Environmental Terminology in Hindi | पर्यावरण शब्दावली

Environmental Terminology in Hindi 

 पर्यावरण शब्दावली 

Environmental Terminology in Hindi   पर्यावरण शब्दावली


जैव सुदृढ़ीकरण (Bio-fortification)

  • वह प्रक्रिया जिसके द्वारा कृषक पद्धतियों, परम्परागत पादप प्रजनन या आधुनिक जैव तकनीक का प्रयोग करके खाद्य फसलों की पोषणात्मक गुणवत्ता में सुधार किया जाता है। 

जैव-भूरासायनिक चक्र (Biogeochemical Cycle)

  •  जैविक, भू-गर्भिक और रासायनिक अन्तक्रियाओं का एक चक्र जिसके द्वारा जैविक एवं अजैविक तत्व पारितंत्रों में संचरण करती है। यह चक्र प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सौर ऊर्जा द्वारा नियंत्रित एवं संचालित होती है। 

जैविक विलुप्ति (Bio Extinction)

  • एक प्रजाति का पूर्ण रूप से लुप्त हो जाना। यह एक चिरस्थायी हानि है जिसके पश्चात पृथ्वी पर उस विलुप्त प्रजाति का कोई भी सदस्य बचा नहीं रह पाता है।

जैव-चिकित्सकीय कचरा

  • मुख्यत: अस्पतालों और क्लीनिकों से उत्पन्न होने वाला कचरा जिसमें रक्त, अंग, जहरीली दवाएं इत्यादि शामिल होती हैं। 

जैव कीटनाशकः

  • जंतुओं, पादपों, जीवाणुओं तथा खनिजों से प्राप्त किये जाने वाले कीटनाशक।

जीन अभियांत्रिकी (Genetic Engineering)

  • किसी जीव की लाक्षणिक विशेषताओं को बदलने के लिए उसके जीनों में किया जाने वाला हस्तक्षेपकारी परिवर्तन। उदाहरण के लिए एक जीव के अनुकूल जीन को किसी दूसरे जीव के जीन में डालना।

जैव आंतकवाद (Bio-Terrorism)

  •  वह आतंकवाद जिसमें जानबूझ कर जैविक घटकों (Biological Agent) को छोड़ा या उनका प्रसार किया जाता है, जैव आतंकवाद (Bioterrorism) कहलाता है।

जैव रासायनिक ऑक्सीजन माँग (Biochemical Oxygen Demand-BOD)

  • जैविक कचरे के अपघटन के लिए सूक्ष्म जीवों द्वारा प्रयुक्त की जाने वाली ऑक्सीजन की आवश्यक मात्रा।

पलायक प्रजातियाँ (Migratory Species )

  • पर्यावरणीय दशाओं में परिवर्तन के कारण एक स्थान से दूसरे में पलायन करने की योग्यता रखने वाली प्रजातियाँ। 

प्राथमिक उत्पादक (Primary Producers)

  • प्रकाश संश्लेषण द्वारा अपना आहार स्वयं बनाने वाले हरे पौधों को प्राथमिक उत्पादक कहते हैं।

प्राथमिक उपभोक्ता (Primary Consumers)

  • ऐसे शाकाहारी जन्तु जो अपने भोजन की प्राप्ति के लिए हरे पौधों पर निर्भर रहते हैं प्राथमिक उपभोक्ता कहते हैं.

परपोषी (Parasites)

  • अपने आहार की आपूर्ति के लिए दूसरे जीवित जीवों पर निर्भर रहने वाले जन्तुओं को परपोषी कहते हैं।

प्रधान प्रजातियाँ (Prime Species)

  • ऐसी प्रजातियाँ जो अपने विशाल आकार या बहुलता के कारण समुदाय पर व्यापक प्रभाव रखती हैं। इसकी प्रबल प्रतिस्पर्धात्मक योग्यता या इनके द्वारा अन्य प्रजातियों के लिए निवास या भोजन के प्रबंधन के कारण इनको आधारभूत प्रजातियाँ भी कहा जाता है।

 

पारिस्थितिकीय पदचिह्न (Ecological Footprint)

