती है।

 

PM उज्ज्वला योजना का विस्तार

हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 23-24 से वित्त वर्ष 25-26 तक 3 वर्षों में 75 लाख LPG  कनेक्शन जारी करने के लिये प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना (PMUY) के विस्तार को स्वीकृति दी है, जिससे लाभार्थियों की कुल संख्या 10.35 करोड़ हो गई है।

LPG कवरेज़ के विस्तार की पहल:

PAHAL (प्रत्यक्ष हस्तांतरित लाभ): वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिये घरेलू सिलेंडरों के "घोस्ट" खातों और अवैध उपयोग को कम करने के लिये LPG सिलेंडरों को सब्सिडी वाली कीमत पर नहीं बल्कि बाज़ार मूल्य पर बेचा गया था।

लागू सब्सिडी सीधे व्यक्ति के बैंक खाते में इलेक्ट्रॉनिक रूप से स्थानांतरित की गई थी।

गिव इट अप : ज़बरदस्ती सब्सिडी हटाने के बजाय व्यक्तियों को स्वेच्छा से अपनी सब्सिडी छोड़ने के लिये प्रोत्साहित किया गया, जिससे उन व्यक्तियों को धन पुनर्निर्देशित करने में सहायता मिली, जिन्हें वास्तव में LPG सिलेंडर प्राप्त करने में सहायता की आवश्यकता थी।

 

हांगझोऊ एशियाई खेल 2022 

दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (South Asian Football Federation- SAFF) कप 2023 में भारत की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम द्वारा असाधारण सफलता हासिल करने के बाद से इस खेल को लेकर विभाजनकारी क्लब बनाम देश नामक विवाद शुरू हो गया है।

इस मतभेद का प्रमख कारण अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (All India Football Federation- AIFF) और इंडियन सुपर लीग (ISL) टीमों के बीच खिलाड़ियों की उपलब्धता है। यह आगामी एशियाई खेलों के लिये टीम की संरचना के संबंध में अनिश्चितताओं को उजागर करता है।

19वाँ एशियाई खेल 23 सितंबर, 2023 से 8 अक्तूबर, 2023 तक चीन के हांगझोऊ में आयोजित होने वाला है, यह मूलतः वर्ष 2022 में आयोजित होने वाला था किंतु कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

एशियाई खेल:

एशियाई खेल, एशिया की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिता है। इन्हें प्रत्येक चार वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है। इनका आयोजन एशिया ओलंपिक परिषद (Olympic Council of Asia- OCA) द्वारा किया जाता है।

एशियाई खेलों का प्रतीक चिन्ह उगते हुए सूरज के साथ एक-दूसरे से जुड़े हुए छल्ले हैं।

इसे अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा मान्यता प्राप्त है।

पृष्ठभूमि एवं शुरुआत:

कई एशियाई देशों ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद स्वतंत्रता प्राप्त की और भारतीय अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्य गुरु दत्त सोंधी ने एशियाई खेलों के आयोजन का प्रस्ताव रखा ताकि सभी एशियाई देशों का प्रतिनिधित्त्व किया जा सके।

पहला एशियाई खेल वर्ष 1951 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था।

विनियमन:

एशियाई खेल महासंघ ने वर्ष 1951 से 1978 तक एशियाई खेलों के विनियमन का कार्य किया । वर्ष 1982 से एशियाई खेलों के विनियमन का कार्यभार एशियाई ओलंपिक परिषद द्वारा किया जाने लगा।

भारत की मेज़बानी: 

भारत एशियाई खेलों का संस्थापक सदस्य है और भारत ने ही पहले एशियाई खेलों की मेज़बानी की थी।

एशियाई खेलों का 9वाँ संस्करण वर्ष 1982 में नवंबर और दिसंबर में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था।

अप्पू, भारतीय हाथी, एशियाई खेलों के लिये इस्तेमाल किया जाने वाला पहला शुभंकर था।

19वाँ एशियाई खेल हांगझोऊ, चीन:

हांगझोऊ और पाँच सह-मेज़बान शहरों में 54 प्रतियोगिता स्थलों पर कुल 40 प्रमुख खेल और 61 अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा।

तीरंदाजी, तैराकी, मुक्केबाजी, ब्रेकिंग, हॉकी, आधुनिक पेंटाथलॉन, नौकायन, टेनिस और वाटर पोलो कुछ ऐसे खेल हैं जो ओलंपिक क्वालीफायर के रूप में कार्य करेंगे, जिससे प्रतियोगियों को वर्ष 2024 में पेरिस में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में स्थान बनाने का मौका मिलेगा।

19वें एशियाई खेल का शुभंकर रोबोटों का एक समूह है जिनके नाम हैं: चेनचेन, कांगकॉन्ग, लियानलायन।

19वें एशियाई खेलों की मशाल को "इटरनल फ्लेम" नाम दिया गया है। यह डिज़ाइन प्राचीन चीनी सभ्यता की लियांगझू संस्कृति से प्रेरित है।

ई-स्पोर्ट्स और ब्रेकिंग (ब्रेकडांस) मान्यता प्राप्त और आधिकारिक खेल आयोजनों के रूप में अपनी उद्घाटन प्रस्तुति करेंगे।


