अल्पविराम का अर्थ एवं उपयोग | Hindi Grammar Comma Use

हिन्दी में अल्पविराम का उपयोग कहाँ और क्यों किया जाता है 

अल्पविराम का अर्थ एवं उपयोग | Hindi Grammar Comma Use


अल्पविराम' का अर्थ

हिन्दी में प्रयुक्त विरामचिह्नों में अल्पविराम का प्रयोग सबसे अधिक होता है।'अल्पविराम' का अर्थ है थोड़ी देर के लिए रुकना या ठहरना। हर लेखक को अपनी विभिन्न मनोदशाओं से गुजरना पड़ता है। कुछ मनोदशाएँ ऐसी हैं, जहाँ लेखक को अल्पविराम का उपयोग करना पड़ता है। 


हिन्दी में अल्पविराम का उपयोग कहाँ किया जाता है 

अल्पविराम के प्रयोग एवं स्थितियाँ 

 

अल्पविराम  उपयोग का नियम 01 

वाक्य में जब दो में से अधिक समान पदों, पदांशों अथवा वाक्यों में संयोजक अव्यय 'और' की गुंजाइश हो वहाँ अल्पविराम का प्रयोग होता है। 

जैसे 

पदों में - राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुहन राजभवन में पधारे। 


वाक्यों में - वह रोज आता है, काम करता है और चला जाता है।

 

इन उदाहरणों में दो से अधिक समान पदों में पार्थक्य दिखाया गया है। कुछ अन्य उदाहरण इस प्रकार हैं-

रमेश, महेश, सुरेश और श्याम घर चले गये। 

उठकर, नहाकर, और खाकर राकेश कॉलेज चला गया। 


अल्पविराम उपयोग का नियम 02 

जहाँ शब्दों की पुनरावृत्ति की जाये और भावतिरेक में उन पर विशेष बल दिया जाए, वहाँ अल्पविराम का प्रयोग होता है।

जैसे- 

  • वह दूर से, बहुत दूर से आ रहा है। 
  • सुनो, सुनो, वह गा रही है। 
  • नहीं, नहीं, ऐसा कभी नहीं हो सकता।

 

यदि ये बातें नाटकीय ढंग से कही जायें, तो अल्पविराम के स्थान पर विस्मयादिबोधक चिह्न लगाए जा सकते हैं।


अल्पविराम उपयोग का नियम 03

 

यदि वाक्य में कोई अन्तर्वर्ती पदांश या अर्द्धविराम आ जाये, तो अल्पविराम का प्रयोग किया जा सकता है। 


  • जैसे श्री भवानीलाल देसाई के युग का ग्रामसेवक, जेल में गया हुआ सत्याग्रही कहानी लेखक, अब कहाँ है? 
  • क्रोध, चाहे जैसा भी हो, मनुष्य को दुर्बल बनाता है। 
  • उपन्यास की सम्भावनाएँ अब क्या हैं और विशेषकर मेरे लिए कितनी क्या हो सकती हैं, यह नहीं जानता।
  • सेठ रामसिंह, चारों बेटों के नाम, कुल 15,000 रुपए छोड़ गये थे।

 

इस प्रकार के अन्तर्वर्ती उपवाक्य खण्डों में अल्पविराम का प्रयोग प्रायः अंग्रेजी की वाक्य-रचना का प्रभाव लिए होता है । हिन्दी कथा साहित्य में आज इसका प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है।

 

जैसे- हिन्दी में अँगरेजी के अनुकरण पर निम्नलिखित वाक्यों में अल्पविराम का प्रयोग हुआ है।

 

  • निश्चय ही, यह सत्य है। 
  • फिर भी, वह एक अच्छा आदमी है। 
  • किन्तु, मैं, ऐसा नहीं कर सकता। 
  • तो, तुम जा सकते हो। 
  • और, एक तुम हो ।
 

अल्पविराम उपयोग का नियम 04

यदि वाक्य के बीच पर, इसीसे, इसलिए, किन्तु, परन्तु, अतः क्यों, क्योंकि, जिससे, तथापि इत्यादि अव्ययों का प्रयोग होता है, तो इनके पहले अल्पविराम लगाया जा सकता है। 

