UNEP उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट 2026 | UNEP REPORT 2026

 

UNEP उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट  2026 | UNEP REPORT 2026

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम(UNEP)

परिचय: वर्ष 1972 में स्थापित UNEP पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी संस्था है।

UNEP जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता की हानि और प्रदूषण के रूप में विद्यमान तीन प्रमुख वैश्विक पर्यावरणीय संकटों से निपटने के लिये 193 सदस्य देशों को एकजुट करता है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा के मेजबान के रूप में UNEP महत्त्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय समझौतों को सुगम बनाता है तथा सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को बढ़ावा देता है।

UNEP के प्रमुख प्रमुख प्रकाशन: उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट, स्टेट ऑफ फाइनेंस फॉर नेचर 2026, वैश्विक शीतलन निगरानी रिपोर्ट और वैश्विक पर्यावरण परिदृश्य।

1. UNEP उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट क्या है?

उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट (EGR) मौजूदा जलवायु प्रतिबद्धताओं के तहत अनुमानित वैश्विक उत्सर्जन और पेरिस समझौते के तापमान लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिये आवश्यक उत्सर्जन स्तरों के बीच के अंतर का आकलन करती है।

2. जलवायु ओवरशूट का क्या अर्थ है?

जलवायु ओवरशूट (overshoot) का तात्पर्य वैश्विक तापन के अस्थायी रूप से 1.5°C से अधिक बढ़ने और उसके बाद तापमान को पुनः उस सीमा से नीचे लाने के प्रयास से है।

3. राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDC) क्या हैं?

NDC पेरिस समझौते के अंतर्गत राष्ट्रीय जलवायु कार्रवाई योजनाएँ हैं, जिनमें देशों के उत्सर्जन में कमी के लक्ष्य और अन्य जलवायु प्रतिबद्धताएँ निर्धारित की जाती हैं।

4. कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग स्कीम (CCTS) क्या है?

भारत की CCTS एक घरेलू कार्बन बाज़ार स्थापित करती है, जिसका उद्देश्य कार्बन क्रेडिट के व्यापार के माध्यम से उत्सर्जन में कमी के लिये प्रोत्साहन प्रदान करना और औद्योगिक विकार्बनीकरण का समर्थन करना है।

5. जलवायु वार्ताओं में CBDR-RC का क्या महत्त्व है?

साझा किंतु विभेदित उत्तरदायित्व और संबंधित क्षमताएँ (CBDR-RC) इस बात को मान्यता देता है कि सभी देश जलवायु संबंधी उत्तरदायित्व साझा करते हैं, लेकिन उनके दायित्व ऐतिहासिक उत्सर्जन, क्षमताओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं में अंतर को प्रतिबिंबित करने चाहिये।

 UNEP उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट  2026

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने अपनी प्रमुख उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट (EGR) 2026 का 17वाँ संस्करण जारी किया है, जिसका शीर्षक “द पॉइंट ऑफ रिटर्न: 1.5°C के अतिक्रमण के बाद पुनः सीमा के भीतर आने के लिये तत्काल उत्सर्जन कटौती आवश्यक” है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि “नो ऑर लिमिटेड” अतिक्रमण के साथ वैश्विक तापन को 1.5°C तक सीमित करने का अवसर समाप्त हो चुका है। यह रिपोर्ट COP31 (UNFCCC के पक्षकारों का 31वाँ सम्मेलन) (अंताल्या, तुर्किये, नवंबर 2026) से ठीक पहले जारी की गई है।

सारांश

UNEP EGR 2026 वर्तमान उत्सर्जन मार्गों के तहत 1.5°C के अतिक्रमण के अपरिहार्य होने की चेतावनी देती है, जो अपर्याप्त उत्सर्जन कटौती, अपर्याप्त NDCs और तत्काल वैश्विक जलवायु कार्रवाई की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

भारत को जलवायु न्याय, CBDR-RC और विकासात्मक समानता के सिद्धांतों को बनाए रखते हुए नवीकरणीय ऊर्जा में तेज़ी लाने, कार्बन बाज़ारों को सुदृढ़ करने, भारी उद्योगों को डीकार्बोनाइज़ करने और जलवायु वित्त सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

UNEP की उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट 2026 के प्रमुख निष्कर्ष क्या हैं?