ई-स्पोर्ट्स और ब्रेकिंग

इलेक्ट्रॉनिक स्पोर्ट्स, या ई-स्पोर्ट्स, प्रतिस्पर्द्धी गेमिंग का एक रूप है जिसमे खिलाड़ी आभासी और इलेक्ट्रॉनिक रूप से विभिन्न प्रकार के खेलों में प्रतिस्पर्द्धा करते हैं।

उदाहरण: लीग ऑफ लेजेंड्स, ओवरवॉच, फोर्टनाइट, DOTA 2

ब्रेकिंग: "ब्रेकिंग" एक प्रकार की स्ट्रीट डांसिंग है जिसमे इसके प्रदर्शनकर्त्ता आपसी समन्वय, विभिन्न प्रकार की कलाबाज़ी और जटिल शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से इसकी शैली तथा कला का प्रदर्शन करते हैं।

इसका विकास 1970 के दशक की शुरुआत में हिप हॉप आंदोलन की शुरुआत के साथ हुआ और सभी हिप हॉप नृत्य शैलियों में इसे सबसे व्यापक रूप से जाना जाता है।

नोट: 20वाँ एशियाई खेल वर्ष 2026 में जापान के नागोया में आयोजित किया जाएगा।

AIFF:

यह भारत में फुटबॉल संघों हेतु एक शासी निकाय है।

इसका गठन 23 जून, 1937 को भारत के शिमला में सेना मुख्यालय में छह क्षेत्रीय फुटबॉल संघों के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद किया गया था।

भारत की स्वतंत्रता के एक वर्ष बाद वर्ष 1948 में AIFF ने फीफा से संबद्धता हासिल कर ली।

यह पूरे देश में दोनों राष्ट्रीय टीमों के साथ-साथ विभिन्न लीग और क्लब स्तर की प्रतियोगिताओं का संचालन करता है।


पोंज़ी योजना

  • 2 लाख निवेशकों के साथ 1,000 करोड़ रुपए की पोंज़ी स्कीम में कथित संलिप्तता को लेकर एक अभिनेता को जाँच का सामना करना पड़ रहा है।
  • पोंज़ी स्कीम एक प्रकार की निवेश धोखाधड़ी है जो निवेशकों को कम या बिना किसी जोखिम के उच्च रिटर्न का वादा करती है।
  • ये इन्वेस्टमेंट ऑपरेशन हैं जो नए निवेशकों से प्राप्त धन से पुराने निवेशकों को रिटर्न देते हैं।
  • इसका नाम इतालवी व्यवसायी चार्ल्स पोंज़ी के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने वर्ष 1920 के दशक में ऐसी योजना चलाई थी।
  • पोंज़ी योजनाएँ भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के नियामक दायरे में नहीं आती हैं।
  • भारत में, पोंजी योजनाओं को अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम, 2019 और पुरस्कार चिट एवं धन संचलन योजनाओं (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 के तहत प्रतिबंधित किया गया है।
  • ऋण चुकाने के 30 दिनों के अंदर दस्तावेज़ वापस करें बैंक : RBI
  • भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने ऋणों के पूर्ण पुनर्भुगतान या निपटान के बाद मूल संपत्ति दस्तावेज़ों की वापसी के संबंध में विनियमित संस्थाओं (बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों) को नए निर्देश जारी किये हैं।
  • ये मानदंड उन सभी मामलों पर लागू होंगे जिनमें 1 दिसंबर, 2023 को या उसके बाद मूल दस्तावेज़ों की वापसी करनी होगी।
  • ऐसे मामलों में जहाँ उधारकर्ता जीवित नहीं हैं, ऋणदाताओं को कानूनी उत्तराधिकारियों को मूल संपत्ति दस्तावेज़ वापस करने के लिये एक स्पष्ट प्रक्रिया स्थापित करनी होगी।
  • यह प्रक्रिया उपभोक्ता ऋण, शिक्षा ऋण, आवास ऋण और वित्तीय परिसंपत्ति ऋण सहित व्यक्तिगत ऋण पर लागू होगी।
  • यदि मूल संपत्ति दस्तावेज़ खो जाते हैं या क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, तो ऋणदाता उधारकर्ता को डुप्लिकेट या प्रमाणित प्रतियाँ प्राप्त करने में सहायता करेगा, लागत को कवर करेगा और 30 दिनों से अधिक की देरी के लिये प्रतिदिन 5,000 रुपए का मुआवज़ा देगा।
  • इसका उद्देश्य दस्तावेज़ जारी करने की प्रक्रिया को मानकीकृत करना और ज़िम्मेदार लेंडिंग कंडक्ट को बढ़ावा देना है।
डॉली द शीपके प्रतिपादक इयान विल्मुट का निधन
  • वर्ष 1996 में अभूतपूर्व डॉली द शीप का निर्माण करने वाले प्रसिद्ध क्लोनिंग अग्रणी इयान विल्मुट का हाल ही में 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
  • वर्ष 1996 में स्कॉटलैंड के रोज़लिन इंस्टीट्यूट में एक क्लोन भेड़ डॉली के जन्म ने विश्व भर में सुर्खियाँ बटोरी, जिससे क्लोनिंग तकनीक की संभावनाओं के संदर्भ में उत्साह के साथ आशंकाएँ भी उत्पन्न हुईं।
  • इस उपलब्धि से पहली बार परिपक्व वयस्क कोशिकाओं को नव निषेचित भ्रूण कोशिकाओं की क्लोनिंग अर्थात् नकल करने के लिये प्रेरित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आनुवंशिक रूप से समान जीव (भेड़) का जन्म हुआ, जिसे डॉली नाम दिया गया।
  • पुनर्योजी चिकित्सा में विल्मुट का विशिष्ट योगदान है क्योंकि डॉली के जन्म की तकनीक ने पुनर्योजी चिकित्सा में प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है।

