जनवरी 2023 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती | Person in News January 2023 in Hindi

जनवरी 2023 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती 

जनवरी 2023 के चर्चित व्यक्ति एवं प्रमुख जयंती | Person in News January 2023 in Hindi



Person in News January 2023 in Hindi


लुइज़ इंसियो लूला दा सिल्वा

लुइज़ इंसियो लूला दा सिल्वा ने ब्राज़ील के 39वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है। 77 वर्षीय लूला ने अक्तूबर 2022 में जायर बोल्सोनारो को कड़े संघर्ष में हराकर तीसरी बार राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता था। वर्ष 2003 से 2010 तक वर्कर्स पार्टी के अध्यक्ष के रूप में पूर्व यूनियन नेता लूला ने कमोडिटी बूम के दौरान लाखों लोगों के आर्थिक स्तर में सुधार किया था। लुइज़ इंसियो लूला दा सिल्वा वर्कर्स पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में तीन बार असफल होने के बाद उन्होंने वर्ष 2002 में विजय हासिल की और 1 जनवरी, 2003 को राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2006 में पुनः राष्ट्रपति के पद पर चुने गए और 1 जनवरी, 2011 तक इनका कार्यकाल बढ़ाया गया। वर्ष 2006 में इन्हें जवाहर लाल नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


मन्नढ़थू पद्मनाभन जयंती 

प्रधानमंत्री ने मन्ननथू पद्मनाभन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनका जन्म 2 जनवरी, 1878 को केरल में हुआ था। वह दक्षिण-पश्चिमी राज्य केरल के भारतीय समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने वैकोम (1924) और गुरुवयूर (1924) मंदिर-प्रवेश सत्याग्रह एवं अस्पृश्यता विरोधी आंदोलनों में भाग लिया। उन्हें नायर समुदाय का सदस्य, सुधारक और नैतिक मार्गदर्शक माना जाता है। वर्ष 1966 में उन्हें पद्म भूषण प्रदान किया गया। 25 फरवरी, 1970 को उनका निधन हो गया।


सावित्रीबाई फुले की जयंती 

भारत के प्रधान मंत्री ने सावित्रीबाई फुले (1831-97) की 191वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला शिक्षा के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान देने वाली सावित्रीबाई फुले 19वीं सदी की समाज सुधारक थीं।

अपने पति ज्योतिबा फुले के साथ, उन्होंने पूना (1848) में बालिकाओं, शूद्रों और अति-शूद्रों के लिये एक विद्यालय की स्थापना की और अपने घर में बालहत्या प्रतिबन्धक गृह - शिशुहत्या की रोकथाम हेतु गृह की शुरुआत की। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के विषय में जागरूकता बढ़ाने के लिये वर्ष 1852 में महिला सेवा मंडल की भी स्थापना की।

उन्होंने वर्ष 1854 में काव्या फुले और वर्ष 1892 में बावन काशी सुबोध रत्नाकर का प्रकाशन किया। वर्ष 1873 में, फुले ने सामाजिक समता के लिये सत्यशोधक समाज की स्थापना की। फुले परिवार के सदस्यों का भारत के सामाजिक और शैक्षिक इतिहास में एक असाधारण योगदान रहा।


रानी वेलु नचियार जयंती

भारत के प्रधानमंत्री ने रानी वेलु नचियार (3 जनवरी 1730 - 25 दिसंबर 1796) को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। वह वर्ष 1780 के दशक में भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक सत्ता (और आर्कोट के नवाब के बेटे) के खिलाफ लड़ने वाली पहली रानी थीं। रानी वेलु नचियार, जिसे तमिल लोग वीरमंगई के नाम से जानते हैं, रामनाथपुरम (तमिलनाडु) के रामनाद साम्राज्य की राजकुमारी थीं। फ्रेंच, अंग्रेज़ी और उर्दू जैसी भाषाओं में दक्षता के साथ-साथ उन्हें वल्लारी, सिलंबम, घुड़सवारी और तीरंदाज़ी जैसी मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित किया गया था। वह पति मुथुवदुगनाथपेरिया उदययथेवर की मृत्यु के बाद वर्ष 1780 में शिवगंगई (तमिलनाडु) की रानी के रूप में उत्तराधिकारी बनी।