“अतिक्रमण रहित” 1.5°C लक्ष्य प्राप्ति की संभावना का समाप्त होना: दशकों से अपर्याप्त जलवायु कार्रवाई के कारण 1.5°C तापन सीमा का अतिक्रमण अपरिहार्य हो गया है।

UNEP के न्यूनतम तापमान अतिक्रमण वाले परिदृश्य में अनुमान लगाया गया है कि चरम तापन को 1.7–1.8°C तक सीमित करने की 66% संभावना और वर्ष 2100 तक इसे पुनः 1.5°C तक लाने की 50% संभावना है, बशर्ते कठोर उत्सर्जन कटौती तत्काल शुरू की जाए।

तत्काल शमन के बिना, वर्तमान स्तर पर उत्सर्जन के प्रत्येक पाँच वर्ष से लगभग 200 GtCO₂ अतिरिक्त उत्सर्जित होगा, जिससे चरम तापन में लगभग 0.1°C की वृद्धि होगी।

इस मार्ग के लिये इस सदी में लगभग 320 GtCO₂ कार्बन डाइऑक्साइड निष्कासन की भी आवश्यकता होगी, जिसकी बड़े पैमाने पर व्यवहार्यता अभी भी अनिश्चित है।

उत्सर्जन के रुझान और बढ़ता अंतर: सशर्त NDCs और 1.5°C के न्यूनतम ओवरशूट लक्ष्य के बीच का अंतर वर्ष 2030 में 5 गीगाटन CO₂e से बढ़कर वर्ष 2035 में 16 गीगाटन CO₂e होने का अनुमान है।

वर्ष 2030 के कार्यान्वयन अंतराल में दिखाई देने वाली कमी मुख्यतः पेरिस समझौते से अमेरिका के बाहर निकलने को दर्शाती है, न कि अधिक मजबूत जलवायु कार्रवाई को।

G20 सदस्य (अफ्रीकी संघ को छोड़कर) वैश्विक ग्रीनहाउस गैस (GHG) उत्सर्जन के लगभग 76% के लिये उत्तरदायी हैं, इसलिये उत्सर्जन अंतराल को कम करने के लिये प्रमुख उत्सर्जकों द्वारा त्वरित कार्रवाई अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।

वर्तमान नीतियों के तहत, केवल छह G20 सदस्यों द्वारा अपने बिना शर्त वर्ष 2030 राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDCs) लक्ष्यों को प्राप्त करने की संभावना है।

तापमान परिदृश्य: 

वर्तमान नीतियों के तहत वर्ष 2100 तक वैश्विक तापमान वृद्धि 2.8°C तक पहुँचने का अनुमान है। यदि सभी NDCs लागू किये जाते हैं तो यह घटकर 2.6°C और यदि सभी नेट-ज़ीरो प्रतिबद्धताएँ भी पूरी की जाती हैं तो 2.1°C तक हो सकती है।

पेरिस समझौते के तहत किये गए प्रयासों ने अनुमानित तापमान वृद्धि को 4°C से घटाकर 2.8°C कर दिया है, लेकिन यह अभी भी 1.5°C के लक्ष्य से अधिक है।

प्रथम GST के परिणामों पर प्रगति: COP-28 में प्रथम ग्लोबल स्टॉकटेक (Global Stocktake—GST) में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तीन गुना करने, वर्ष 2030 तक ऊर्जा दक्षता में सुधार की दर को दोगुना करने, जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने, मीथेन उत्सर्जन को कम करने और वनोंन्मूलन को रोकने का आह्वान किया गया था।

प्रगति स्पष्ट है, क्योंकि नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वर्ष 2015 में किये गए अनुमान की तुलना में तीन गुना तेजी से और सौर पीवी सात गुना तेजी से बढ़ रही है।

वर्ष 2030 तक वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 11,500 GW तक पहुँच सकती है, जबकि विश्व स्तर पर बेची जाने वाली लगभग प्रत्येक चार कारों में से एक इलेक्ट्रिक वाहन है। हालाँकि, जीवाश्म ईंधन की खपत और सब्सिडी में वृद्धि जारी है।

वर्ष 2030 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये वनोंन्मूलन में दस गुना से भी अधिक तेजी से कमी करनी होगी। अतः जीवाश्म ईंधनों के उपयोग में कमी और गैर-CO₂ उत्सर्जनों पर अधिक प्रभावी कार्रवाई के बिना केवल नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार पर्याप्त नहीं है।

राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDCs): सितंबर 2026 तक वैश्विक उत्सर्जन के 76% का प्रतिनिधित्व करने वाले 124 पक्षकारों ने नए NDCs प्रस्तुत किये थे।

हालाँकि, अनुमानित तापमान वृद्धि पर इनका प्रभाव नगण्य बना हुआ है, क्योंकि उत्सर्जन कटौती के लक्ष्य अभी भी अपर्याप्त हैं।

केवल भारत, ट्यूनीशिया और उज़्बेकिस्तान ने उत्सर्जन-तीव्रता आधारित लक्ष्यों को बनाए रखा है और इनके पूर्ण कार्यान्वयन से 2030 के NDC स्तरों की तुलना में वर्ष 2035 के उत्सर्जन में केवल 3.5–4 GtCO₂e की कमी आएगी।

आवश्यक शमन प्रयास: 1.5°C ओवरशूट को सीमित करने के लिये वर्ष 2025 के स्तर की तुलना में वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में वर्ष 2030 तक 18%, वर्ष 2035 तक 45% और वर्ष 2040 तक 69% की कमी आवश्यक है, जो मौजूदा NDC प्रतिबद्धताओं से काफी अधिक है।

भारत

प्रति व्यक्ति कम उत्सर्जन भार: चीन और अमेरिका के बाद तीसरा सबसे बड़ा कुल उत्सर्जक (लगभग 4.5 गीगाटन CO₂e) होने के बावजूद:

भारत का प्रति व्यक्ति उत्सर्जन (लगभग 3.1 टन CO₂e) विश्व औसत (6.4 टन CO₂e) के आधे से भी कम है, जो साझा किंतु विभेदित उत्तरदायित्व एवं संबंधित क्षमताओं (CBDR-RC) के सिद्धांत को रेखांकित करता है।

राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDCs) अनुपालन: भारत उन केवल छह G20 सदस्यों में से एक है, जिनके द्वारा वर्तमान नीतियों के तहत अपने बिना शर्त वर्ष 2030 लक्ष्यों को प्राप्त करने का अनुमान है। इसका प्रमुख कारण नवीकरणीय ऊर्जा की ओर संरचनात्मक बदलाव और कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग स्कीम (CCTS) तथा पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी मजबूत घरेलू नीतियाँ हैं।

तीव्रता लक्ष्य बनाम पूर्ण उत्सर्जन: हालाँकि, रिपोर्ट एक महत्त्वपूर्ण तथ्य की ओर संकेत करती है कि भारत पूर्ण उत्सर्जन कटौती लक्ष्य के बजाय उत्सर्जन-तीव्रता लक्ष्य का उपयोग करता है। इसलिये GDP वृद्धि के कारण वर्ष 2030 से वर्ष 2035 के बीच पूर्ण उत्सर्जन में वृद्धि होने का अनुमान है।

जलवायु लक्ष्यों को न्यायसंगत और प्रभावी ढंग से प्राप्त करने में प्रमुख चुनौतियाँ क्या हैं?

समानता बनाम महत्त्वाकांक्षा: वैश्विक तापमान वृद्धि को न्यूनतम सीमा तक पहुँचाने वाले मार्ग के लिये सभी प्रमुख उत्सर्जक देशों को उत्सर्जन में व्यापक कटौती करनी होगी।

इससे भारत जैसे विकासशील देशों पर असमान रूप से अधिक दबाव पड़ता है। यह साझा किंतु विभेदित उत्तरदायित्व एवं संबंधित क्षमताओं (CBDR-RC) के सिद्धांत का उल्लंघन करता है, क्योंकि वैश्विक उत्तर के विकसित देशों ने वैश्विक कार्बन बजट का अधिकांश भाग पहले ही उपयोग कर लिया है।

कार्बन डाइऑक्साइड निष्कासन (CDR) पर अप्रमाणित निर्भरता: 1.5°C तापमान सीमा के उल्लंघन के बाद पुनः इस सीमा तक लौटने वाले मार्ग इस शताब्दी के उत्तरार्ध में वायुमंडल से लगभग 320 गीगाटन CO₂ हटाने पर अत्यधिक निर्भर हैं। इसके लिये अप्रमाणित और महँगी प्रौद्योगिकियों का उपयोग प्रस्तावित है। यदि इन प्रौद्योगिकियों का व्यापक स्तर पर विस्तार नहीं हो पाता है, तो इससे विनाशकारी विफलता का जोखिम उत्पन्न होता है।