भारत के राष्ट्रपति ने NeVA का किया उद्घाटन

  • हाल ही में भारत के राष्ट्रपति ने 'नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन' (NeVA) का उद्घाटन किया और इस अवसर पर उन्होंने गुजरात विधानसभा को संबोधित किया।
  • राष्ट्रपति ने ई-असेंबली के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विधायी सदन को डिजिटल इकाई में परवर्तित किये जाने से विधायी कार्यों की गति और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
  • NeVA "डिजिटल इंडिया प्रोग्राम" के तहत 44 मिशन मोड प्रोजेक्ट्स (MMP) में से एक है, जिसका उद्देश्य सभी राज्य विधानमंडलों को 'डिजिटल हाउस' में बदलकर उनके कामकाज़ को कागज़ रहित बनाना है।

 

ऑपरेशन सजग

  • 'ऑपरेशन सजग' 18 सितंबर, 2023 को पश्चिमी तट पर भारतीय तट रक्षक (Indian Coast Guard- ICG) द्वारा आयोजित किया गया था।
  • 'ऑपरेशन सजग' एक मासिक, दिन भर चलने वाली ड्रिल है जो निरंतर फीडबैक लूप के रूप में कार्य करती है। ड्रिल का प्राथमिक लक्ष्य तटीय सुरक्षा तंत्र को फिर से वैध बनाना और समुद्र में जाने वाले मछुआरों के बीच जागरूकता बढ़ाना है।
  • इस अभ्यास/ड्रिल में समुद्र में सभी मछली पकड़ने वाली नौकाओं, नौकाओं और शिल्पों के लिये व्यापक दस्तावेज़ सत्यापन तथा क्रू पास की जाँच शामिल थी।
  • ICG की स्थापना अगस्त 1978 में तटरक्षक अधिनियम, 1978 द्वारा भारत के एक स्वतंत्र सशस्त्र बल के रूप में की गई थी।
  • ICG विश्व का चौथा सबसे बड़ा तटरक्षक बल है, इसने भारतीय तटों को सुरक्षित करने और भारत के समुद्री क्षेत्रों में नियमों को लागू करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
  • तटीय सुरक्षा को मज़बूत करने के लिये, ICG ने मछुआरों के लिये बायोमेट्रिक कार्ड जारी करने, राज्य के आधार पर मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिये रंग कोडिंग का कार्यान्वयन, तटीय मानचित्रण और समुद्री पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण सहित विभिन्न उपाय पेश किये हैं।

भारतीय अंतरिक्ष स्टार्ट-अप के लिये फंडिंग चुनौतियाँ

  • अंतरिक्ष स्टार्ट-अप के वित्तपोषण तंत्र के संबंध में चिंताएँ और मुद्दे बढ़ रहे हैं, जिससे संभावित क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है।
  • INSPAC के निदेशक के अनुसार, अंतरिक्ष क्षेत्र अगले 10 वर्षों में 8 बिलियन डॉलर के मौजूदा मूल्य से 44 बिलियन डॉलर तक बढ़ सकता है।
  • सरकार को स्टार्ट अप इंडिया योजना आदि की तर्ज़ पर अंतरिक्ष क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के लिये सॉफ्ट फंड और अतिरिक्त प्रोत्साहन स्थापित करने पर विचार करना चाहिये।
  • एक और चिंता यह है कि अंतरिक्ष क्षेत्र के निर्माण के लिये आवश्यक 95% उपकरणों को आयात करने की आवश्यकता है तथा भारत को आत्मनिर्भरता प्राप्त करने में 10 वर्ष और लग सकते हैं।
  • भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में पहले से ही तेज़ी से विकास देखा जा रहा है क्योंकि IN-SPACe पोर्टल ने अब तक लगभग 420 स्टार्ट-अप पंजीकृत किये हैं।
  • भारत का मसौदा अंतरिक्ष गतिविधि विधेयक, 2017 तथा भारतीय अंतरिक्ष नीति, 2023 यदि प्रभावी ढंग से लागू किये जाते हैं तो आने वाले समय में उभरते क्षेत्र को आवश्यक प्रोत्साहन और शक्ति प्रदान की जाएगी

अब्राहम समझौते (अब्राहम एकॉर्ड) के तीन वर्ष

  • अब्राहम एकॉर्ड इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता में इज़रायल एवं संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, मोरक्को व सूडान सहित कई अरब देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने हेतु समझौतों की एक शृंखला है।
  • समझौते पर वर्ष 2020 में हस्ताक्षर किये गए और अरब-इज़रायल संघर्ष में एक ऐतिहासिक सफलता मिली।
  • इस समझौते ने सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषायी मतभेदों को दूर कर सीमाओं से परे लोगों को जोड़कर सामान्यीकरण एवं शांति को बढ़ावा दिया।
  • समझौते ने विस्तारित क्षेत्रीय और बहुराष्ट्रीय सहयोग की नींव रखी, जिससे भारत के लिये आर्थिक अवसर उत्पन्न हुए।
  • I2U2 समूह, जिसमें इज़रायल, भारत, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका शामिल हैं, जल, ऊर्जा, परिवहन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करता है।