  • जनसंख्या के पालन-पोषण के लिए आवश्यक उत्पादक पारितंत्रों का कुल क्षेत्र। पारिस्थितिकीय उत्पादकता (Ecological Productivity) प्रतिक्षेत्र इकाई एवं प्रति समय इकाई में हरे पौधों द्वारा जैविक उत्पादन की दर को पारिस्थितिकीय या प्राथमिक उत्पादकता कहते हैं।

पारिस्थितिकी (Ecology) 

  • पारिस्थितिकी वह विज्ञान है जिसके अंतर्गत किसी निश्चित पारिस्थितिक तंत्र में एक तरफ अजैविक एक जैविक संघटकों के मध्य तथा दूसरी तरफ जैविक संघटकों के मध्य अन्तक्रियाओं एवं अन्नर्तसम्बन्धों का अध्ययन करते हैं।

 

प्रवाल भित्ति (Coral reefs)

  • प्रवाल नामक सूक्ष्म जीवों के द्वारा निर्मित चूना-पत्थर की रंगीन सुरक्षात्मक पर्पटी ।

पारिस्थितिकीय विलोपन (Ecological Extinction )

  • एक प्रजाति की वह दशा जब उसके कम सदस्य बचे रह पाते हैं कि वह प्रजाति समुदाय में अपनी सामान्य पारिस्थितिकीय भूमिका को निभाने में असमर्थ हो जाती है । 

पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन (Environmental Impact Assessment)

  • प्राकृतिक और सामाजिक पर्यावरण पर एक नयी परियोजना के संभावित दीर्घकालिक और अल्पकालिक प्रभाव का अध्ययन।

पर्यावरणीय शरणार्थी

  • ऐसा व्यक्ति या जीव जो पर्यावरण के विनाश या विकास परियोजनाओं के कारण विस्थापित किया गया है।

प्रदूषणकर्ता भुगतान सिद्धांत

  • वह सिद्धांत जिसके द्वारा एक प्रदूषणकर्ता को उसके द्वारा की गयी पर्यावरण की क्षति की पूर्ति करने के लिए भुगतान करना पड़ता है।

पवित्र उद्यान

  • ऐसा वन जो सामाजिक परम्पराओं और निषेधों के माध्यम से स्थानीय समुदाय द्वारा संरक्षित होता है और अध्यात्मिक और पारिस्थितिकीय मूल्य रखता है।

पारिस्थितिक ढाल (Ecological Shield) : 

  • दो आसन्न बायोम लेकिन अलग-अलग परिदृश्य के बीच एक संक्रमण क्षेत्र.

पारस्परिक आश्रयः

  • दो अलग-अलग प्रजातियों के जीवों के बीच जैविक क्रिया जहाँ प्रत्येक प्रजाति एक-दूसरे से लाभ प्राप्त करती है ।

Environment Terms

परमाणु कचरा

  • परमाणु कचरा या रेडियो-एक्टिव अपशिष्ट परमाणु बिजली संयंत्र द्वारा निष्काषित की जाने वाली रेडियो-एक्टिव सामग्री है। अस्पताल या प्रयोगशाला से भी रेडियो-एक्टिव सामग्री का रिसाव होता है।

प्रमाणित उत्सर्जन कमी (Certified Emission Reduction or CER)

  • क्योटो प्रोटोकॉल (Kyoto Protocol) के अनुसार CER इकाई 1 मीट्रिक टन CO, के बराबर है, CER को स्वच्छ विकास तंत्र (Clean Development Mechanism-CDM) परियोजना की गतिविधियों के अंतर्गत उत्सर्जन में कमी के लिए जारी किया जाता है। CER के दो विशिष्ट प्रकार है जिन्हें अस्थाई प्रमाणित उत्सर्जन (Temporary Certified Emission Reduction-TCER) तथा दीर्घावधि प्रमाणित उत्सर्जन कमी (Long-term Certified Emission Reduction--LCERs) कहा जाता हैं। ये CDM परियोजना के पुनर्वनीकरण तथा वनारोपण (Reforestation and Afforestation ) कार्यक्रमों के लिए जारी किए जाते है।

 

