Current Affairs Summary August 2023 in Hindi | समसामयिकी सारांश अगस्त 2023

 Current Affairs Summary August 2023 in Hindi समसामयिकी सारांश अगस्त  2023 

Current Affairs Summary August 2023 in Hindi | समसामयिकी सारांश अगस्त  2023

Current Affairs Summary August 2023 in Hindi

MSME कार्ड क्या होता है ?

  • सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) ने भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (National Payment Corporation of India- NPCI) के साथ मिलकर उद्यम पंजीकृत MSME के लिये पूरे भारत में पायलट आधार पर MSME रुपे क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया।
  • MSME रुपे क्रेडिट कार्ड MSME को उनके व्यवसाय से संबंधित परिचालन खर्चों जैसे- डिजिटल भुगतान, उपयोगिता बिल भुगतान, कर/वैधानिक भुगतान आदि के लिये एक सरल भुगतान तंत्र प्रदान करता है।
  • MSME उधारकर्त्ता बैंक की नीति के अनुसार अपने व्यावसायिक खर्च पर ब्याज मुक्त ऋण अवधि का लाभ भी उठा सकते हैं।
  • NPCI भारत में खुदरा भुगतान और निपटान प्रणालियों के संचालन के लिये एक प्रमुख संगठन,  भारत में एक मज़बूत भुगतान और निपटान बुनियादी ढाँचा बनाने के लिये भुगतान और निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007 के प्रावधानों के तहत भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) और भारतीय बैंक संघ (IBA) की एक पहल है।

महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना (MSSC) क्या है 

  • महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना (MSSC) आज़ादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में वित्त मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक लघु बचत योजना है, जिसका उद्देश्य महिला निवेशकों को प्रोत्साहित करना है।
  • बालिकाओं सहित किसी भी आयु वर्ग की महिलाएँ, मार्च 2025 तक दो वर्ष की अवधि के लिये न्यूनतम 1000 रुपए और अधिकतम 2 लाख रुपए जमा के साथ MSSC खाता खोल सकती हैं।
  • इस योजना के तहत अब तक 14,83,980 खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें कुल 8,630 करोड़ रुपए जमा हैं।
  • यह योजना 7.5% प्रतिवर्ष की आकर्षक ब्याज दर प्रदान करती है जिसकी गणना त्रैमासिक रूप से की जाती है, साथ ही खाता खोलने के छह माह के बाद किसी भी समय खाते से आंशिक निकासी करने और खाते को समय से पूर्व बंद करने का प्रावधान है, लेकिन ब्याज दर 2% कम हो जाती है। 


कोकोस द्वीप समूह के बारे में जानकारी 

  • भारतीय नौसेना तथा भारतीय वायु सेना के विमानों ने हाल ही में दक्षिणी हिंद महासागर में ऑस्ट्रेलिया के कोकोस (Keeling) द्वीप (CKI) का दौरा किया, जिससे हिंद महासागर में भारत और ऑस्ट्रेलिया की सेनाओं के बीच रणनीतिक पहुँच एवं अंतर-संचालनीयता मज़बूत हुई।
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग CKI में एक ग्राउंड स्टेशन और फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस के रूप में उपयोग के लिये CKI रनवे के नियोजित उन्नयन के साथ भारत के गगनयान मिशन के समर्थन तक आगे बढ़ा है।
  • दोनों देश समुद्री क्षेत्र जागरूकता तथा पनडुब्बी रोधी युद्ध को बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया में जापान और अमेरिका के साथ आगामी मालाबार बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास में भाग लेंगे।
  • विशेष रूप से हिंद महासागर में चीन की बढ़ती नौसैनिक उपस्थिति के जवाब में दोनों देशों के बीच सैन्य जुड़ाव का उद्देश्य क्षेत्र की निगरानी एवं प्रतिक्रिया क्षमताओं को मज़बूत करना है।

 

मणिपुर जातीय हिंसा :स्कूली बच्चों को राहत

  • मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण विस्थापित 14,000 से अधिक स्कूली बच्चों की निरंतर शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिये शिक्षा मंत्रालय द्वारा त्वरित कदम उठाए गए हैं।
  • 3 मई, 2023 को 'आदिवासी एकजुटता मार्च' से मणिपुर में जातीय झड़पों की शुरुआत हुई, यह मार्च मैतेई समुदाय द्वारा अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जे की मांग की प्रतिक्रिया के रूप में आयोजित किया गया था।
  • मैतेई लोगों को मणिपुरी लोगों के रूप में भी जाना जाता है।
  • उनकी प्राथमिक भाषा मैतेईहै, जिसे मणिपुरी भी कहा जाता है और यह मणिपुर की एकमात्र आधिकारिक भाषा है।
  • ये मुख्य रूप से इंफाल घाटी में बसे हुए हैं, हालाँकि इनकी एक बड़ी जनसंख्या असम, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय और मिज़ोरम जैसे भारत के अन्य राज्यों में रहती है।
  • मैतेई लोग कबीलों में विभाजित हैं और एक ही कबीले के सदस्य आपस में विवाह नहीं करते हैं।