पर्युषण पर्व, एक जैन त्योहार

  • पर्युषण 2023, जैन समुदाय के लिये एक महत्त्वपूर्ण त्योहार है। यह उपवास, ध्यान और शुद्धिकरण अनुष्ठानों के साथ आध्यात्मिक विकास का समय है। भक्त भाषणों में भाग लेते हैं, अहिंसा का पालन करते हैं और अपने पापों के लिये क्षमा मांगते हैं।
  • ऐसा माना जाता है कि इस त्योहार की शुरुआत ईसा पूर्व छठी शताब्दी में हुई थी जब जैन शिक्षक महावीर ने अपने अनुयायियों को हिंसा से दूर रहने और आध्यात्मिक शुद्धता पर ध्यान केंद्रित करने की शिक्षा दी थी।
  • श्वेतांबर, जो आठ दिनों तक अनुष्ठान का पालन करते हैं और दिगंबर, जिनके लिये त्योहार 10 दिनों तक चलता है, दोनों के लिये यह आत्मनिरीक्षण, प्रतिबिंब और शुद्धिकरण का समय है। यह वर्षा ऋतु के मध्य में मनाया जाता है।
  • वे स्वाध्याय भी करते हैं। पर्युषण व्यक्ति को अपनी आत्मा के करीब रहने, अपनी कमियों पर चिंतन करने, गलत कार्यों के लिये सज़ा मांगने और अपनी गलतियों को कम करने का संकल्प लेने का अवसर देता है

 

निपाह का पता लगाने के लिये ट्रूनेट टेस्ट

  • केरल को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने निपाह (Nipah) के निदान के लिये ट्रूनेट परीक्षण का उपयोग करने की मंज़ूरी दे दी है।
  • ट्रूनेट परीक्षण में किसी सैंपल में वायरस की उपस्थिति का पता लगाने के लिये एक पोर्टेबल, स्मार्ट चिप-आधारित, बैटरी चालित RT-PCR (रिवर्स ट्रांसक्रिपटेस-पॉलीमरेज़ चेन रिएक्शन) किट का उपयोग किया जाता है।
  • ट्रूनेट भारत में निपाह वायरस परीक्षण करने के लिये ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) द्वारा आपातकालीन उपयोग प्राधिकार (Emergency Use Authorization- EUA) प्राप्त करने वाली पहली किट है।
  • ट्रूनेट का उपयोग उन अस्पतालों में किया जा सकता है जहाँ द्वितीय स्तर की जैव सुरक्षा सुविधाएँ और सैंपल के संदूषण को रोकने के लिये कुछ सख्त प्रोटोकॉल हैं। ट्रूनेट तेज़ी से परीक्षण करने, रोग के फैलने पर इसका पता लगाने और तेज़ी से निवारक उपाय निर्धारित करने में मदद कर सकता है।

ओमेगा ब्लॉकिंग

  • हाल ही लीबिया में आई विनाशकारी बाढ़ को ओमेगा वायुमंडलीय अवरोधन की घटना के लिये ज़िम्मेदार ठहराया जा सकता है।
  • ओमेगा ब्लॉकिंग एक मौसम संबंधी घटना है जो तब होती है जब एक उच्च दाब प्रणाली दो कम दाब वाली प्रणालियों के बीच जकड़ ली जाती है या दब जाती है, तो इससे एक पैटर्न बनता है जो ग्रीक अक्षर ओमेगा (Ω) जैसा दिखता है।
  • यह स्थान और मौसम के आधार पर चरम मौसमी घटनाओं, जैसे- ग्रीष्म लहर, सूखा और बाढ़ का कारण बन सकता है।
  • इन घटनाओं का अनुमान लगाना कठिन है और इससे व्यापक क्षति तथा जीवन की हानि हो सकती है।
  • इन्हें पिछले चरम मौसम की घटनाओं से जोड़ा गया है, जिसमें वर्ष 2011 में पाकिस्तान में बाढ़, वर्ष 2008 में उत्तर-पश्चिमी ईरान में अत्यधिक वर्षा और वर्ष 2019 में फ्राँस तथा जर्मनी में ग्रीष्म लहर शामिल हैं

कनाडा में भारतीय वीज़ा सेवा निलंबित

  • भारत और कनाडा के बीच राजनयिक तनाव बढ़ने के कारण भारत सरकार ने कनाडा में वीज़ा सेवाओं को निलंबित कर दिया है, जिससे कई यात्री प्रभावित हुए हैं और राजनयिक संबंधों के भविष्य के बारे में प्रश्न उठने लगे हैं।
  • वीज़ा सेवा निलंबन से वैध प्रवासी भारतीय नागरिक (OCI) कार्डधारक या वैध दीर्घकालिक भारतीय वीज़ा वाले भारतीय मूल के कनाडाई प्रभावित नहीं होंगे।
  • OCI कार्डधारकों को भारत में आजीवन प्रवेश का विशेषाधिकार प्राप्त है, जिससे उन्हें अनिश्चित काल तक देश में रहने और कार्य करने की अनुमति मिलती है।
  • जिन कनाडाई लोगों के पास वैध भारतीय वीज़ा है, वे निलंबन से प्रभावित नहीं होंगे। उनका वीज़ा अगली सूचना तक वैध रहेगा।
  • कनाडा ने अभी तक भारतीय वीज़ा आवेदकों पर प्रतिबंध नहीं लगाया है, लेकिन मौजूदा स्थिति के जवाब में पारस्परिक उपायों पर विचार कर सकता है।