प्लास्टिक कल्चर (Plastic Culture)

  • कृषि अनुप्रयोगों में प्लास्टिक पदार्थों के उपयोग को Plastic Culture का नाम दिया गया है। आमतौर पर इसका उपयोग सभी प्रकार के पौधे तथा मृदा की प्लास्टिक कवरिंग के लिए किया जाता है। इसके अन्तर्गत गीली घास (Mulch Film), पंक्ति का आच्छादन (Row Covering), तथा प्लास्टिक हरित गृह के आच्छादन (Plastic Green House Covering ) आते हैं।

फोटोवोल्टाइक सेल (Photovoltaic Cell)

  • एक उपकरण जो सौर ऊर्जा को प्रत्यक्ष रूप से विद्युत ऊर्जा में बदल देता है।

जैव भार (Biomass)

  • किसी विशेष क्षेत्र अथवा पोषण स्तर में विद्यमान सकल शुष्क जैव भार को जैव भार कहते हैं।

जैव भार पिरामिड (Biomass Pyramid)

  • पारिस्थितिक तंत्र आहार श्रृंखला के सभी पोषण स्तरों पर भण्डारित समस्त जीवों के सकल भार के पिरामिड को जैव भार पिरामिड कहते हैं।

 

बायोम (Biome)

  • किसी प्रधान पारितंत्र में समस्त पादपों, जन्तुओं एवं उनकी वृहद क्षेत्रीयता को सम्मिलित करके उनका एक इकाई के रूप में अध्ययन बायोम कहलाता है।

बायोगैस (Biogas) :

  • पशुओं के गोबर और वानस्पतिक अपशिष्ट जैसे जैविक पदार्थों के अवायवीय अपघटन की प्रक्रिया से उत्पन्न होने वाली गैस।

बायोलीचिंग (Bioleaching) 

  • जीवों द्वारा किसी विशिष्ट धातु(Metal) का उसके अयस्क (Ore) से निष्कर्षण बायोलीचिंग कहलाता है।

बायोपायरेसी (Biopiracy)

  •  पेटेंट प्रक्रिया द्वारा आनुवंशिक पदार्थों विशेषकर पौधों तथा जीव पदार्थों की चोरी बायोपायरेसी कहलाती है। बायोपायरेसी वह परिस्थिति है, जिसमें स्थानीय लोगों के पारंपरिक ज्ञान का व्यावसायिक उपयोग तथा लाभ, बिना स्थानीय लोगों की अनुमति तथा बिना उन्हें क्षतिपूर्ति दिए किया जाता है. 

बायो वेब (Bioweb)

  • बायो वेब का अर्थ वेब-सक्षम जैविक युक्ति (Web Enabled Biological Device), जैसे- पेड़, पौधे, तथा फूलों से है जो वस्तुओं से इंटरनेट का विस्तार प्राकृतिक संवेदी जीवित वस्तुओं तक करते हैं ।

बायोवेब युक्ति (Bio-Web Device)

  • यह वास्तविक समय पारिस्थितिकी सूचनाओं (Real Time Ecological Data) तक पहुंच बनाने तथा पर्यावरण में परिवर्तन का प्रतिउत्तर देता है।

बायोप्रॉस्पेक्टिंग

  • इस शब्द का उपयोग नये तथा उपयोगी जैविक नमूनों तथा युक्तियों (Mechanisms ) की खोज के लिए किया जाता है, जो विकासशील देशों में या तो बिना स्थानीय ज्ञान या स्थानीय ज्ञान के सहयोग से की गई है। इस प्रकार बायोप्रास्पेक्टिंग में बायोपाइरेसी भी शामिल है तथा इसमें प्राणियों में खोजे गए ऐसे तत्व भी शामिल हैं, जिसका कभी भी स्थानीय स्तर पर दवा बनाने में उपयोग नहीं किया गया है। 

सामूहिक विलुप्तीकरण (Mass Extinction)

  • एक घटना जिसके तहत् वैश्विक रूप से पृथ्वी की प्रजातियों का एक वृहद् अनुपात अपेक्षाकृत कम समय मे विलुप्ति की परिधि में आ जाता है।