 

पीएम यशस्वी योजना: क्या है 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय अन्य पिछड़ा वर्ग (Other Backward Class- OBC), SC, विमुक्त, घुमंतू और अर्द्ध-घुमंतू जनजाति (Denotified, Nomadic and semi-Nomadic Tribe- DNT) तथा आर्थिक रूप से पिछड़ी जाति (Economically Backward Caste- EBC) की श्रेणियों के छात्रों के लिये पीएम यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवार्ड योजना फॉर वाइब्रेंट इंडिया’ (PM Young Achievers Scholarship Award Scheme for Vibrant India- PM YASASVI) नामक एक व्यापक योजना लागू कर रहा है।

योजना के प्रमुख घटकों में शामिल हैं:

  • OBC, EBC और DNT छात्रों के लिये प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति।
  • OBC, EBC और DNT छात्रों के लिये पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति।
  • OBC, EBC और DNT छात्रों के लिये शीर्ष श्रेणी की स्कूली शिक्षा।
  • OBC, EBC और DNT छात्रों के लिये शीर्ष श्रेणी की कॉलेज शिक्षा।
  • OBC बालक-बालिकाओं के लिये छात्रावास का निर्माण।

 

आदि पेरुक्कु क्या होता है ?

  • आदि पेरुक्कु, जिसे पथिनेट्टम पेरुक्कु के नाम से भी जाना जाता है, तमिलनाडु में मानसून के आगमन और जल के जीवनदायी गुणों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिये मनाया जाने वाला एक महत्त्वपूर्ण त्योहार है।
  • तमिल कैलेंडर के अनुसार,आदि महीने के 18वें दिन पड़ने वाला यह त्योहार मानसून की शुरुआत का प्रतीक है, जबकि तमिल मान्यताओं के अनुसार इस त्योहार को मनाने से नदियों में जल स्तर बढ़ता है, जिससे फसल की बुवाई में तथा वनस्पतियों को लाभ होता है।
  • आदि पेरुक्कु के दौरान लोग अनुष्ठान और प्रार्थना करने के लिये नदियों, मूलतः कावेरी नदी के तट पर एकत्रित होते हैं।

 

ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना

  • सरकार की ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना के लिये पहले 8.5 लाख पेड़ों को काटे जाने का अनुमान था, लेकिन अब ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि इसके लिये 9.64 लाख पेड़ों को काटा जा सकता है, जो कि पहले के अनुमान से काफी अधिक है। इस परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों को देखते हुए वनों की कटाई के मुद्दे को राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
  • ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी छोर पर लागू की जाने वाली एक बड़ी परियोजना है।
  • इस परियोजना में एक अंतर्राष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल, एक ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, टाउनशिप विकास तथा द्वीप में 16,610 हेक्टेयर के क्षेत्र में 450 MVA गैस और सौर आधारित विद्युत संयंत्र स्थापित करना शामिल है।


कृषि अवसंरचना कोष (AIF) क्या होता है ?

  • वर्ष 2020 में कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के लॉन्च के बाद से फसल कटाई के बाद के बुनियादी ढाँचे को विकसित करने के उद्देश्य से 1 लाख करोड़ रुपए में से केवल 15% ही वितरित किया गया है।
  • AIF का लक्ष्य, बुनियादी ढाँचे का प्रबंधन तथा पूरे देश में सामुदायिक कृषि परिसंपत्तियों का निर्माण करने हेतु किसानों, कृषि-उद्यमियों, किसान समूहों जैसे- किसान उत्पादक संगठनों (Farmer Producer Organisation- FPO), स्वयं सहायता समूहों (Self Help Group- SHG), संयुक्त देयता समूहों (JLG) आदि और कई अन्य लोगों को फसल कटाई के बाद वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
  • यह 2 करोड़ रुपए तक के ऋण के लिये 3% ब्याज छूट, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों हेतु संशोधित क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट (Credit Guarantee Fund Trust for Micro and Small Enterprises- CGTMSE) योजना के माध्यम से क्रेडिट गारंटी सहायता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की अन्य योजनाओं के साथ अभिसरण की सुविधा प्रदान करता है।

 

गुकेश डी ने FIDE रैंकिंग में विश्वनाथन आनंद को पीछे छोड़ा

  • पाँच बार के विश्व शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद को उन्हीं के शिष्य गुकेश डी ने पीछे छोड़ दिया, वे 36 वर्ष बाद आनंद को पीछे छोड़ कर पारंपरिक शतरंज में अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) की मासिक रेटिंग सूची में शीर्ष रैंक हासिल करने वाले भारतीय होंगे। वह पहली बार शीर्ष 10 की रैंकिंग में भी शामिल होंगे, जबकि यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे तीसरे भारतीय बन जाएंगे।
  • वह विश्व के नंबर 1 शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।
  • FIDE, शतरंज के खेल का शासी निकाय (Governing Body) है, यह सभी अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं को नियंत्रित करता है। इसका गठन एक गैर-सरकारी संस्था के रूप में किया गया है।
  • यह राष्ट्रीय शतरंज संघ का सबसे बड़ा निकाय है, जिसमें सदस्यों के रूप में 199 देश शामिल हैं। 