 

SIMBEX 2023

  • भारतीय नौसेना के जहाज़ रणविजय और कावारत्ती तथा पनडुब्बी INS सिंधुकेसरी सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (SIMBEX), 2023 में भाग लेने के लिये सिंगापुर पहुँचे।
  • यह अभ्यास वर्ष 1994 से आयोजित किया जा रहा है और इसे भारतीय नौसेना द्वारा किसी अन्य देश के साथ आयोजित किया जाने वाला सबसे लंबा नौसैनिक अभ्यास होने का गौरव प्राप्त है।
  • नौसैनिक जहाज़ों के अलावा इस अभ्यास में लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान P8I ने भी  भागीदारी की।
  • दोनों देशों के बीच आयोजित अन्य अभ्यासों में बोल्ड कुरूक्षेत्र अभ्यास, त्रिपक्षीय समुद्री अभ्यास SIMTEX (थाईलैंड के साथ) और अग्नि योद्धा अभ्यास (सेना) शामिल हैं।

 

सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (GCES) हेतु मोबाइल एप्लीकेशन और वेब पोर्टल

  • हाल ही में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (GCES) के लिये मोबाइल एप्लीकेशन और वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
  • इसका उद्देश्य पूरे देश में कृषि पद्धतियों में बदलाव लाना है।
  • पोर्टल एवं एप गाँव-गाँव के आधार पर GCES योजना तथा भूखंड विवरण सहित उपज अनुमान का एक विस्तृत संग्रह उपलब्ध कराते हैं, विशेषकर जहाँ पर फसल कटाई के लिये प्रायोगिक परीक्षण किये जाते हैं।
  • भूमि-संदर्भ: भूमि-संदर्भ इस मोबाइल एप्लीकेशन की प्रमुख विशेषताओं में से एक है, जो प्राथमिक उपयोगकर्ताओं को प्रायोगिक भूखंड की सीमा निर्धारित करने और इसके माध्यम से भूखंड के साथ-साथ फसलों की तस्वीरें अपलोड करने में सक्षम बनाता है। यह सुविधा डेटा की पारदर्शिता एवं सटीकता भी सुनिश्चित करेगी।

मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान में तलाशी अभियान

  • हाल ही में वन विभाग तमिलनाडु के मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान और आसपास के वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों एवं शिकारियों की कोई अवैध आवाजाही न हो।
  • मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान पश्चिमी घाट में तमिलनाडु के उत्तर-पश्चिमी कोने में स्थित है।
  • यह मुदुमलाई वन्यजीव अभयारण्य, बांदीपुर राष्ट्रीय उद्यान, नागरहोल राष्ट्रीय उद्यान, वायनाड वन्यजीव अभयारण्य और साइलेंट वैली के साथ नीलगिरि बायोस्फीयर रिज़र्व (UNESCO विश्व धरोहर स्थल) का एक भाग है।
  • कीस्टोन प्रजाति: उद्यान का निर्माण इसकी कीस्टोन प्रजाति, नीलगिरि तहर की रक्षा के लिये किया गया था।

वन प्रकार: 

उद्यान की विशेषता उच्च वर्षा, लगभग शून्य तापमान एवं तेज़ वायु वाले अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्र में शोला वनों से घिरे पर्वतीय घास के मैदान और झाड़ियाँ हैं।

शिखर/चोटियाँ: उद्यान मुकुर्थी पीक का भी क्षेत्र है, जो नीलगिरि पहाड़ियों की सबसे ऊँची चोटियों में से एक है।

उद्यान के क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली जनजातियाँ: टोडा (नीलगिरि पहाड़ियों की एक देहाती जनजाति)।

उत्तर प्रदेश में नवजात टीकाकरण की निगरानी 

हाल ही में उत्तर प्रदेश में नवजात टीकाकरण (पाँच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिये) की नियत तारीखों की गणना करने में फ्रंट-लाइन स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं की सहायता हेतु टीकाकरण चक्र नामक एक उपकरण लॉन्च किया गया है।

इम्युनाइज़ेशन व्हील जिसे हिंदी में टीकाकरण चक्र कहा जाता है, क्लिंटन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव  (CHAI) के तहत क्लिंटन फाउंडेशन द्वारा विकसित और वित्त पोषित एक साधारण प्लास्टिक लेमिनेटेड कार्डबोर्ड निर्माण है।

इसमें दो डिस्क होती हैं, एक को दूसरे के ऊपर रखा जाता है, जिसमें एक डिस्क दूसरे से बड़ी होती है और एक कील से जुड़ी होती है। छोटी डिस्क में टीकों और तीरों के डिटेल्स बने हैं; बड़ी डिस्क में दिनों व महीनों वाला एक कैलेंडर होता है।