मोर मृदा (Mor Soil)

  • यह ऊपरी कूड़े की परत तथा जीवाणुओं और कवकों द्वारा किए गए अपघटन से निर्मित होती है।

मुल मृदा (Mull Soil)

  • इसमें वृहद मृदा जीव (विशेषतः केंचुओं की अधिकता) होते है जो ऊपरी मृदा में कार्बनिक पदार्थों की मात्रा को बढ़ाते है, जिससे सक्रिय जीवाणु अपघटन होता है।

द्वितीयक वायु प्रदूषकः

  • हानिकारक रसायन जो प्राथमिक प्रदूषकों के मध्य होने वाली रासायनिक अभिक्रियाओं से उत्पन्न होते हैं।

नाभिकीय विकिरण

  • यूरेनियम जैसे किसी रेडियोधर्मी तत्व का क्षय होने पर उससे विकिरित होने वाले ऊर्जा कण या किरणें. 

नितल क्षेत्र:

  • सागरों या महासागरों की 200 मी. से लेकर 1500 मी. के बीच की गहराई में विद्यमान मध्यस्तरीय क्षेत्र जहाँ धुंधला प्रकाश रहता है।

सुपोषण (Eutrophication)

  •  नाइट्रोजन या फॉस्फोरस जैसे रासायनिक पोषक तत्वों का किसी ठहरे हुए जल निकाय में मिलने के कारण कारण कुछ प्रजातियों की अत्यधिक वृद्धि को प्रोत्साहन मिलता है और कई अन्य प्रजातियाँ नष्ट हो जाती है ।

यूवी विधिः 

  • पानी में हानिकारक जीवों को मारने के लिए पराबैंगनी विकिरण का प्रयोग।

वायुमंडल (Atmosphere):

  • पृथ्वी के चारों ओर व्याप्त गैसीय आवरण को वायुमण्डल कहते हैं।

वन्यजीव गलियारा (Wildlife Corridor) हरित गलियारा (Green Corridor) :

  • वन्य जीवों के आवास का वह क्षेत्र है, जो मानव गतिविधियों द्वारा अलग कर दिए गए वन्यजीव जनसंख्या को जोड़ता है। यह जनसंख्या के बीच व्यष्टि ( Individual ) के स्थानांतरण की अनुमति देता है जो अंतरप्रजनन (Interbreeding) के नकारात्मक प्रभावों तथा आनुवंशिक विविधता में कमी को रोकता है ।

वाटर फुटप्रिंट

  • स्वच्छ जल की वह मात्रा जो एक व्यापार उद्योग द्वारा उत्पादित या एक व्यक्ति या समुदाय द्वारा उपभोग की जाने वाली सेवाओं और वस्तुओं के उत्पादन में प्रयुक्त होती है। 

विनाइट्रीकरण

  • विनाइट्रीकारक जीवाणुओं द्वारा मृदा में नाइट्रेट का जैविक अपचयन।

स्वपारिस्थितिकी ( Autecology)

  • किसी भी पारिस्थितिक तंत्र में केवल एक प्रजाति के पारिस्थितिक सम्बन्धों के अध्ययन को स्वपारिस्थितिकी कहते हैं।

समुदाय (Community)

  • एक विशेष क्षेत्र में रहने वाले विभिन्न प्रजातियों के जीवों की कुल संख्या को समुदाय कहते हैं.

सकल प्राथमिक उत्पादन (Gross Primary Production)

  • किसी पारिस्थितिक तंत्र में हरे पौधों द्वारा उत्पादित जैविक पदार्थों के सकल भार को सकल प्राथमिक उत्पादन कहते हैं।

संख्या पिरामिड (Number Pyramids )

  • पारिस्थितिक तंत्र में आहार श्रृंखला के विभिन्न पोषण स्तरों (Trophic Levels ) पर विद्यमान जीवों की संख्या के पिरामिड को संख्या पिरामिड कहते हैं ।

सहभोजिता

  • दो प्रजातियों के बीच एक सहजीवी सम्बन्ध जिसमें एक प्रजाति सम्बन्ध से लाभ उठाती है तथा दूसरी प्रजाति न तो लाभान्वित होती है और न ही हानि उठाती है।