प्रधानमंत्री जी-वन योजना

  • पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में प्रधानमंत्री जी-वन (जैव इंधन-वातवरण अनुकूल फसल अवशेष निवारण) योजना के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
  • प्रधानमंत्री जी-वन योजना मार्च 2019 में शुरू की गई थी।
  • यह लिग्नोसेल्यूलोसिक बायोमास तथा अन्य नवीकरणीय फीडस्टॉक्स का उपयोग करके दूसरी पीढ़ी (2G) इथेनॉल के लिये एकीकृत जैव-इथेनॉल परियोजनाओं पर केंद्रित है।
  • कुल वित्तीय आवंटन: 1969.50 करोड़ रुपए (वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक)।
  • इस योजना के तहत वाणिज्यिक व्यवहार्यता बढ़ाने, अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने तथा 2G इथेनॉल के उत्पादन के क्षेत्र में प्रौद्योगिकियों को अपनाने सहित वाणिज्यिक परियोजनाओं के लिये प्रति परियोजना 150 करोड़ रुपए के साथ ही प्रदर्शन परियोजनाओं के लिये प्रति परियोजना 15 करोड़ रुपए की अधिकतम वित्तीय सहायता निर्धारित की गई है।
  • लाभान्वित होने वाले प्रमुख राज्य: पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, असम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश।
  • बायो-एथेनॉल को बढ़ावा देने के लिये पीएम जी-वन योजना की आगामी पहल: गैर-मिश्रित ईंधन पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाना, इथेनॉल खरीद समझौते (EPA), फीडस्टॉक का विविधीकरण, 2G इथेनॉल के लिये अलग कीमत, EBP कार्यक्रम के लिये इथेनॉल पर GST को कम करना।

  

विश्व तीरंदाज़ी चैंपियनशिप और भारत 

  • प्रधानमंत्री ने बर्लिन में विश्व तीरंदाज़ी चैंपियनशिप में भारत के लिये पहला स्वर्ण पदक हासिल करने हेतु ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की भारतीय महिला कंपाउंड टीम को बधाई दी।
  • अदिति गोपीचंद स्वामी 17 वर्ष की उम्र में विश्व तीरंदाज़ी चैंपियनशिप में व्यक्तिगत कंपाउंड स्वर्ण पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की वरिष्ठ विश्व चैंपियन और पहली भारतीय बनीं।
  • विश्व तीरंदाज़ी ओलंपिक और पैरालंपिक खेल तीरंदाज़ी का अंतर्राष्ट्रीय संघ है।
  • संगठन की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी और इसकी ज़िम्मेदारी विश्व भर में तीरंदाज़ी का विनियमन करना एवं उसे बढ़ावा देना है।
  • विश्व तीरंदाज़ी संघ का कार्यालय स्विट्ज़रलैंड की ओलंपिक राजधानी लॉज़ेन में स्थित है।


नॉर्समैन एक्सट्रीम ट्रायथलॉन

  • नॉर्समैन एक्सट्रीम ट्रायथलॉन का 2023 संस्करण 5 अगस्त को नॉर्वे में संपन्न हुआ, जिसमें 35 देशों के 290 एथलीट्स ने दौड़ में हिस्सा लिया।
  • नॉर्समैन एक्सट्रीम ट्रायथलॉन दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण और प्रतिष्ठित कठिनतम प्रतियोगिताओं में से एक है। यह लंबी दूरी की ट्रायथलॉन है जिसमें 3.8 किमी. की तैराकी, 180 किमी. की बाइक की सवारी और 5,230 मीटर की कुल ऊंचाई के आरोहण चढ़ने के साथ 42.2 किमी की दौड़ भी शामिल है।
  • यह दौड़ हार्डेंजरफजॉर्ड के ठंडे पानी में एक नौका से छलांग लगाने के साथ शुरू होती है और नॉर्वे की सबसे ऊँची चोटियों में से एक माउंट गौस्टाटोपेन के शिखर पर अंतिम पर्वतारोहण के साथ समाप्त होती है। 


माया' OS  क्या है 

  • भारत के रक्षा मंत्रालय ने इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटरों पर माइक्रोसॉफ्ट ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) को ओपन-सोर्स उबंटू (Ubuntu) पर आधारित स्थानीय रूप से विकसित माया नामक एक नए OS से बदलने का फैसला किया है।
  • माया (Maya) में परिवर्तन का उद्देश्य उपयोगकर्त्ता को बाधित किये बिना सुरक्षा को मज़बूत करना है, क्योंकि यह विंडोज़ के समान इंटरफेस और कार्यक्षमता प्रदान करता है।
  • यह कदम साइबर हमलों की बढ़ती घटनाओं के कारण उठाया गया है।
  • माया के कार्यान्वयन के साथ-साथ इन प्रणालियों को मज़बूत करने के लिये एक व्यापक 'अंतः बिंदु पहचान और सुरक्षा प्रणाली,' चक्रव्यूह भी पेश किया जा रहा है।

 

कंजंक्टिवाइटिस क्या होता है ?