स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता बच्चे के जन्म को आशा डायरी (ASHA diary) में दर्ज़ करते हैं। वे प्रथम टीके से जन्मतिथि का मिलान करने के लिये चक्र का उपयोग करते हैं और अन्य तिथियाँ तद्नुसार संरेखित हो जाती हैं।

 

भारत, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला त्रिपक्षीय समुद्री अभ्यास

  • भारतीय नौसेना के युद्धपोत, आई.एन.एस. सह्याद्रि ने 20-21 सितंबर, 2023 तक रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना (RAN) और इंडोनेशियाई नौसेना के साथ आयोजित पहले त्रिपक्षीय समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लिया।
  • इस अभ्यास से तीनों देशों के मध्य साझेदारी को मज़बूत करने और एक स्थिर, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करने के लिये सामूहिक क्षमता में सुधार हुआ।
  • आई.एन.एस. सह्याद्रि, स्वदेशी रूप से डिज़ाइन किया गया और निर्मित प्रोजेक्ट-17 श्रेणी के मल्टीरोल स्टील्थ फ्रिगेट्स का तीसरा जहाज़ है, इसका निर्माण मझगाँव डॉक शिपबिल्डर्स
  • लिमिटेड’ (मुंबई) में किया गया था।
  • प्रोजेक्ट 17 श्रेणी, जिसे शिवालिक श्रेणी के नाम से भी जाना जाता है। ये भारत में निर्मित पहले स्टील्थ युद्धपोत थे।
  • शिवालिक रूसी, भारतीय और पश्चिमी हथियार व सेंसर सिस्टम का मिश्रण है।

काओबल गली-मुश्कोह घाटी

  • कभी कारगिल युद्ध के दौरान रणभूमि रही काओबल गली-मुश्कोह घाटी को पर्यटकों के लिये खोल दिया गया है। इसका पूरा श्रेय भारत और पाकिस्तान के बीच स्थायी युद्धविराम समझौते को दिया जाता है, ऐसे में यह आशा है कि इस क्षेत्र में पर्यटन-संचालित वाणिज्य में वृद्धि देखी जा सकेगी।
  • उत्तरी कश्मीर में स्थित गुरेज़ घाटी, जहाँ कभी पाकिस्तान की ओर से अक्सर गोलाबारी के मामले सामने आते रहते थे, कारगिल के द्रास सेक्टर  (लद्दाख) में स्थित मुश्कोह घाटी से जुड़ने के लिये पूरी तरह तैयार है।
  • 130 किलोमीटर लंबी सड़क पर्यटकों और काओबल गलीके लिये खोल दी गई है। गुरेज़ में 4,166.9 मीटर की ऊँचाई वाला सबसे ऊँचा दर्रा इन दो घाटियों को जोड़ता है।
  • गुरेज़ घाटी नियंत्रण रेखा (LoC) के करीब है और किशनगंगा नदी कई स्थानों पर इस रेखा का सीमांकन करती है।
  • गुरेज़ घाटी में बसे गाँव-बस्तियाँ उनमें से एक है जहाँ केवल लॉग हाउस, अर्थात् लकड़ी से बने घर पाए जाते हैं, इसके निर्माण में शहरी क्षेत्रों में प्रयोग किये जाने वाले कंक्रीट सामग्री का बिल्कुल प्रयोग नहीं किया जाता है।

 

नासा का पहला क्षुद्रग्रह नमूना पृथ्वी पर लाया गया

  • 8 सितंबर 2016 को लॉन्च किये गए नासा के ऑरिजिंस, स्पेक्ट्रल इंटरप्रिटेशन, रिसोर्स आइडेंटिफिकेशन और सिक्योरिटी-रेजोलिथ एक्सप्लोरर (OSIRIS-REx) अंतरिक्ष यान की सहायता से पृथ्वी के निकटीय क्षुद्रग्रह बेन्नु (पूर्व में 1999 RQ36) से क्षुद्रग्रह के पहले नमूनों को सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लाया गया है। सात वर्ष की लंबी यात्रा के बाद यह अंतरिक्ष यान 4.5 अरब वर्ष पुराने बहुमूल्य नमूने लेकर आया है।
  • पृथ्वी के निकट से तीव्रता से गुज़रने के दौरान ओसिरिस-रेक्स नमूना कैप्सूल रिलीज़ किया गया, यह क्षुद्रग्रह नमूनों को संरक्षित करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका के यूटा रेगिस्तान में सुरक्षित रूप से लैंड हुआ।
  • वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस कैप्सूल में कार्बन-समृद्ध क्षुद्रग्रह बेन्नु का मलबा है, जो मात्रा में कम से कम एक कप जितना हो सकता है।
  • यह नमूना 4.5 अरब वर्ष पूर्व की पृथ्वी और जीवन के बारे में अमूल्य जानकारी प्रदान करेगा।
  • ओसिरिस-रेक्स अपनी उड़ान और मिशन जारी रखेगा, यह वर्ष 2029 में एपोफिस नामक एक अन्य क्षुद्रग्रह तक पहुँच कर उसका अध्ययन करेगा।
  • फिलीपींस के अधिकारियों ने चीन के दक्षिण चीन सागर अवरोध को चुनौती दी
  • फिलीपींस के अधिकारियों ने दक्षिण चीन सागर के विवादित स्कारबोरो शोल में चीन के तट रक्षक द्वारा स्थापित 300 मीटर लंबे फ्लोटिंग बैरियर को हटाने की वचनबद्धता जताई है। उन्होंने फिलिपिनो मछुआरों के अधिकारों के उल्लंघन पर प्रकाश डालते हुए इसे "अवैध और अनुचित" कहा।
  • फिलीपींस का दावा है कि स्कारबोरो शोल उसके समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र अभिसमय (UNCLOS) द्वारा परिभाषित विशेष आर्थिक क्षेत्र के अंतर्गत आता है, यह दावा वर्ष 2016 के मध्यस्थता निर्णय में बरकरार रखा गया था जिसे चीन ने खारिज़ कर दिया था।
  • यह विवाद संभावित एशियाई भू-राजनीतिक हॉटस्पॉट व दक्षिण चीन सागर में लंबे समय से चले आ रहे क्षेत्रीय तनाव को बढ़ाता है।
  • दक्षिण चीन सागर व पश्चिमी प्रशांत महासागर की एक शाखा, ब्रुनेई, कंबोडिया, चीन, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम से लगती है।
  • यह ताइवान जलडमरूमध्य के माध्यम से पूर्वी चीन सागर और लूजॉन जलडमरूमध्य के माध्यम से फिलीपींस सागर से जुड़ता है।
  • इसमें स्प्रैटली द्वीप समूह, पैरासेल द्वीप समूह, प्रतास द्वीप समूह, मैकल्सफील्ड बैंक और स्कारबोरो शोल शामिल हैं।