संकेतक प्रजाति (Indicator Species )

  • एक प्रजाति जिसकी उपस्थिति, अनुपस्थिति और प्रचुरता एक विशिष्ट पर्यावरणीय दशा को प्रतिबिम्बित करती है। जैसे- लाइकेन

समुद्री संरक्षित क्षेत्र (एमपीए)

  • एक समुद्री पारितंत्र और उसकी प्राकृतिक प्रक्रियाओं, पर्यावासों और प्रजातियों को संरक्षित करने के लिए एक देश द्वारा गठित क्षेत्र।

सवाना

  • छोटे-छोटे वृक्षों के व्यापक रूप से बिखरे हुए झुंडों वाला उष्णकटिबंधीय घासक्षेत्र। इन क्षेत्रों में निम्न वर्षापात होता है और लम्बी शुष्क मौसम अवधि होती है।

सामाजिक वानिकी

  • बंजर भूमि या सामान्य भूमि में स्थानीय समुदायों की भागीदारी के साथ किया जाने वाला वृक्षारोपण

शैवाल प्रस्फुटन (Algal Bloom)

  • किसी जलीय तंत्र में शैवालों की संख्या में तीव्र गति से वृद्धि शैवाल प्रस्फुटन कहलाता है। शैवाल प्रस्फुटन सकता है। ताजे जल के साथ-साथ समुद्री पर्यावरण में भी हो. 

शून्य उत्सर्जन वाहन (Zero-Emission Vehicle)

  • ये वाहन सड़कों पर प्रदूषकों का उत्सर्जन नहीं करते हैं।

शुद्ध ऊर्जा प्राप्ति

  • उच्च गुणवत्ता वाली ऊर्जा की वह प्रयोज्य मात्रा जो कि एक ऊर्जा स्रोत से निष्कर्षित की जा सकती है ।

शहरी ऊष्मा द्वीप

  • एक शहरी क्षेत्र जो कि मानवीय गतिविधियों के कारण अपने आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अधिक गर्म होता है।

शीत निष्क्रियता (Hibernation)

  • यह प्राणियों में असक्रियता तथा उपापचय में गिरावट (Metabolic Depression) की स्थिति है, जिसकी विशेषता अत्यधिक न्यून शारीरिक तापमान, धीमा श्वसन दर तथा न्यूनतम उपापचय दर (Metabolic Rate) है।
  • शीत-निष्क्रियता या शीत निद्रा में जाने वाले प्राणी खाद्य पदार्थों को संरक्षित करते हैं, विशेषतः शीत ऋतु ( Winter) में जब भोजन की उपलब्धता सीमित होती है, संरक्षित ऊर्जा (Energy) तथा शरीर की वसा का धीमी दर से दोहन करते हैं। इस दौरान जानवरों की उपापचय दर (Metabolic Rate) धीमी होती है, जिसमें शारीरिक तापमान में कमी आती है।

हरित गृह प्रभाव (Green House Effect)

  •  कुछ गैसें जैसे-कार्बन डाइऑक्साइड, मीथेन, क्लोरो-फ्लोरो-कार्बन, आदि पृथ्वी के चारों ओर एक ऊष्मा अवरोधक आवरण बनाती जा रही है, जिससे होकर सौर विकिरण पृथ्वी पर आ तो जाते है, परंतु ये गैसें इसे अंतरिक्ष में वापस नहीं जाने देती हैं, जिससे पृथ्वी के वायुमण्डल का तापमान निरंतर बढ़ता जा रहा है। इसे ही हरित गृह प्रभाव कहा जाता है।

 

की-स्टोन प्रजाति (Keystone Species)

  • ऐसी प्रजातियाँ जो किसी समुदाय प्रचुरता तथा जीव भार की अल्पता के बावजूद समुदाय अभिलक्षणों पर प्रभाविता दर्शाती है, की-स्टोन प्रजातियाँ कहलाती हैं। जैसे - उष्ण कटिबंधीय आर्द्र वनों में अंजीर के वृक्ष।

Also Read...

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.