  • भारत में मानसून के मौसम के दौरान कंजंक्टिवाइटिस के मामले बढ़ रहे हैं, क्योंकि उच्च आर्द्रता और वर्षा संक्रमण के संचरण के लिये अनुकूल वातावरण बनाती है।
  • इसे "गुलाबी आँख (Pink Eye)" के रूप में भी जाना जाता है, कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) एक आँख की बीमारी है जो कंजक्टिवा (पतली झिल्ली जो आँख के सफेद भाग को कवर करती है और आंतरिक पलकों को ढक देती है) की परत की जलन या सूजन है।
  • इससे प्रभावित आँख में लालिमा, खुजली, स्राव और दर्द होता है।
  • यह वायरस, बैक्टीरिया, एलर्जी या अन्य कारकों के कारण हो सकता है।
  • वायरल और बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस दूषित हाथों या सतहों के सीधे संपर्क से फैल सकता है।
  • एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस संक्रामक नहीं है और एलर्जी के संपर्क में आने से होता है।
  • कंजंक्टिवाइटिस को रोकने के लिये व्यक्ति को बार-बार हाथ धोना चाहिये, आँखों को छूने या रगड़ने से बचना चाहिये, व्यक्तिगत वस्तुओं को दूसरों के साथ साझा नहीं करना चाहिये, धूप का चश्मा या सुरक्षात्मक आईवियर पहनना चाहिये तथा उन लोगों से दूर रहना चाहिये जिन्हें कंजंक्टिवाइटिस है।

 

सुस्वागतम पोर्टल क्या है ?

  • सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court- SC) ने 'सुस्वागतम' पोर्टल लॉन्च करने की घोषणा की, जो अधिवक्ताओं, आगंतुकों, प्रशिक्षुओं और अन्य लोगों को स्वयं को ऑनलाइन पंजीकृत करने तथा शीर्ष न्यायालय (Apex Court) में प्रवेश के लिये ई-पास (E-Passes) प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा।
  • जुलाई 2023 में पोर्टल का पायलट प्रोजेक्ट (Pilot Project) के रूप में परीक्षण किया गया और उसे उपयोगकर्त्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ मिलीं।
  • यह एक वेब-आधारित और मोबाइल-अनुकूल एप्लीकेशन है जो उपयोगकर्त्ताओं को विभिन्न उद्देश्यों जैसे कि न्यायालय की सुनवाई में भाग लेने, अधिवक्ताओं से मिलने आदि के लिये ई-पास के लिये अनुरोध करने की अनुमति देता है।


मालाबार 2023 में INS सह्याद्रि और INS कोलकाता हिस्सा लेंगे

  • भारतीय नौसेना के स्वदेशी युद्धपोत INS सह्याद्रि और INS कोलकाता, मालाबार अभ्यास 2023 में भाग लेंगे इस अभ्यास का आयोजन 11 से 21 अगस्त, 2023 तक सिडनी के निकट क्या जाना है।
  • अमेरिकी नौसेना (USN), जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (JMSDF) और रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी (RAN) के जहाज़ और विमान भी इस अभ्यास का हिस्सा होंगे।
  • वर्ष 1992 में भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच द्विपक्षीय प्रयास के रूप में शुरू हुई समुद्री अभ्यास की मालाबार शृंखला का उल्लेखनीय रूप से विकास हुआ है, जो अब भारत-प्रशांत क्षेत्र के चार महत्त्वपूर्ण नौसैनिक बलों को शामिल करती है।

 

अभ्यास 'जायद तलवार' के बारे में 

  • भारतीय नौसेना के दो जहाज़- INS विशाखापत्तनम और INS त्रिकंद द्विपक्षीय अभ्यास 'जायद तलवार' में हिस्सा लेने हेतु पोर्ट रशीद, दुबई, संयुक्त अरब अमीरात गए।
  • इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री साझेदारी को बढ़ावा देना और क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों की आम समझ को बढ़ावा देना है।
  • दोनों देशों के बीच अन्य द्विपक्षीय अभ्यासों में शामिल हैं: इन-UAE बिलैट (द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास), डेज़र्ट ईगल- II (द्विपक्षीय वायु सेना अभ्यास) और एक्सरसाइज़ डेज़र्ट फ्लैग-VI।।
  • भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने 1972 में राजनयिक संबंध स्थापित किये।
  • वर्ष 2022-23 में संयुक्त अरब अमीरात भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार और दूसरा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य था।

 

हवाना सिंड्रोम क्या है ?