जैसे-

  •  यह लड़का पढ़ने में तेज है, इसीसे लोग इसे चाहते हैं। 
  • आज मैं स्कूल नहीं जाऊँगा, क्योंकि काम पूरा नहीं किया है। 
  • ऐसा कोई काम न करो, जिससे तुम्हारी बदनामी हो । 
  • उसने परिश्रम किया, अतएव परीक्षा में उत्तीर्ण हुआ ।

अल्पविराम उपयोग का नियम 05

जहाँ किसी व्यक्ति को सम्बोधित किया जाये, वहाँ अल्पविराम लगता है। 

जैसे 

  • सज्जनों, समय आ गया है, सावधान हो जाओ।
  • प्रिय महाशय, मैं आपका आभारी हूँ। 
  • रोहन, अब तुम घर जा सकते हो।

 

अल्पविराम उपयोग का नियम 06 

यदि वाक्य में प्रयुक्त किसी व्यक्ति या वस्तु की विशिष्टता किसी सम्बन्धवाचक सर्वनाम के माध्यम से बतानी हो, तो वहाँ अल्पविराम का प्रयोग निम्नलिखित रीति से किया जा सकता है -

 

  • मेरा भाई, जो एक डॉक्टर है, ऑस्ट्रेलिया गया है। 
  • दो यात्री, जो बस दुर्घटना के शिकार हुए थे, अब अच्छे हैं। 
  • यह कहानी, जो किसी गरीब किसान के जीवन से सम्बद्ध है, बड़ी मार्मिक है।

 

अल्पविराम उपयोग का नियम 07 

जिस वाक्य में 'वह', 'यह', 'तब', 'तो', ‘या’, 'अब' इत्यादि लुप्त हों, वहाँ अल्पविराम का प्रयोग किया जा सकता हैं। 

जैसे-

  •  मैं जो कहता हूँ, कान लगाकर सुनो । (यहाँ 'वहाँ' लुप्त है) 
  • उन्हें कब छुट्टी मिलेगी, कह नहीं सकता। (यहाँ 'यह' लुप्त है।)
  • कहना था सो कह दिया, तुम जानो । (यहाँ 'अब' लुप्त है।) 
  • वह जहाँ जाता है, बैठ जाता है। (यहाँ 'वहाँ' लुप्त है । )


अल्पविराम उपयोग का नियम 08 

किसी व्यक्ति की उक्ति के पहले अल्पविराम का प्रयोग होता है। 

जैसे

सोहन ने कहा, "मैं कल इन्दौर जाऊँगा । 

” इस वाक्य को इस प्रकार भी लिखा जा सकता है - 

'सोहन ने कहा कि मैं कल इन्दौर जाऊँगा।' 

कुछ लोग 'कि' के बाद अल्पविराम लगाते हैं, लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं है। 

यथा रमेश ने कहा कि, मैं कल पटना जाऊँगा। ऐसा लिखना गलत है। 'कि' स्वयं अल्पविराम है, अतः इसके बाद एक और अल्पविराम लगाना कोई अर्थ नहीं रखता। 


अल्पविराम उपयोग का नियम 09

बस, हाँ, नहीं, सचमुच, अतः, वस्तुतः, अच्छा जैसे शब्दों से आरम्भ होने वाले वाक्यों में इन शब्दों के बाद अल्पविराम लगता है। 

जैसे-

  • बस, हो गया, रहने दीजिए | 
  • हाँ, तुम ऐसा कह सकते हो। 
  • नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। 
  • वस्तुतः, वह पागल है ।

 

अल्पविराम उपयोग का नियम 10 

जब किसी लम्बे वाक्य में एक अधिक स्वतन्त्र वाक्यांशों का प्रयोग हो, तब अल्पविराम का प्रयोग आवश्यक हो जाता है। 

जैसे

चाहती थी, ऐसे बोलूँ, जैसे कोयल प्रथम किरण से बोलती है, 

जब वह उसमें स्पर्श की सरसराहट भर देती है, 

जो जितना भी धीरे बोलती है, फूलों के खुले मुँह से उतने ही मुखर बोल झर-झर पड़ते हैं।


Hindi Grammar Study Click Here..

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.