 

वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के पुरस्कार

  • भारतीय सिनेमा क्लासिक्स में उनकी महान भूमिकाओं के लिये प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री वहीदा रहमान को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, 2021 से सम्मानित किया गया है।
  • यह पुरस्कार 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
  • दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार सिनेमा जगत में भारत की सर्वोच्च सम्मान है। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में फिल्म महोत्सव निदेशालय द्वारा प्रदान किया जाता है।
  • इस पुरस्कार का नाम भारतीय फिल्म निर्माता दादा साहब फाल्के के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने भारत की पहली लंबी फीचर फिल्म, राजा हरिश्चंद्र (1913) का निर्देशन किया था।
  • भारतीय सिनेमा के प्रति उनके अटूट समर्पण, प्रतिबद्धता और पेशेवर उत्कृष्टता के लिये वहीदा रहमान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिये राष्ट्रीय पुरस्कार, पद्म श्री तथा पद्म भूषण जैसे पुरस्कार से भी पुरस्कृत किया गया।

 

DNA नैनोबॉल रणनीति

  • एक उल्लेखनीय वैज्ञानिक विकास की दिशा में, डी-ऑक्सीराइबोन्यूक्लिक एसिड (DNA) नैनोबॉल रणनीति चिकित्सा क्षेत्र में रोगजनकों का तेज़ी से पता लगाने के लिये एक अभूतपूर्व, लागत प्रभावी तकनीक के रूप में उभरी है।
  • रोगजनक वे सूक्ष्मजीव होते हैं जो शरीर में बीमारी उत्पन्न कर सकते हैं। वे वायरस, बैक्टीरिया, प्रोटोजोआ या कवक हो सकते हैं।
  • DNA नैनोबॉल रणनीति तेज़ी से रोगजनक का पता लगाने के लिये न्यूक्लिक एसिड-आधारित डायग्नोस्टिक्स और लूप-मध्यस्थ इज़ोटेर्मल एम्प्लीफिकेशन (LAMP) तकनीक को जोड़ती है।
  • LAMP एक ऐसी प्रक्रिया है जो गोलाकार DNA अणुओं को लंबे स्ट्रैंड में विस्तारित करती है जिसमें DNA की कई प्रतियाँ होती हैं। ये तार फिर गोलाकार संरचनाओं में बदल जाते हैं जिन्हें DNA नैनोबॉल कहा जाता है, जिन्हें माइक्रोस्कोप द्वारा सरलता से देखा जा सकता है।
  • निदान का समर्थन करने के लिये इस डिज़ाइन को प्रयोगशाला तकनीकों की आवश्यकता नहीं है। यह एक कम लागत वाली तकनीक है जिसे व्यापक रूप से तैनात और स्केलेबल किया जा सकता है।

 

भारत का डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढाँचा: एक वैश्विक मॉडल

  • केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्री ने विश्व बैंक द्वारा आयोजित "दक्षिण-दक्षिण ज्ञान साझाकरण शृंखला" में भाग लिया, जिसमें भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) और अफ्रीकी देशों के लिये एक मॉडल के रूप में इसकी क्षमता पर ध्यान केंद्रित किया गया, हाल ही में G20 में भारत की अध्यक्षता के दौरान विशेष रूप से अफ्रीकी संघ को शामिल किया गया।
  • वैश्विक सशक्तिकरण के लिये प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की भारत की प्रतिबद्धता इंटरनेट को परिवर्तन, लचीलेपन, सुरक्षा और विश्वास का समर्थक बनाने के अपने लक्ष्य के साथ संरेखित होती है, जो लोगों के जीवन पर प्रौद्योगिकी के गहरे प्रभाव में भारत को वैश्विक मामले के अध्ययन के रूप में स्थापित करती है।