  • केंद्र सरकार ने कर्नाटक उच्च न्यायालय से कहा है कि वह भारत में 'हवाना सिंड्रोम' के मामले पर गौर करेगी। यह बंगलूरू के एक निवासी की याचिका के जवाब में था, जिसने भारत में हवाना सिंड्रोम पर जाँच के लिये परमादेश रिट जारी करने का अनुरोध करते हुए उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया था।
  • सार्वजनिक प्राधिकरण को अपना कर्त्तव्य निभाने का निर्देश देने हेतु परमादेश रिट जारी की जाती है।
  • हवाना सिंड्रोम मानसिक स्वास्थ्य लक्षणों के एक समूह को संदर्भित करता है जिसमें बिना किसी बाहरी शोर के कुछ आवाजें सुनना, मतली, चक्कर और सिरदर्द, स्मृति हानि तथा संतुलन संबंधी समस्याएँ शामिल हैं।
  • इसके शुरुआती पीड़ित वर्ष 2016 के अंत में हवाना (क्यूबा) में मिले।
  • हवाना सिंड्रोम के पीछे के कारण पूरी तरह से निश्चित नहीं थे लेकिन अनुमान यह लगाया गया था कि इससे "ध्वनि संबंधी समस्या" हो सकती है।
  • कुछ अमेरिकी आधारित अध्ययनों से पता चलता है कि पीड़ितों को उच्च शक्ति वाले माइक्रोवेव के संपर्क में लाया गया होगा जिससे तंत्रिका तंत्र क्षतिग्रस्त हो जाता है।
  • उच्च शक्ति वाले माइक्रोवेव की किरणें एक विशेष गैजेट अर्थात् एक "माइक्रोवेव हथियार" के माध्यम से भेजी गई होंगी, हालाँकि उनके अस्तित्व का कोई निर्णायक साक्ष्य नहीं है।

 

राष्ट्रीय पांडुलिपि विधेयक, 2023

  • भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इसकी प्राचीन पांडुलिपियों में समाहित है, जो अमूल्य ज्ञान का भण्डार हैं  और अपना एक ऐतिहासिक महत्त्व रखती हैं। हालाँकि, इनमें से कई पांडुलिपियों का देश के भीतर और बाहर खो जाना अथवा नष्ट हो जाना चिंता का विषय बन गया है। भारत सरकार राष्ट्रीय पांडुलिपि विधेयक, 2023 के माध्यम से इस समस्या का हल करने की तैयारी में जुटी हुई है।
  • इस विधेयक का प्राथमिक उद्देश्य विश्व भर में भारतीय विरासत ग्रंथों का दस्तावेज़ीकरण और सूचीबद्ध करना, सटीक जानकारी बनाए रखना और परामर्श शर्तें निर्दिष्ट करना है।
  • यह विधेयक 10 सदस्यों वाले राष्ट्रीय पांडुलिपि प्राधिकरण (National Manuscripts Authority- NMA) की स्थापना का प्रस्ताव रखता है, जिसकी अध्यक्षता संस्कृति मंत्री द्वारा की जायेगी, साथ ही इसमें संस्कृति, वित्त, शिक्षा और निजी एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
  • यह प्राधिकरण पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संरक्षण, संपादन और प्रकाशन की देखरेख का कार्य करेगा।
  • इस प्राधिकरण के पास पांडुलिपि तक पहुँच को विनियमित करने, चोरी की जाँच करने और क्षति अथवा चोरी के खिलाफ सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये सिविल कोर्ट की शक्तियाँ होंगी।
  • यह एक विशेषज्ञ समिति द्वारा निर्धारित मुआवजे के साथ, किसी सामग्री के महत्त्व के आधार पर निजी मालिकों से पांडुलिपियाँ हासिल कर सकता है।
  • पांडुलिपियाँ ताड़ के पत्ते, काग, कपड़े और छाल जैसी सामग्रियों पर संस्कृत तथा क्षेत्रीय भाषाओं में लिखी गई हस्तलिखित रचनाएँ होती हैं, जो कम से कम 75 वर्ष पुरानी होती हैं।
  • भारत में 80 प्राचीन लिपियों में लिखित लगभग 10 मिलियन पांडुलिपियाँ मिली हैं, जिनके संरक्षण की ज़िम्मेदारी राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन की है।
  • बख्शाली पांडुलिपि, तीसरी अथवा चौथी शताब्दी ईस्वी पूर्व का एक प्राचीन गणितीय पाठ है जिससे शून्य के प्रारंभिक उपयोग का पता चलता है।

 

ओडीओपी वॉल'