जलवायु वित्त का गंभीर अभाव: वैश्विक दक्षिण में महत्त्वाकांक्षी ऊर्जा परिवर्तन, जैसे भारत का वर्ष 2035 तक गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित विद्युत क्षमता का लक्ष्य 60% तक पहुँचाना, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता पर निर्भर है।

जलवायु वित्त से संबंधित नए सामूहिक परिमाणित लक्ष्य (NCQG) पर जारी गतिरोध प्रगति को बाधित करता है।

व्यापार के माध्यम से जलवायु नीतियों का दुरुपयोग: यूरोपीय संघ के कार्बन सीमा समायोजन तंत्र (CBAM) जैसे एकतरफा संरक्षणवादी उपायों का क्रियान्वयन विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के निर्यातकों को अनुचित रूप से दंडित करता है। इससे जलवायु कार्रवाई का आर्थिक बोझ वैश्विक दक्षिण पर स्थानांतरित हो जाता है।

क्रियान्वयन का अभाव: दीर्घकालिक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन के वादों और जीवाश्म ईंधनों के उपयोग में चरणबद्ध कमी लाने के लिये आवश्यक तात्कालिक घरेलू विधायी कार्रवाइयों के बीच स्पष्ट अंतर मौजूद है।पढ़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: UNEP की लिमिटिंग ओवरशूट रिपोर्ट: 1.5°C उल्लंघन का प्रबंधन

वैश्विक जलवायु कार्रवाई को सुदृढ़ करने के लिये किन उपायों की आवश्यकता है?

वैश्विक स्तर पर

भविष्य के राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (NDCs) को सुदृढ़ करना: देशों को मौजूदा प्रतिबद्धताओं के क्रियान्वयन में तेजी लानी चाहिये तथा वर्ष 2028 में होने वाले दूसरे वैश्विक आकलन (Global Stocktake) का उपयोग अधिक सशक्त और संपूर्ण अर्थव्यवस्था को शामिल करने वाले उत्सर्जन कटौती लक्ष्यों, विशेषकर वर्ष 2040 के लक्ष्यों, को निर्धारित करने के लिये करना चाहिये।

सब्सिडी का पुनर्निर्देशन: वैश्विक समुदाय को जीवाश्म ईंधनों पर दी जाने वाली 920 अरब अमेरिकी डॉलर की सब्सिडी को तत्काल चरणबद्ध तरीके से समाप्त करना चाहिये तथा इन निधियों को हरित प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण और संवेदनशील देशों में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुकूलन के लिये पुनर्निर्देशित करना चाहिये।

जलवायु वित्त की कमी: रियायती जलवायु वित्त की अपर्याप्तता और अनिश्चितता विकासशील देशों की महत्त्वाकांक्षी जलवायु शमन संबंधी उपायों को लागू करने की क्षमता को सीमित करती है। यह नए सामूहिक परिमाणित लक्ष्य (NCQG) के अंतर्गत प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और उन्हें सुदृढ़ करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

भारत

घरेलू कार्बन मूल्य निर्धारण को क्रियाशील बनाना: CBAM जैसे व्यापारिक अवरोधों से सुरक्षा के लिये भारत को कार्बन क्रेडिट व्यापार योजना (CCTS) का तेजी से विस्तार करना चाहिये और उसकी कड़ी निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिये। इससे घरेलू कार्बन मूल्य निर्धारण तंत्र के माध्यम से अर्जित राजस्व देश के भीतर ही बना रहेगा।

उत्सर्जन में कमी लाना कठिन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना: भारत नवीकरणीय विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन उसे गैर-CO₂ गैसों के उत्सर्जन, विशेषकर कृषि से होने वाले मीथेन उत्सर्जन, को कम करने तथा इस्पात और सीमेंट जैसे भारी उद्योगों को कार्बन-मुक्त बनाने के लिये नीतिगत प्रयास तेज करने चाहिये।

वर्ष 2040 के लिये मार्ग निर्धारित करना: वैश्विक दक्षिण में अपना नेतृत्व बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय दबाव को कम करने के लिये भारत को यह निर्धारित करने हेतु एक रूपरेखा तैयार करनी चाहिए कि उसका कुल उत्सर्जन किस समय अपने उच्चतम स्तर पर पहुँचेगा। यह रूपरेखा वर्ष 2070 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन प्राप्त करने की उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के अनुरूप होनी चाहिये।

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.