 

महामारी के बीच MSME को राहत देने हेतु सरकार ने 256 करोड़ रुपए से अधिक का अनुदान दिया

  • भारत सरकार ने विवाद से विश्वास - I योजना के तहत 10,000 से अधिक दावों को स्वीकार करके सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को राहत प्रदान की है, जिसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी के दौरान इन व्यवसायों का समर्थन करना है।
  • विवाद से विश्वास- I योजना, MSME के लिये राहत योजना केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा 2023-24 के बजट भाषण के दौरान पेश की गई थी और इसे गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से लॉन्च किया गया था।
  • इसने MSME को राहत के लिये दावे प्रस्तुत करने की अनुमति दी, जिसमें कटौती की गई प्रदर्शन सुरक्षा, बोली सुरक्षा और परिसमाप्त क्षति के 95% की वापसी, साथ ही अनुबंध निष्पादन चूक के कारण प्रतिबंध का सामना करने वाले MSME के लिये सहायता शामिल है।

गुजरात में कोनोकार्पस पौधों पर प्रतिबंध

  • गुजरात सरकार ने वन और गैर-वन दोनों क्षेत्रों में गैर-स्वदेशी प्रजाति कोनोकार्पस पौंधों के रोपण पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पेड़ों के प्रतिकूल प्रभाव का हवाला दिया है। इससे पहले तेलंगाना ने भी इन पौधों की प्रजातियों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
  • वैश्विक स्तर पर उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय तटीय क्षेत्रों में पाए जाने वाली और तेज़ी से बढ़ने वाले मैंग्रोव झाड़ी, कोनोकार्पस पेड़, कुछ क्षेत्रों में हरित आवरण को बढ़ावा देने के लिये लगाए गए हैं।
  • हालाँकि उनके छोटे शीतकालीन फूल पराग उत्पन्न करते हैं जो सर्दी, खाँसी, अस्थमा और एलर्जी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा उनकी गहरी जड़ें आधारभूत संरचना, विशेषकर जल निकासी प्रणालियों को नुकसान पहुँचा सकती हैं।

 

VOC पोर्ट के माध्यम से ग्रीन अमोनिया का आयात

  • हाल ही में तमिलनाडु में  V.O. चिदंबरनार बंदरगाह ने अपनी 'गो ग्रीन' पहल के हिस्से के रूप में पहली बार ग्रीन अमोनिया का आयात किया।
  • पारंपरिक ग्रे अमोनिया के उपयोग से हटकर परीक्षण के आधार पर ग्रीन सोडा ऐश का उत्पादन करने के लिये ग्रीन अमोनिया का उपयोग किया जाएगा।
  • यह बंदरगाह पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिये 'ग्रीन पोर्ट' पहल में अग्रणी रहा है।
  • हरित अमोनिया उत्पादन वह है, जहाँ अमोनिया बनाने की प्रक्रिया 100% नवीकरणीय और कार्बन-मुक्त होती है।
  • ग्रीन अमोनिया का उत्पादन जल के इलेक्ट्रोलिसिस से हाइड्रोजन और वायु से अलग नाइट्रोजन का उपयोग करके किया जाता है। फिर इन्हें हैबर प्रक्रिया (जिसे हैबर-बॉश भी कहा जाता है) में डाला जाता है, जो सभी टिकाऊ विद्युत द्वारा संचालित होती है।
  • V. O. चिदंबरनार पोर्ट ट्रस्ट, जिसे पहले तूतीकोरिन पोर्ट ट्रस्ट के नाम से जाना जाता था, भारत के प्रमुख बंदरगाहों में से एक है। यह तमिलनाडु के थूथुकुडी में स्थित है। इस बंदरगाह को वर्ष1974 में एक प्रमुख बंदरगाह घोषित किया गया था।
  • यह तमिलनाडु का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह और भारत का चौथा सबसे बड़ा कंटेनर टर्मिनल है। बंदरगाह बर्थिंग, नेविगेशन, भंडारण और बंदरगाह सुरक्षा जैसी विभिन्न सुविधाएँ प्रदान करता है।

सरना कोड

  • हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आदिवासियों के लिये सरना धार्मिक कोड को मान्यता देने का अनुरोध किया था।
  • सरना कोड की उपेक्षा को लेकर चिंता जताई गई है, जो संविधान की पाँचवीं अनुसूची और छठी अनुसूची के तहत आदिवासी विकास नीतियों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
  • सरना धर्म, जिसका पालन झारखंड में एक महत्त्वपूर्ण आदिवासी आबादी करती है, अद्वितीय है, प्रकृति पूजा पर आधारित है और मुख्यधारा के धर्मों से अलग है।
  • प्रकृति की पूजा करने वाले आदिवासियों की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की रक्षा करने की ज़रूरत है।
  • पाँचवीं अनुसूची, छठी अनुसूची वाले राज्यों के अलावा अन्य राज्यों में अनुसूचित क्षेत्रों और एसटी के प्रशासन तथा नियंत्रण के लिये प्रावधान करती है।
  • छठी अनुसूची असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिज़ोरम में आदिवासी क्षेत्रों के प्रशासन से संबंधित है।

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.