  • एक ज़िला एक उत्पाद (ODOP) और दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास के माध्यम से 'ओडीओपी वॉल' पेश की गई है। यह पहल विश्व स्तर पर भारत की असाधारण शिल्प विरासत के अनुरूप है।
  • 'ओडीओपी वॉल' का उद्देश्य दुनिया भर में भारत की शिल्प विशिष्टता को प्रदर्शित करना है।
  • ओडीओपी पहल संतुलित क्षेत्रीय विकास में वृद्धि, प्रत्येक ज़िले से एक अद्वितीय उत्पाद को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
  • इसमें हथकरघा, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों सहित विविध प्रकार के उत्पाद शामिल हैं।
  • यह सहयोग सांस्कृतिक महत्त्व और अद्वितीय गुणों वाले उत्पादों की पहचान करता है और उन्हें बढ़ावा देता है।
  • यह बिक्री को बढ़ावा देता है और ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों (SHGs) तथा स्वदेशी शिल्प का समर्थन करता है।

 

विंध्यगिरि क्या है 

  • 17 अगस्त, 2023 को भारत के राष्ट्रपति कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड में प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट, विंध्यगिरि का शुभारंभ करेंगे।
  • यह जहाज़, प्रोजेक्ट 17A फ्रिगेट शृंखला का छठा जहाज़ है, जिसका नाम कर्नाटक पर्वत शृंखला से लिया गया है।
  • यह फ्रिगेट प्रोजेक्ट 17 क्लास फ्रिगेट्स (शिवालिक क्लास) का एक विकसित रूप है, जिसमें उन्नत स्टील्थ क्षमताएँ, उन्नत हथियार, सेंसर और प्लेटफाॅर्म प्रबंधन प्रणालियाँ शामिल हैं।
  • तकनीकी रूप से परिष्कृत विंध्यगिरि अपने पूर्ववर्ती, पूर्व INS विंध्यगिरि, लिएंडर क्लास ASW फ्रिगेट को उत्कृष्टता प्रदान करता है।
  • आत्मनिर्भरता के प्रति देश की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रोजेक्ट 17A जहाज़ों के लिये महत्त्वपूर्ण 75% उपकरण तथा सिस्टम ऑर्डर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) सहित स्वदेशी फर्मों से संबद्ध है

 

A-HELP कार्यक्रम क्या है ?

  • केंद्रीय पशुपालन और डेयरी मंत्री ने 'A-HELP' (पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादन के विस्तार के लिये मान्यता प्राप्त एजेंट) कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
  • यह कार्यक्रम आज़ादी का अमृत महोत्सव पहल तथा पशुधन वृद्धि को बढ़ावा देने वाले पशुधन जागृति अभियान व राष्ट्रीय गोकुल मिशन के लक्ष्यों का हिस्सा है।
  • पशुधन जागृति अभियान पशुधन स्वास्थ्य, रोग प्रबंधन और पशु बाँझपन के महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित है।
  • राष्ट्रीय गोकुल मिशन स्वदेशी मवेशियों और भैंसों के वैज्ञानिक संरक्षण को बढ़ावा देते हुए उन्नत तकनीकों, उच्च आनुवंशिक योग्यता वाले साँडों तथा घर-घर कृत्रिम गर्भाधान के उपयोग से गोजातीय उत्पादकता में निरंतर वृद्धि पर केंद्रित है।
  • ‘A-HELP’ कार्यक्रम के तहत पशुओं के रोग नियंत्रण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु टैगिंग और पशुधन बीमा के लिये प्रशिक्षित महिला एजेंटों को सूचीबद्ध किया गया है।
  • महिलाओं को सशक्त बनाने और पशुधन में वृद्धि करने के उद्देश्य से 'A-HELP' कार्यक्रम ग्रामीण समुदायों की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में योगदान करेगा।


नैनोमैकेनिकल परीक्षण प्रौद्योगिकी

  • भारतीय वैज्ञानिक डॉ. सुदर्शन फानी ने अत्यंत छोटे पैमाने पर सामग्रियों के सटीक नैनोमैकेनिकल परीक्षण के लिये एक नवीन विधि विकसित की है।
  • नई तकनीक नैनोइंडेंटेशन परीक्षण की परिशुद्धता और सटीकता को बढ़ाती है, जिससे उच्च दरों पर उच्च प्रवाह क्षमता परीक्षण की अनुमति मिलती है।
  • नैनोइंडेंटेशन के व्यापक अनुप्रयोग हैं, जिसमें सेमीकंडक्टर डिवाइस की शक्ति को मापना और कैंसर सेल अनुसंधान एवं उल्कापिंड निर्माण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सामग्री के गुणों को समझना शामिल है।
  • इस दृष्टिकोण में इंडेंटेशन परीक्षणों के दौरान सामग्री प्रतिक्रियाओं को समझने के लिये व्यापक मॉडलिंग और सिमुलेशन शामिल था, जिससे परिशुद्धता तथा सटीकता में अनुरूप सुधार हुआ।
  • नई पद्धति तीव्र गति से उच्च परिशुद्धता और उच्च सटीकता वाले नैनोइंडेंटेशन माप हेतु मंच तैयार करती है, जो सामग्री शक्ति माप से संबंधित विविध वैज्ञानिक अनुसंधान क्षेत्रों को प्रभावित करती है।