साक्षी मलिक पहली महिला भारतीय ओलंपिक पदक विजेता

साक्षी मलिक भारतीय फ्रीस्टाइल रेसलर/पहलवान हैं। वर्ष 2016 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में उन्होंने 58 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता, वह ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान और देश की चौथी महिला ओलंपिक पदक विजेता बनीं। ओलंपिक खेल अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (International Olympic Committee- IOC) द्वारा आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय खेल उत्सव है, इसका आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में किया जाता है। पिछला ओलंपिक खेल 2022 में बीजिंग, चीन में आयोजित किया गया था और आगामी ओलंपिक खेल 2024 में पेरिस, फ्राँस में आयोजित किया जाएगा।


प्रवीण शर्मा होंगे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के नए निदेशक

प्रवीण शर्मा को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन) का निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शर्मा को पदभार ग्रहण करने की तिथि से या अगले आदेश तक पाँच वर्ष की अवधि के लिये केंद्रीय कर्मचारी योजना के तहत पद पर नियुक्त किया गया है। प्रवीण शर्मा 2005 बैच के इंडियन डिफेंस सर्विस ऑफ इंजीनियर्स (IDSE) के अधिकारी हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) “आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY)” नामक भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने के लिये ज़िम्मेदार शीर्ष निकाय है, राष्ट्रीय स्तर पर PM-JAY को लागू करने के लिये NHA की स्थापना की गई थी। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की शुरुआत 27 सितंबर, 2021 को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी, इसका उद्देश्य सभी भारतीय नागरिकों को अस्पतालों, बीमा फर्मों और आवश्यकता पड़ने पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक पहुँचने में मदद करने हेतु डिजिटल स्वास्थ्य आईडी प्रदान करना है। यह न केवल अस्पतालों की प्रक्रियाओं को सरल बनाता है बल्कि जीवन की सुगमता को भी बढ़ाता है।


क्रिस हिपकिंस

न्यूज़ीलैंड के वर्तमान पुलिस, शिक्षा और सार्वजनिक सेवा मंत्री क्रिस हिपकिंस (Chris Hipkins) अगले प्रधानमंत्री के रूप में जैसिंडा अर्डर्न (Jacinda Ardern) के स्थान पर पदभार ग्रहण करेंगे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, प्रधानमंत्री पद हेतु चुनाव में एकमात्र नेता क्रिस हिपकिंस का चुनाव सबसे पहले लेबर पार्टी के नेता के रूप में किया जाएगा और प्रतिनिधि सभा में पार्टी द्वारा औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री घोषित किया जाएगा। 7 फरवरी को वर्तमान प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न अपना इस्तीफा देने वाली हैं और उसी दिन गवर्नर जनरल किंग चार्ल्स III की ओर से क्रिस हिपकिंस को प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया जाएगा। 44 वर्षीय क्रिस हिपकिंस पहली बार वर्ष 2008 में सांसद चुने गए थे। क्रिस हिपकिंस का नाम उस वक्त काफी चर्चा में रहा जब उन्हें कोरोना काल के दौरान नवंबर 2020 में कोविड-19 से निपटने हेतु बतौर विशेष मंत्री नियुक्त किया गया था। उन्होंने कोरोना काल के दौरान न्यूज़ीलैंड में लॉकडाउन लगाकर कोरोना को फैलने से रोकने में मदद की। देश में कोरोना का पहला केस मिलते ही हिपकिंस ने लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी, इसके अतिरिक्त देश में बढ़ते अपराध को देखते हुए उन्हें पुलिस मंत्री के तौर पर भी नियुक्त किया गया था।


लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा

74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्यपथ (पहले राजपथ) पर आयोजित परेड में भारतीय सेना ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया। इस वर्ष की परेड का नेतृत्त्व महिला जवानों ने भी किया। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड- 2023 में कर्तव्य पथ पर भारत में निर्मित (मेड इन इंडिया) मिसाइल प्रणाली "आकाश" का नेतृत्त्व किया। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा वायु रक्षा रेजिमेंट में सैन्य अधिकारी हैं। वायु रक्षा रेजिमेंट का उद्देश्य देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये आकाश को ड्रोन और दुश्मन के विमानों से बचाना है। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा राजस्थान के खाटू श्याम गाँव की रहने वाली हैं। बचपन से ही उन्होंने सेना में कॅरियर बनाने का लक्ष्य रखा था। चेतना शर्मा ने एनआईटी भोपाल से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा प्रवेश परीक्षा के लिये प्रयास किया, जिसमें उन्होंने 6वें प्रयास में सफलता प्राप्त की।

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.