 

राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS)

  • राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (National Crime Records Bureau - NCRB) की राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) ने प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (Department of Administrative Reforms and Public Grievances- DARPG) के डिजिटल परिवर्तन श्रेणी -1 के लिये सरकारी प्रक्रिया पुनर्रचना में उत्कृष्टता हेतु स्वर्ण पुरस्कार जीता।
  • NAFIS, NCRB द्वारा प्रबंधित एक राष्ट्रव्यापी डेटाबेस है, जो अपराध से संबंधित उंगलियों के निशान तेज़ी से संग्रहीत करता है तथा 24 घंटे के भीतर पकड़े गए अपराधियों को एक अद्वितीय 10-अंकीय राष्ट्रीय फिंगरप्रिंट नंबर (National Fingerprint Number- NFN) प्रदान करता है।
  • NFN पूरे जीवन अपराधी के पास रहता है, अलग-अलग FIR के तहत विभिन्न अपराधों को एक ही ID से जोड़ता है।
  • ID में राज्य कोड (पहले दो अंक) और राज्यों के लिये विशिष्ट अनुक्रमिक संख्या शामिल होती है।
  • NAFIS अपराधी व्यक्तियों की तेज़ी से पहचान करता है, उनके नाम को पुलिस संदर्भ प्रणालियों में वारंट, चेतावनियों और संबंधित आपराधिक डेटा से जोड़ता है।
  • यह नई दिल्ली के सेंट्रल फिंगरप्रिंट ब्यूरो (Central Fingerprint Bureau- CFPB) से संचालित होता है।
  • NAFIS का लक्ष्य सभी भारतीय राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से अपराधियों के फिंगरप्रिंट डेटा एकत्र करना है, जो कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा वास्तविक समय में जानकारी अपलोड करने, ट्रैकिंग और पुनर्प्राप्ति के लिये एक वेब-आधारित मंच प्रदान करता है।

 

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार

  • भारतीय रिज़र्व बैंक (Reserve Bank of India) के नवीनतम आँकड़ों के अनुसार, 11 अगस्त, 2023 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) 708 मिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 602.16 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है।
  • विदेशी मुद्रा भंडार का आशय एक केंद्रीय बैंक द्वारा विदेशी मुद्राओं में रिज़र्व पर रखी गई परिसंपत्ति से है, जिसमें बाॅण्ड, ट्रेज़री बिल और अन्य सरकारी प्रतिभूतियाँ शामिल हो सकती हैं।

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में शामिल हैं:

  • विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार (Special Drawing Rights) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (International Monetary Fund- IMF) के पास आरक्षित स्थिति।
  • FCA ऐसी परिसंपत्तियाँ हैं जिनका मूल्यांकन देश की अपनी मुद्रा के अलावा किसी अन्य मुद्रा के आधार पर किया जाता है।
  • अक्तूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) 645 बिलियन अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुँच गया।

 

तूफान हिलेरी

  • तूफान हिलेरी, श्रेणी- 4 का एक प्रमुख तूफान है जो 16 अगस्त, 2023 को पूर्वी प्रशांत महासागर में देखा गया था।
  • तूफानों को सैफिर-सिम्पसन तूफान विंड स्केल पर वर्गीकृत किया जाता है तथा हवा की गति के आधार पर 1 से 5 के पैमाने पर उनकी श्रेणी तय की जाती है।
  • जो तूफान श्रेणी तीन या उससे ऊपर तक पहुँचते हैं उन्हें प्रमुख तूफान के रूप में वर्गीकृत किया जाता है।
  • वर्ष 1939 के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया में आने वाला यह पहला उष्णकटिबंधीय तूफान है।
  • तूफान हिलेरी कई कारकों के संयोजन के कारण कैलिफोर्निया की ओर बढ़ रहा है, जैसे कि पश्चिमी अमेरिका में उच्च दबाव प्रणाली, पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में कम दबाव प्रणाली और एक अल नीनो घटना जो भूमध्य रेखा के पास समुद्र के पानी को गर्म करती है।
  • ये कारक उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के बनने और मैक्सिको तथा मध्य अमेरिका के तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ने के लिये अनुकूल वातावरण बनाते हैं।
  • हालाँकि अमेरिका के पश्चिमी तट पर ठंडे पानी, ठंडी धाराओं और प्रतिकूल हवाओं के कारण इनमें से अधिकांश तूफान कैलिफोर्निया पहुँचने से पहले कमज़ोर हो जाते हैं या पश्चिम की ओर मुड़ जाते हैं।
  • हिलेरी एक अपवाद है क्योंकि उसने अपनी ताकत बरकरार रखी है और सामान्य से अधिक उत्तरी ट्रैक का पालन किया है।

 

महिला फीफा विश्व कप 2023

  • ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की संयुक्त मेज़बानी में 32 टीमों की भागीदारी वाला महिला फीफा विश्व कप 2023 हाल ही में संपन्न हुआ।
  • फाइनल मैच 20 अगस्त, 2023 को आयोजित किया गया था जहाँ स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराकर अपनी पहली विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के साथ स्पेन, जर्मनी के बाद पुरुष और महिला दोनों विश्व कप जीतने वाला दूसरा देश बन गया।
  • प्रतियोगिता के चार पिछले चैंपियन हैं: संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, जापान और नॉर्वे। 

 

डूरंड कप 2023

  • डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत वर्ष 1888 में सर हेनरी मोर्टिमर डूरंड द्वारा शिमला में की गई थी जो तत्कालीन भारत सरकार में विदेश सचिव थे।
  • डूरंड कप  एशिया तथा भारत में सबसे पुराना साथ ही यह विश्व का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है।
  • वर्तमान में चल रहे 132वें संस्करण (3 अगस्त से 3 सितंबर, 2023) का आयोजन भारत के सशस्त्र बलों द्वारा किया गया है।
  • टूर्नामेंट के प्रारूप में दो चरण शामिल हैं: ग्रुप चरण (Group Stage) और नॉकआउट राउंड।
  • डूरंड कप टूर्नामेंट अद्वितीय है जिसमें विजेता टीम को तीन ट्रॉफियाँ मिलती हैं जिनमें डूरंड कप (एक रोलिंग ट्रॉफी और मूल पुरस्कार), शिमला ट्रॉफी (एक रोलिंग ट्रॉफी, पहली बार 1904 में शिमला के निवासियों द्वारा दी गई) तथा प्रेसिडेंट्स कप (स्थायी रूप से रखने के लिये, पहली बार 1956 में भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा प्रस्तुत किया गया था) शामिल हैं।

 

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023

  • भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023  में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्द्धा में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार पुनः इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने 88.17 मीटर का भाला फेंक रिकॉर्ड हासिल किया।
  • बुडापेस्ट में अपनी हालिया जीत से पहले नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक (टोक्यो 2020) में स्वर्ण पदक जीतने, डायमंड लीग खिताब (2022) हासिल करने और जूनियर विश्व चैंपियनशिप (2016) जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड एथलीट होने का गौरव प्राप्त किया था।

 

शिव शक्ति, तिरंगा और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

  • भारत के प्रधानमंत्री ने चंद्रयान -3 की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिये इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी और 23 अगस्त को भारत में 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (National Space Day)' के रूप में मनाए जाने की घोषणा की।
  • साथ ही विक्रम लैंडर की टचडाउन साइट को 'शिव शक्ति' और वर्ष 2019 के चंद्रयान-2 के लैंडर की क्रैश साइट को 'तिरंगा' नाम दिया गया है।

कंपाला घोषणा क्या है ?

  • महाद्वीप पर मानव गतिशीलता और जलवायु परिवर्तन के बीच अंतर्संबंध को संबोधित करने के लिये प्रवासन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर कंपाला मंत्रिस्तरीय घोषणा (Kampala Ministerial Declaration on Migration, Environment and Climate Change- KDMECC) को अपनाने हेतु 48 अफ्रीकी देशों द्वारा एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
  • इस निर्णय पर केन्या और युगांडा द्वारा सह-आयोजित राज्यों के सम्मेलन में चर्चा की गई। इस पहल को अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) एवं जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) द्वारा समर्थन प्रदान किया गया था।
  • IOM की उत्पत्ति वर्ष 1951 में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पश्चिमी यूरोप में अराजकता और विस्थापन के कारण हुई थी।
  • अफ्रीका जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है, जिससे चरम मौसम की घटनाओं के कारण प्रवासन बढ़ रहा है।
  • KDMECC पर मूल रूप से जुलाई 2022 में कंपाला, युगांडा में 15 अफ्रीकी राज्यों द्वारा हस्ताक्षर किये गए थे। KDMECC-AFRICA पर 4 सितंबर, 2023 को नैरोबी में अफ्रीका जलवायु शिखर सम्मेलन के दौरान सदस्य राज्यों द्वारा हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है।
  • घोषणापत्र व्यावहारिक और प्रभावी तरीके से जलवायु-प्रेरित गतिशीलता को संबोधित करने के लिये सदस्य राज्यों के नेतृत्व में पहला व्यापक, कार्रवाई-उन्मुख ढाँचा है।
  • KDMECC-AFRICA यह सुनिश्चित करेगा कि युवाओं, महिलाओं और कमज़ोर परिस्थितियों में रहने वाले व्यक्तियों सहित सभी आवाज़ें विस्तारित घोषणा की प्राथमिकता हों

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.